चिल्लूपार में विकास का नया अध्याय: 295 करोड़ से बदलेगी गोरखपुर की तस्वीर

  • मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र की 295 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
  • विकास की प्रक्रिया तथा अर्थव्यवस्था को गति तभी मिलेगी, जब सुशासन तथा सुरक्षा का बेहतरीन माहौल हो एवं आम जनमानस तेजी से विकास प्रक्रिया में आगे बढ़े।
  • चिल्लूपार विधानसभा अब विकास की प्रक्रिया में आगे बढ़ रही, सरकार की विकास की प्रत्येक योजना का लाभ इस विधानसभा एवं इस क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँच रहा।
  • चिल्लूपार में गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतरीन कनेक्टिविटी स्थापित हो चुकी।
  • धुरियापार की बंद चीनी मिल की खाली जमीन पर सरकार द्वारा सी0एन0जी0 का एक प्लाण्ट लगाया गया।
  • सरकार द्वारा धुरियापार तक गीडा का विस्तार हो रहा, यहाँ ग्रेटर गीडा बनाने का कार्य किया जा रहा।
  • धुरियापार में एक सीमेण्ट फैक्ट्री लगने जा रही, यहाँ एक पावर प्लाण्ट, पेण्ट की कम्पनी तथा एक अत्याधुनिक डिस्टलरी निर्माण की कार्यवाही होने जा रही।
  • अच्छे जनप्रतिनिधि विकास के अच्छे प्लेटफॉर्म होते, जनता को इसका लाभ लेकर अपने क्षेत्र को विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

आज गोरखपुर मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में चौमुखी विकास कर रहा : केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत एक नया भारत, जहाँ गरीब कल्याण का कार्य होता, विकास एवं सुरक्षा का बेहतरीन माहौल दिया जाता : मुख्यमंत्री


गोरखपुर। विकास की प्रक्रिया तथा अर्थव्यवस्था को गति तभी मिलेगी, जब सुशासन तथा सुरक्षा का बेहतरीन माहौल हो एवं आम जनमानस तेजी से विकास प्रक्रिया में आगे बढ़े। आज प्रदेश में इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। आज यहाँ पुरुषोत्तम मास के सोमवती आमवस्या के पूर्व चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र को 319 विकास परियोजनाओं की एक बड़ी सौगात प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री आज जनपद गोरखपुर में चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र की 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं की गोदभराई की तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया।


यह क्षेत्र माँ सरयू के आंचल में स्थित है। यहाँ की भूमि अत्यन्त उर्वरा है। यहाँ के नौजवानों ने देश व दुनिया में अपनी प्रतिभा व परिश्रम का लोहा मनवाया है। पहले इस क्षेत्र के लोग बाढ़ के प्रकोप तथा कनेक्टिविटी के अभाव के कारण पलायन करते थे। यहाँ के लोगों को आजीविका के लिए देश-विदेश जाना पड़ता था। आज डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में चिल्लूपार क्षेत्र में विदेश के लोगों को कार्य करने के अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धुरियापार की बंद चीनी मिल की खाली जमीन पर सरकार द्वारा सी0एन0जी0 का एक प्लाण्ट लगाया गया है। यहाँ पराली से सी0एन0जी0 बनाने का कार्य हो रहा है। आज ईंधन के वैश्विक संकट के बावजूद सी0एन0जी0 के कारण हमारा कार्य प्रभावित नहीं हुआ।


इस वैश्विक संकट में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत में महँगाई नियंत्रित है। अमेरिका जैसे देश में आज महँगाई चार गुना तक बढ़ गयी है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत एक नया भारत है, जहाँ गरीब कल्याण का कार्य होता है, विकास एवं सुरक्षा का बेहतरीन माहौल दिया जाता है और माफियाआेंं को मिट्टी में मिलाने का कार्य होता है। पहले कोई नहीं सोचता था कि इस धुरियापार क्षेत्र में इण्डियन ऑयल का सी0एन0जी0 प्लाण्ट लगेगा, किन्तु आज यह हकीकत है। सरकार द्वारा धुरियापार तक गीडा का विस्तार किया जा रहा है। यहाँ ग्रेटर गीडा बनाने का कार्य किया जा रहा है। यहाँ के लिए अभी से हजारों करोड़ों रुपये के उद्योग के प्रस्ताव आ चुके हैं। धुरियापार में एक सीमेण्ट फैक्ट्री लगने जा रही है। यहाँ एक पावर प्लाण्ट, पेण्ट की कम्पनी तथा एक अत्याधुनिक डिस्टलरी निर्माण की कार्यवाही होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एक समय राम-जानकी मार्ग आवागमन के लिए बंद रहता था। यहाँ के लोगों को उपचार के लिए लखनऊ जाना पड़ता था, कनेक्टिविटी तथा यातायात के साधन का अभाव था, किन्तु अब यहाँ सड़कों का जाल बिछ गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यहाँ के लोगों की समस्याओं को बहुत नजदीक से देखा है। यहाँ के लोग संसाधन के अभाव से जूझते थे। विधायक राजेश त्रिपाठी ने यहाँ पर एक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज स्वीकृत कराया था। बाद में उसका काम बंद कर दिया गया। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण का कार्य पूर्ण किया गया। इस क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा, सड़कों के निर्माण आदि कार्य के लिए जो प्रस्ताव आते हैं, उन्हें तुरन्त मंजूरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि जहाँ कनेक्टिविटी अच्छी होती है, वहाँ रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ता है।

