मुख्य सचिव ने धान क्रय केन्द्र एवं किसान कल्याण केन्द्र का किया औचक निरीक्षण



मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी स्थित धान क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान क्रय केन्द्र पर आने वाले किसानों की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने क्रय केन्द्र पर बीकेटी से आने वाले किसान बबलू तिवारी, रामपाल सिंह और अरविंद तिवारी से भुगतान और धान तौलाई के बारे में बातचीत की। किसानों ने बताया कि इस बार तौलाई और भुगतान दोनों आसानी से हो रहा है।इस दौरान मुख्य सचिव ने धान क्रय पर तौलाई और धान की गुणवत्ता को भी बारीकी से जांचा-परखा। उन्होंने केन्द्र के प्रभारी को धान की तौलाई को बढ़ाने का निर्देश भी दिया। तत्पश्चात मुख्य सचिव ने बीकेटी तहसील परिसर में बने किसान कल्याण केन्द्र का भी निरीक्षण किया। केन्द्र के प्रभारी से उन्होंने केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी ली।

किसानों की समस्याओं के समाधान और निराकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने पूछा कि किसान सम्मान निधि से लाभान्वित होने वाले कितने किसान इस केन्द्र से जुड़े हैं। केन्द्र प्रभारी ने बताया कि अभी तक करीब दो लाख 14 हजार किसानों को सम्मान निधि से जोड़ा जा चुका है। मुख्य सचिव ने परिसर से सूचना पट की सूचनाओं को प्रमुखता से पेन्ट करने के निर्देश दिए जिससे कि आने वाले किसानों को सूचनाएं पढ़ने में आसानी हो। इस अवसर पर उन्होंने किसान कल्याण केन्द्र परिसर में आम के पौधे का रोपण भी किया। निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ. देवेश चतुर्वेदी, जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में किसान आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button