विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा महिला मोर्चा

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, 403 महिला विस्तारकों के जरिए प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान। लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला संपन्न, आठ राज्यों से पहुंचीं 403 महिला विस्तारक; सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित करने की रणनीति।

लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्रवासी बैठक एवं कार्यशाला लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित की गई, जिसमें आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारक बहनों ने सहभागिता की। कार्यशाला में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर महिलाओं, आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला विस्तारक बहनों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।

बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर घर-घर पहुंचेंगी महिला विस्तारक

राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने महिला विस्तारक बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति दी जाएगी। महिला विस्तारकों को घर-घर पहुंचकर आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचानी है। साथ ही महिलाओं को संगठन से जोड़ते हुए बूथ स्तर पर भाजपा की पहुंच और प्रभाव को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहने वाली है। उन्होंने महिला विस्तारकों से संगठनात्मक एकजुटता के साथ जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

भाजपा की स्टार प्रचारक हैं मातृशक्ति : केशव मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। मातृशक्ति के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें भाजपा की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से जोड़ना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और मां, बहन तथा बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया गया है। महिला विस्तारकों को इसी संदेश के साथ समाज के बीच जाकर महिलाओं से संवाद स्थापित करना है।

हर विधानसभा में संगठन की मजबूत कड़ी बनेंगी महिला विस्तारक

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारक अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचेंगी। प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर कार्य करेंगी। उन्होंने प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति से पूरी ताकत से मैदान में उतरने का आह्वान किया।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ तैयार है। प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मातृशक्ति के संकल्प को आगामी चुनाव में भाजपा की विजय का मजबूत आधार बताया।

महिला शक्ति के सहारे चुनावी जनसंपर्क को धार देने की तैयारी

भाजपा महिला मोर्चा की इस प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के जरिए आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महिला संगठन की सक्रियता बढ़ाने, विधानसभा स्तर पर प्रवास अभियान को मजबूत करने और मतदाताओं के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने की रणनीति सामने आई। आठ राज्यों से आई 403 महिला विस्तारकों की सहभागिता के साथ पार्टी ने मातृशक्ति को अपने चुनावी एवं संगठनात्मक अभियान का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया। अब महिला विस्तारकों के विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास, घर-घर संपर्क और जनसंवाद के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने की तैयारी है।

Related Articles

Back to top button