सपा महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी

सरोजिनी नायडू जयंती एवं राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में समाजवादी पार्टी के कार्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा, मान सम्मान, बेरोजगारी, शैक्षिक क्षेत्र की समस्याओं एवं अन्य मुद्दों पर ‘समाजवादी महिला घेरा‘ कार्यक्रम सफलता पूर्वक आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में शिरकत की और महिलाओं से सम्बन्धित मसलों पर चर्चा की। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय महिला कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता सेनानी, प्रथम महिला राज्यपाल एवं कवियित्री श्रीमती सरोजिनी नायडू की देश के लिए की गई सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्री यादव ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा संघर्षशील रही है। समाजवादी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लोकतंत्र को ताकत मिली लेकिन भाजपा सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। भाजपा साजिश के तहत लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रासंगिकता समाप्त कर रही है। देश आज संक्रमण के दौर में है। संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश में कृषि की दुर्दशा है। भाजपा सरकार ने किसानों के साथ छल किया है। न तो उनकी आय दुगनी हुई और नहीं उन्हें फसल की लागत का ड्योढ़ा दाम मिला है। आज किसान अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। जनसामान्य को भी भाजपा ने धोखा दिया है। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी किसानों के साथ है। उसकी खेत खलिहान बचाने की लड़ाई में समाजवादी पार्टी भी संघर्षरत है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति जी के अभिभाषण में केन्द्र सरकार की 5 ट्रिलियन डालर इकोनाॅमी का उल्लेख क्यों नहीं है? उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की घोषणा की थी उसका क्या हुआ?

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे एकजुटता के साथ इस बार सन्2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में 90 प्रतिशत मतदान कराने का संकल्प लें। इसके लिए अभी से बूथ स्तर तक पूरी तैयारी करें। भाजपा की साजिशों के प्रति सावधान रहें और जनता के बीच जाकर समाजवादी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करें।

इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सन्2022 के चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करेंगे। प्रदेश के कोने-कोने में वे समाजवादी विचारों का प्रचार प्रसार करेंगे और समाजवादी सरकार बनाएंगे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, तथा बलवंत सिंह रामूवालिया, महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद तूफानी सरोज, विधायक इरफान सोलंकी, एमएलसी उदयवीर सिंह तथा मोहम्मद इदरीश आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button