शिव भक्तों पर मुख्यमंत्री ने की पुष्पवर्षा

  • मुख्यमंत्री ने जनपद मेरठ में पवित्र कांवड़ यात्रा में सम्मिलित शिव भक्तों का स्वागत किया तथा उन पर पुष्पवर्षा की।
  • कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, समता और राष्ट्रीय एकता का भी संदेश देती
  • श्रद्धा, उत्साह एवं उमंग के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा पूरे प्रदेश में भक्ति का वातावरण निर्मित कर रही।
  • कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं।
  • कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता एवं सेवा केन्द्र संचालित।
  • दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले शिव भक्त भी इस पवित्र कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि श्रद्धा, उत्साह एवं उमंग के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा पूरे प्रदेश में भक्ति का वातावरण बना रही है। प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वागत के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। देवाधिदेव महादेव के भक्त सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनकी आस्था, भक्ति और समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, समता और राष्ट्रीय एकता का भी संदेश देती है। जाति-पाँति, प्रान्त एवं क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्त भगवान शिव की भक्ति में एकाकार होकर श्रद्धा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इससे समाज में आपसी भाईचारे और एकता की भावना को और मजबूती मिलती है।


आज जनपद मेरठ में पवित्र कांवड़ यात्रा में सम्मिलित शिव भक्तों का स्वागत किया तथा उन पर पुष्पवर्षा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर शिव भक्त कांवड़ यात्री अपने-अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं तथा पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धा एवं भक्ति के साथ यात्रा कर रहे हैं। लाखों की संख्या में शिव भक्त इस पवित्र कांवड़ यात्रा से जुड़े हुए हैं। सावन की शिवरात्रि तक गाजियाबाद से हरिद्वार के मध्य लगभग 4 से 4.5 करोड़ शिव भक्त श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ में उन्हें कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मेरठ के जनप्रतिनिधियों ने भी पुष्पवर्षा कार्यक्रम में सहभागिता की। देवाधिदेव महादेव से कामना है कि भगवान शिव सभी भक्तों की मनोकामनाएँ पूर्ण करें तथा देश और प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि एवं सौहार्द का वातावरण निरन्तर बना रहे। मेरठ स्थित प्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मन्दिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मन्दिर, बागपत के पुरामहादेव मन्दिर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न पवित्र शिवालयों में कांवड़ यात्री जलाभिषेक करेंगे।

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले शिव भक्त भी इस पवित्र कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धा और समर्पण के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर सहायता एवं सेवा केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजसेवी संगठनों द्वारा भी जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से कांवड़ यात्रियों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। सरकार एवं समाज के सामूहिक प्रयासों से कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। कांवड़ यात्रियों के स्वागत एवं अभिनन्दन के लिए आज, कल और परसों विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है। प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए उनके स्वागत और सुविधा के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने कांवड़ यात्रा का हवाई अवलोकन करते हुए यात्रा में सम्मिलित शिव भक्तों पर पुष्पवर्षा भी की।

Related Articles

Back to top button