किसान ना हो परेशान,कार्यकर्ताओं को दें सम्मान:उप मुख्यमंत्री

तहसील, थाना और ब्लॉक की कार्यशैली सुधरेगी तो सरकार की छवि भी निखरेगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद बरेली के समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अस्पतालों को चादर, तकीये के कवर आदि की आपूर्ति की की सराहना, इसे प्रदेश स्तर पर मॉडल के रूप में प्रयोग करने के दिए निर्देश। किसान ना हो परेशान, कार्यकर्ताओं को दें सम्मान की दी हिदायत।

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली के समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। उप मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम अप्रैल माह में ली गई अपनी समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि नियमानुसार किसानों की उपज खरीद की जाए, इसमें किसी भी कृषक को कोई असुविधा ना हो तथा किसान अपनी निजी जरूरत के लिए अपने खेतों से मिट्टी निकाल कर ले जाता है ,तो उसे कोई परेशानी ना आए, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई ऐसा कार्य ना करें, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो।

ट्रैफिक पुलिस आदि अनावश्यक रूप से आम लोगों को परेशान ना करें यदि वो किसी से बात करना चाहते हैं तो बात करें तथा लोगों को निशुल्क हेलमेट भी बांटे जाएं, जिससे शर्मिदा होकर वह स्वयं भी इस ओर ध्यान दें और बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन पर भी सवारी ना करें। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों को फैलने से रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सावन माह में कांवड़ियों की यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना महत्वपूर्ण कार्य है इस कार्य में पूरी एहतियात बरती जाए। श्रावण माह में समस्त नाथ द्वारों तथा नाथनगरी कें प्रतीकों की साज-सज्जा भी की जाए और जो सबसे अच्छा साज-सज्जा करें उसे पुरस्कृत भी किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व से साज-सज्जा के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए गए हैं इसके साथ ही कांवड़ियों के भण्डारें, चिकित्सा व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जा रही है। महिला कांवड़ियों के लिए अलग से रूकने और शौचालयों आदि की भी व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिये कि श्रावण मास के दौरान जो कट बंद किये जाएं उन्हें श्रावण मास के उपरांत खोल भी दिए जाएं, जिससे आमजन को असुविधा का सामना ना करना पड़े।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि बरेली में एन0एच0 पर निर्धारित मानकों से कम दूरी पर टोल प्लाजा बनाये गये हैं यदि कहीं ऐसा है तो हटवाया जाये। उन्होंने कहा कि व्यवहारिक स्थिति को अभियंताओं के साथ देखा जाए और वस्तुस्थिति को पत्र के माध्यम से भेजें, जिससे शासन स्तर पर भी टोल का शिफ्ट कराने की दिशा में कार्य किया जा सके।

पीएमजीएसवाई के अन्तर्गत जो मार्ग बनने हैं उन पर तेजी से कार्य शुरू कराया जाए। आरईडी को निर्देश दिए कि जो कार्य चल रहे हैं वह गुणवत्तापरक और समय से किया जाए, जिससे शीघ्र इनका लोकार्पण हो सके। बेसिक विद्यालयों में शौचालय का निर्माण करवाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बदायूं रोड पर डलाव घर के बारे में पूछने पर बताया गया कि तीन माह में कार्य पूर्ण हो जाएगा।उन्होंने कहा कि लखनऊ में जो अग्निकांड हुआ था उसके दृष्टिगत सुरक्षा अपनाना जरूरी है लेकिन अनावश्यक लोगों को परेशान ना किया जाए बल्कि मानकों को पूर्ण कराने पर फोकस किया जाए।  

बैठक में निर्देश दिए गए कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में विभाग आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि अभिभावकों को डीबीटी के माध्यम से ड्रेस का पैसा दिया जाता है, ड्रेस बनवाने का कार्य समूह  की दीदियों को प्रशिक्षण प्रदान कर दिया जाये, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ हो। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को भी समझाएं कि डीबीटी के माध्यम से प्राप्त पैसा बच्चों की ड्रेस और जूता-मोजा क्रय करने में ही व्यय करें। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि विद्यालयों में दूध, फल, मसालों आदि की आपूर्ति समूहों के माध्यम से ही करायी जा रही है। इसके साथ ही अस्पतालों में चादरे व तकिया के कवर, ओ0टी0 की यूनिफार्म आदि भी समूह की दीदीयों के माध्यम से आपूर्ति कराए जाने हेतु ए0एम0यू0 साइन किया गया है। जिस पर मा0 उप मुख्यमंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह एक सराहनीय कार्य है इसको शासन को भी भेजा जाए, जिससे यह मॉडल के रूप में अन्य जनपदों में भी प्रयोग हो सके।

बैठक में मा0 उप मुख्यमंत्री ने कहा संज्ञान में आया है कि तहसीलों के माध्यम से जो पत्थरगड़ी होती है तो उसका पालन दबंग किस्म के लोग नहीं करते और पत्थरों को हटा देते हैं ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि चक मार्गों पर भी कहीं दबंगों द्वारा कब्जा किए हुए हैं तो जैसे ही धान की फसल कटती है, चक मार्गों पर से कब्जे हटवाये जायें, इसी प्रकार गोचर भूमि, सरकारी भूमि आदि पर यदि कहीं कब्जा है तो उसे हटवाया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संज्ञान में आया है कि प्राइवेट अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड धारकों से भी पैसा लिया जा रहा है, ऐसा नहीं होना चाहिए, इसका ध्यान रखा जाये तथा 70 प्लस आयु वर्ग वाले सभी व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाये।

बैठक में हर घर जल योजना के अन्तर्गत निर्देश दिए गए कि यदि ऐसी रिपोटिंग की गयी है कि गाँव संतृप्त हो गया है लेकिन प्रत्येक घर को पानी आपूर्ति नहीं हो रही है तो यह स्थिति सही नहीं है सभी को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समस्त प्रकार की पेंशन बढ़ा कर 1500 रुपए प्रतिमाह कर दी गयी हैं इसका लाभ समस्त पात्र लोगों को दिया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील, थाना, ब्लाक में यदि सुधार आ जाये तो सरकार को छवि सुधर जाती है। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर पार्टी इकाई के प्रतिनिधिगण के साथ संबंधित अधिकारी प्रति माह बैठें और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा व निराकरण के बारे में बात की जाए। प्रत्येक शुक्रवार को होने वाली ग्राम चौपालों का कैलेंडर जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराया जाए और ग्राम चौपाल से एक दिन पूर्व सफाई अभियान भी चलाया जाए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री/प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासो को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए तथा अमृत सरोवर में बारिश के मौसम में पानी अवश्य आए ,इसकी व्यवस्था बनाकर रखें। यदि कहीं अवैध कब्जा हटाए जाएं तो यह ध्यान रखें कि गरीब को उजाड़ने से पहले बसाने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी के माध्यम से शहरों की तर्ज पर ग्रामों का भी विकास होगा।बैठक में जिलाध्यक्ष महानगर अधीर सक्सेना ने बरेली कॉलेज के सुदृढ़ीकरण का भी मुद्दा उठाया।

Related Articles

Back to top button