कारागार में 20 किलो का एक भगोना 20 हज़ार में!

20 किलो का एक भगोना 20 हज़ार में…! कारागार विभाग में भगोना खरीद में गोलमाल।प्रदेश की जेलों के लिए मनमाने दामों पर हो रही खरीद-फ़रोख़्त,मोटे कमीशन की खातिर खरीद लिए 18 लाख रुपये के भगोने।

राकेश यादव

लखनऊ। जेलों पर अधिकारी बन्दियों से अवैध वसूली करके तो वहीं जेल मुख्यालय के अधिकारी अनाप-शनाप  दामों पर आधुनिकीकरण उपकरण के तहत भगोनो की खरीद कर जेब भरने में जुटे हुए है। जेल मुख्यालय ने प्रदेश की जेलों के लिए खरीदे गए भगोनों की खरीद में जमकर खेल किया है। अधिकारियों ने कमीशन की खातिर 20 किलो का एक भगोना 20 हज़ार में खरीद लिया। जेल अफसरों ने कमीशन के लिए 18 लाख रुपये के भगोने खरीद लिए गए। इस सच का खुलासा तब हुआ जब खरीदे गए भगोनो की सप्लाई जेलों पर की गई। कमीशन की खातिर मनमाफिक दामों पर खरीदे गए भगोनो को गुणवत्ता भी ठीक नही है। इस खरीद-फरोख्त की जांच कराई जाए तो भगोना खरीद घोटाले का जिन्न सामने आ जायेगा। 

प्रदेश की 32 जेलों में नैनी को मिले सर्वाधिक 10 भगोने– जेल मुख्यालय ने 32 जेलो के लिए 81 अदद भगोनो की खरीद की है। इसमे सर्वाधिक 10 भगोने केंद्रीय कारागार नैनी के लिये, छह भगोने देवरिया जिला जेल, पांच बरेली जिला जेल, चार-चार भगोने बस्ती, आजमगढ़ व गाज़ियाबाद जेल के लिए खरीदे गए है। इसके साथ ही महराजगंज, मऊ, आगरा सेंट्रल व जिला जेल, बंदायू, बिजनौर, फिरोजाबाद, मथुरा, देवबंद, गाजीपुर,  बागपत, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, शाहजहांपुर, आदर्श कारागार लखनऊ, लखीमपुरखीरी, ललितपुर, महोबा, अम्बेडकरनगर सरीकी करीब आधा दर्जन जेलो को आवश्यकतानुसार एक, दो व तीन भगोने दिए गए है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिसंबर माह में जेल मुख्यालय ने प्रदेश की जेलों में भगोनो की आपूर्ति के लिए भगोना खरीद का टेंडर निकाला। जेल मुख्यालय के शोध अधिकारी (31 दिसंबर 2021 को सेवानिवृत्त) ने 100 लीटर की क्षमता के 81 एसएस भगोना आपूर्ति का ठेका निकाला। प्रदेश कारागारों में स्थापित भोजनालयों में आधुनिकीकरण उपकरण के तहत एसएस भगोनो की आपूर्ति का ठेका अलीगंज की मेसर्स प्रशांत ट्रेडर्स को दिया गया। जैम पोर्टल के तहत क्रय हुए भगोनो की डिलिवरी 20 दिसंबर 21 तक करने के साथ 19 जनवरी 22 तक इसकी आपूर्ति जेलो पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया।

सूत्रों का कहना है कि जेलो में भगोनो की आपूर्ति होने पर भगोनो की खरीद में हुए घोटाले का खुलासा हुआ है। 100 लीटर की क्षमता के 81 अदद भगोनो की खरीद में कमीशन का जमकर खेल किया गया है। बताया गया है कि 1650 रुपये किलो के हिसाब से खरीदे गए एक एसएस भगोने की कीमत 20 हज़ार रुपये से अधिक आई है। 81 अदद भगोनो की कीमत लगभग 18 लाख रुपये आई है। सूत्र बताते है कि जेलो में आपूर्ति किये गए भगोनो की गुणवत्ता भी अच्छी नही है। जिस दाम पर इन्हें क्रय किया गया उसके हिसाब से गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए थी। अधिकारियों ने कमीशन की खातिर अनाप-शनाप दामो पर भगोनो की खरीद कर ली। यह तो एक बानगी है हकीकत यह है कि जेल अधिकारी जेलों में बन्दियों को लूटने में तो मुख्यालय के अधिकारी आधुनिकीकरण उपकरणों को मनमाफिक दामों पर खरीद कर जेब भरने में जुटे हुए है। उधर इस संबंध में जेल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकरियो से संपर्क किया गया तो उन्होंने भगोने खरीदे जाने की बात तो स्वीकार की लेकिन इसके अलावा और कोई भी टिप्पणी करने से यह कहकर इनकार कर दिया कि यह वरिष्ठ अफसरों का मामला है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button