अनिता भदेल की पहल 531 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

अजमेर जिले में भाजपा विधायक विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों पर अघोषित रोक।वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल ने मुख्यमंत्री और प्रतिपक्ष के नेता को पत्र लिखा।विधायक अनिता भदेल की पहल पर 531 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान। इनमें से 326 छात्राएं।

एस0 पी0 मित्तल

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दावा करते हैं कि वे विकास के मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं करते। लेकिन इसके उलट अजमेर जिले में भाजपा विधायक वाले सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों पर अघोषित रोक लगा दी गई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जो 10 करोड़ रुपए की लागत से सड़कें बननी है, उनमें अजमेर जिले में सिर्फ तीन विधानसभा क्षेत्र केकड़ी, मसूदा और किशनगढ़ में ही सड़कों के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। केकड़ी और मसूदा में कांग्रेस के विधायक हैं, जबकि किशनगढ़ में गहलोत सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक हैं। वहीं अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, नसीराबाद, पुष्कर और ब्यावर में बनने वाली सड़कों की वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की गई है। इन पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं। ऐसा नहीं की भाजपा विधायकों वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावों में कई खामियां थी।

राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप क्षेत्रीय विधायकों की अनुशंसा पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों की कमेटी ने ही प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजे हैं। राज्य सरकार के इस भेदभावपूर्ण रवैये पर विधायक वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया को पत्र लिखे हैं। इन पत्रों में सरकार के भेदभावपूर्ण रवैये की जानकारी दी गई है। भाजपा विधायक देवनानी ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत की कथनी और करनी में अंतर है। जो घोषणा विधानसभा में स्वयं मुख्यमंत्री ने की है उस पर भी अमल नहीं हो रहा है। देवनानी ने कहा कि अब इस मामले को विधानसभा में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

531 में से 326 छात्राएं:-

31 जुलाई को अजमेर दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री श्रीमती अनिता भदेल की पहल पर अजमेर शहर के 531 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समाज में लड़कियों में शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 531 में से 326 छात्राओं ने प्रतिभावान विद्यार्थी होने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। सम्मान समारोह में श्रीमती भदेल ने कहा कि छात्रों के मुकाबले छात्राओं की संख्या अधिक होना यह दर्शाता है कि अब परिवार की बेटियां भी पढ़ने में अव्वल हैं। उन्होंने कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है तो फिर समाज का विकास तेजी से होता है। सम्मान समारोह जन सेवा संस्थान के माध्यम से आयोजित किया गया।

संस्था के अध्यक्ष नितेश आत्रेय ने बताया कि सीबीएसई और राज्य शिक्षा बोर्ड में 10वीं और 12वीं के जिन विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं उन्हें सम्मानित किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना है। समारोह में सुप्रसिद्ध उद्योगपति और युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत आरएस चोयल ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने का उद्देश्य सिर्फ नौकरी प्राप्त करना नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं ने जो क्षमता है उसकी धाक विदेशों में भी देखने को मिल रही है। सरकार ने जो नीतियां बनाई है, उसके अंतर्गत देश का युवा स्वयं का उद्योग भी लगा सकता है। उनके पिता ने अजमेर में सराधना में जो छोटा सा उद्योग लगाया था आज वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जिन युवाओं ने सम्मान प्राप्त किया है, उनका उद्देश्य भी एक बड़ा उद्योगपति बनने का होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button