देश का युवा सच भी न जाने-अनिता भदेल

एस पी मित्तल

द कश्मीर फाइल्स फिल्म के नाम पर जो माहौल बनाया जा रहा है, उससे हिन्दू मुस्लिम सहित विभिन्न धर्मों के बीच खाई बढ़ेगी-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।मुख्यमंत्री गहलोत चाहते हैं, देश का युवा सच भी न जाने-अनिता भदेल।

90 के दशक में कश्मीर से जिस दर्दनाक माहौल में हिन्दुओं का पलायन हुआ, उस पर बनी द कश्मीर फाइल्स फिल्म को भले ही देश में भारी समर्थन मिल रहा हो, लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का मानना है कि इस फिल्म के नाम पर देश में जो माहौल बनाया जा रहा है, उससे हिन्दू मुस्लिम सहित विभिन्न धर्मों के बीच खाई बढ़ेगी, जो किसी भी प्रकार से देशहित में नहीं है। इस फिल्म को लेकर किसी बहस-मुबाहिसा की आवश्यकता नहीं है। मीडिया और सोशल मीडिया में जिस प्रकार से डिबेट होती है, उससे भाईचारे और सद्भाव का माहौल बिगड़ता है। मीडिया को इससे बचना चाहिए। तत्कालीन परिस्थितियों में क्या हालात थे, उस पर वर्तमान में विवेचना को उचित नहीं कहा जा सकता। उस समय कश्मीर में पंडितों का पलायन हुआ, उसका दर्द सभी देशवासियों को हुआ, चाहे वो किसी भी धर्म का हो।

युवा सच भी न जाने-भदेल–
पूर्व मंत्री और लगातार चौथी बार अजमेर दक्षिण क्षेत्र से भाजपा की विधायक बनी अनिता भदेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भदेल ने कहा कि गहलोत की सोच हमेशा से ही हिन्दू विरोधी रही है। सब जानते हैं कि किन आतंकियों के दबाव में हिन्दुओं को कश्मीर से पलायन करना पड़ा। उस सच्चाई पर अब एक फिल्म बनी है तो गहलोत को उस पर भी ऐतराज है। असल में गहलोत नहीं चाहते हैं कि देश के युवाओं के सामने सच आए, इसलिए फिल्म से माहौल बिगाड़ने की बात कह रहे हैं। देशभर के युवा पिछले एक सप्ताह से सिनेमा घरों में जाकर फिल्म देख रहे हैं, कहीं भी माहौल खराब नहीं हुआ है। असल में दर्दनाक पलायन को लेकर कांग्रेस के समक्ष जो सवाल उठ खड़े हुए हैं, उनका जवाब अशोक गहलोत जैसे कांग्रेस नेताओं के पास भी नहीं है। हिन्दू विरोधी नीतियों का ही नतीजा है कि देश में सिर्फ दो राज्यों में कांग्रेस की सरकार रह गई है। हाल ही के पांच राज्यों के चुनाव में तो कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ हो गया है। अशोक गहलोत चाहे कितना भी जोर लगा लें, राजस्थान की जनता ने अगले वर्ष गहलोत सरकार को हराने का मन बना लिया है। पूरे प्रदेश में गहलोत के खिलाफ एंटी इनकम्बेंसी वेब चल रही है। लोक गहलोत सरकार से त्रस्त आ चुके हैं।

विधायकों की पहल पर फिल्म–
अजमेर शहर के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी और श्रीमती अनिता भदेल की पहल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों को द कश्मीर फाइल्स फिल्म दिखाई गई। भदेल ने 16 मार्च को तथा देवनानी ने 19 मार्च को अजमेर के आईनोक्स सिनेमा हॉल में फिल्म को दिखाया। इसके लिए किसी भी कार्यकर्ता अथवा दर्शक से कोई शुल्क नहीं लिया गया। दोनों विधायकों ने अपने स्तर पर पूरा सिनेमा हाल बुक करवा कर फिल्म को दिखाया। इन दिनों द कश्मीर फाइल्स फिल्म के प्रदर्शन के दौरान देशभक्ति का माहौल भी नजर आ रहा है। उत्साहित युवा जय श्री राम और वन्देमारतम के नारे जोश के साथ लगा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button