‘राधे-राधे’ से भी सपा को परेशानी:पंकज चौधरी

  • ‘राधे-राधे’ कहने से भी सपा को परेशानी, यह हमारी आस्था और संस्कृति का हिस्सा।
  • हर पात्र मतदाता का नाम सूची में हो, मताधिकार सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी।
  • पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर पहुंचें।

लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा मुखिया पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि राधे-राधे कहने पर उन्हें आपत्ति क्यों हो रही है? हम सनातन धर्म को मानने वाले हैं और ब्रज की पावन भूमि पर राधे-राधे कहना हमारी स्वाभाविक आस्था और संस्कृति का हिस्सा है। राधे-राधे के संबोधन पर सवाल उठाना समझ से परे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लखनऊ की उत्तर विधानसभा के फ़ैजुल्लगंज में आयोजित ‘मतदाता जोड़ो अभियान में मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में अभियान चला रहे हैं। लोकतंत्र में मतदान हमारी सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ा हथियार है। इसलिए प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि किसी कारणवश नाम छूट गया है या कोई त्रुटि है, तो निर्धारित समय के भीतर उसे ठीक कराने का प्रयास करें, ताकि चुनाव के समय मतदान से वंचित न रहना पड़े। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री श्री अवधेश श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया सह संयोजक श्री हिमांशु दुबे, विधायक श्री नीरज बोरा सहित मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, मतदाता जोड़ो अभियान के मंडल के संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहे।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में उनकी सहायता करें। पार्टी ने 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया है, जिसमें विधायक, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर की टीमों के साथ न्याय पंचायत प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख और बूथ प्रमुख सहित सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक एक महीने का विशेष अभियान (SSR) चलाया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 तथा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसलिये मतदाताओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उनकी भी जिम्मेदारी है कि पार्टी के किसी कार्यकर्ता या समर्थक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी अभियान में आगे बढ़कर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे अपना नाम, पता और आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यकर्ता उनकी मदद कर सकें।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

Related Articles

Back to top button