पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर किसानों, नौजवानों और आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और युवाओं से किए वादे पूरे नहीं किए। किसान खाद के संकट, फसलों की उचित कीमत और बिचौलियों की मनमानी से परेशान हैं, जबकि नौजवान रोजगार और नौकरी के लिए भटक रहे हैं।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी, खाद संकट, फसलों के उचित मूल्य, बेरोजगारी और निवेश के खोखले दावों को लेकर हमला बोला। 2027 में सपा सरकार बनाने का दावा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों और युवाओं को आगे बढ़ाए बिना देश की तरक्की संभव नहीं है। समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास तथा खुशहाली के लिए काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को डीएपी और यूरिया जैसी जरूरी खाद भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है। गन्ना, आलू और धान उत्पादक किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि बिचौलिये और मुनाफाखोर व्यवस्था पर हावी हैं। इससे किसान और खेती दोनों संकट में हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं के सामने नौकरी, रोजगार और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बड़ी संख्या में शिक्षित नौजवान बेरोजगार हैं और उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप काम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इसके लिए भाजपा सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए निवेश के दावों पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव के मुताबिक, सरकार बड़े-बड़े निवेश के दावे करती है, लेकिन जमीन पर कंपनियों, कारखानों और रोजगार के अवसरों का अपेक्षित विस्तार दिखाई नहीं देता।
उन्होंने भाजपा सरकार पर झूठ, लूट, बेईमानी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बजट का दुरुपयोग हो रहा है और सरकारी संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए तथा भाजपा को शिक्षा और परीक्षा विरोधी सरकार बताया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी, रोजगार और विकास के बजाय नफरत की राजनीति प्रमुख है। उन्होंने चुनावों में बेईमानी और धांधली के जरिए जनता के जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा की चालों को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया होगा और समाजवादी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, महिलाओं और गरीबों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे तथा सभी को सम्मान, अधिकार और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा।