Read Also: भारत-बांग्लादेश संबंधों में बढ़ता अविश्वास 


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि चिल्लूपार विधानसभा अब विकास की प्रक्रिया में आगे बढ़ रही है। चिल्लूपार में गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतरीन कनेक्टिविटी स्थापित हो चुकी है। यहाँ से लखनऊ 03 घण्टे, वाराणसी जाने में 02 घण्टे तथा गोरखपुर जाने में 30 मिनट का समय लगता है। इस क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। यहाँ के लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है। इसी क्रम में आज यहाँ इस क्षेत्र के लिए 319 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास का कार्य सम्पन्न हो रहा है। सरकार की विकास की प्रत्येक योजना का लाभ इस विधानसभा एवं इस क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँच रहा है।


विकास की तेज प्रक्रिया ही आज उत्तर प्रदेश की पहचान है। 500 वर्ष पूर्व जिस अयोध्या के मन्दिर के लिए हमारी पीढ़ी दर पीढ़ी आन्दोलित थी, डबल इंजन सरकार ने उसको मूर्त रूप देने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मन्दिर बनाया गया है। जो महापुरुषों को सम्मान नहीं दे सकते, विकास योजना नहीं शुरू कर सकते, नौजवान को रोजगार नहीं दे सकते, उद्योग धंधा नहीं स्थापित कर सकते तथा बेटी की सुरक्षा व सड़कों का निर्माण नहीं कर सकते, ऐसे लोगों को हमें सरकार में नहीं चुनना चाहिए। अब विकास भी हो रहा है तथा नौजवान को नौकरी भी मिल रही है। पुलिस की भर्ती में चिल्लूपार क्षेत्र के युवा भी चयनित हुए हैं। पुलिस भर्ती में गोरखपुर के 800 से अधिक नौजवान भर्ती हुए हैं। आज सरकारी नौकरी में चयनित युवाओं को सरकार द्वारा जब नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होता है, तो उसमें यह पाया जाता है कि गोरखपुर के प्रत्येक क्षेत्र से भी नौजवान चयनित हुए हैं।


वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरियों की भर्ती में पैसों की वसूली की जाती थी। तब प्रदेश के नौजवानों के पास पहचान का संकट था। चिल्लूपार, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ आदि के नाम पर लोग नौकरी नहीं देते थे। योग्य होने के बाद भी उत्तर प्रदेश के युवा को प्रदेश के नाम पर नौकरी नहीं मिलती थी। उस समय उत्तर प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू, अव्यवस्था, माफियागिरी की स्थिति थी। तब प्रदेश में बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। हर व्यक्ति सुरक्षा के लिए चिन्तित रहता था।आज यहाँ डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की एक नई पहचान बनी है। यह पहचान विकास यात्रा की एक नई पहचान है। पहले जब प्रदेश का युवा अन्य प्रदेश में जाता था, तो लोग प्रदेश के नाम पर 10 कदम पीछे हट जाते थे, आज प्रदेश का युवा जब अन्य प्रदेश में जाता है, तो लोग उनसे गले मिलने के लिए 10 कदम स्वयं आगे आते हैं।


प्रदेश सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि हम विकास भी करेंगे, आस्था का सम्मान भी करेंगे तथा प्रदेश को समृद्धि की नई ऊँचाई पर ले जाएंगे। इस क्षेत्र की समृद्धि के लिए इकाईयाँ व उद्योग लगने जा रहे हैं। इससे यहाँ के नौजवानों को उनके घर के पास रोजगार प्राप्त होगा। प्रदेश सरकार नौजवानों को उद्योगों की माँग के अनुसार कौशल व शिक्षा देने के लिए विभिन्न संस्थान भी स्थापित करेगी, ताकि ट्रेण्ड मैनपावर के रूप में यहाँ के युवाओं को विकसित किया जा सके। हम यहाँ से नौजवानों को तकनीक में दक्ष बनाकर यहीं पर नौकरी उपलब्ध कराएंगे।


विकास तभी होता है, जब सरकार में अच्छे लोग चुनकर आते हैं। अयोध्या में श्रीराम मन्दिर निर्माण, इस क्षेत्र में रामजानकी मार्ग का निर्माण, श्री काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण, गोरखपुर में फर्टिलाइजर कारखाना व एम्स का निर्माण आदि कार्य अच्छी सरकार चुनने के कारण सम्भव हुए हैं। चिल्लूपार विधानसभा में बड़हलगंज में आयुष मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। धुरियापार में ग्रेटर गीडा का निर्माण करते हुए विकास प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अच्छे जनप्रतिनिधि विकास के अच्छे प्लेटफॉर्म होते हैं। जनता को इसका लाभ लेकर अपने क्षेत्र को विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। विकास और विरासत की इस प्रक्रिया में बिना डरे और बिना झुके, हम सबको आगे बढ़ना चाहिए।


केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज गोरखपुर मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में चौमुखी विकास कर रहा है और विशाल स्वरूप ले चुका है। देश व प्रदेश में आज का दिन इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। पहले यह क्षेत्र बाढ़ की विभीषिका में विलीन हो जाता था, परन्तु आज मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में यह क्षेत्र बाढ़ से निजात ही नहीं पाया है, बल्कि हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के कार्यकाल के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इन 12 वर्षों में भारत ने देश व दुनिया के मंच में अपना लोहा मनवाया है। चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। यहाँ की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, प्रत्येक गाँव मुख्य सड़क से जुड़ गया है और 10 वर्षों में विकास के अद्भुत कार्य हुए हैं। धुरियापार, ग्रेटर धुरियापार के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहाँ पर विभिन्न फैक्ट्रियाँ लगने जा रही हैं। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश, भयमुक्त प्रदेश है। उद्योग के लिए नया माहौल बना है।
कार्यक्रम को विधायक राजेश त्रिपाठी ने भी सम्बोधित किया।

Related Articles

Back to top button