सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में खुली विकास के दावों की पोल। आशियाना कॉलोनी की सड़कों पर हुए भारी जलभराव से लोग परेशान।सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बुनियादी समस्याएँ अब भी जस की तस हैं। आखिर विकास के दावों और ज़मीनी हकीकत में कितना अंतर है?
राकेश यादव
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के आशियाना कॉलोनी की सड़कों पर जगह जगह हुए भारी जलभराव ने विकसित विधानसभा के दावों की पोल खोल दी। सोमवार की सुबह सड़कों पर हुए भारी जलभराव का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा।
आशियाना चौराहे से खजाना चौराहे की ओर आने वाले मुख्य मार्ग पर इतना अधिक जलभराव हुआ कि लोगों को निकलने के लिए दूसरे मार्गो का इस्तेमाल करना पड़ा। इसी प्रकार खजाना चौराहे से पखंडी पुल और साईं मंदिर जाने वाली सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने की वजह से लोगों का निकालन दूभर हो गया था।
कुछ ऐसा ही हाल एलडीए सेक्टर एल, आई और एच में भी दिखाई पड़ा। सेक्टर जे की गलियों में भी काफी पानी भरा दिखी पड़ा। कई जगहों पर नालियों का गंदा पानी भी सड़कों पर दिखाई पड़ा। इस जलभराव की वजह से स्थानीय लोगों के साथ ही साथ राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस जलभराव ने विधानसभा क्षेत्र के विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी।



