बाइक सवार लुटेरों ने महिला से दिन दहाड़े 10 हजार रुपया लूट लिया

अयोध्या/भेलसर। बैंक से पैसा निकाल कर भतीजी के साथ सायकिल से घर लौट रही महिला से दिन दहाड़े बाइक सवार नकाबपोश दो लुटेरों ने 10 हजार रुपया लूट लिया और भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की नाकेबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया।लेकिन सफलता नही मिली।
मवई थाना अंतर्गत बाबा बाजार चौकी क्षेत्र के ग्राम सरैया सुल्तानपुर मजरे मत्था नेवादा निवासी भानमती पत्नी गिजोधर अपनी भतीजी लक्ष्मी के साथ मंगलवार को अपराह्न सायकिल से मीरमऊ ग्रामीण बैंक से रुपया निकालने गई थी।रुपया निकालने के बाद भानमती भतीजी के साथ सायकिल से घर लौट रही थी।जब वह सरैया मोड़ पर भट्ठा के निकट पहुंची तभी बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने महिला को रोक लिया और महिला से झोलेे में रखा 10 हजार रुपया छीन लिया और भाग निकले।लुटेरे बैंक से ही महिला के पीछे लगे थे और सुनसान रास्ता देख घटना को अंजाम दिया।लुटेरे महिला के झोले में रखा आधार कार्ड व बैंक पासबुक भी उठा ले गए।भागते वक़्त लुटेरों का दो जूता हड़बड़ी में वहीं छूट गया।घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर वहां काफी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की।मवई के थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम चेत यादव ने बताया कि तहरीर मिली है।लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जायेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button