बाढ़ प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से लगातार पहुंचाई जा रही राहत। रुदौली तहसील में 312 परिवारों को राहत किट वितरित, अब तक 1482 राहत किट एवं 803.5 कुंतल भूसा वितरित।
अयोध्या। जनपद में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज तहसील रुदौली स्थित बाढ़ चौकी पस्ता माफी पर विधायक रुदौली रामचंद्र यादव तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट की उपस्थिति में बाढ़ प्रभावित 312 परिवारों के मध्य राहत किट का वितरण किया गया।
राहत किट के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप आवश्यक खाद्य एवं गृह उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी आवश्यकताओं का निरंतर आकलन करते हुए राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
तहसील रुदौली में आज के वितरण को मिलाकर अब तक कुल 1482 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए 803.5 कुंतल भूसा भी वितरित किया गया है, जिससे बाढ़ प्रभावित परिवारों को पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में कल तहसील सोहावल के माझाकला में भी 150 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट का वितरण किया गया था।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता समय से पहुंचाने तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



