गोण्डा को योगी सरकार की बड़ी सौगात: 520 करोड़ से अधिक की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास।
गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोण्डा जनपद की मनकापुर एवं गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले गोण्डा जनपद में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक तथा पूरे देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि गोण्डा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज और देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत करती है।
गोण्डा-अयोध्या और बलरामपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर से गोण्डा और गोण्डा से अयोध्या मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी आगे बढ़ाया जाएगा। भारत सरकार इसकी मंजूरी दे चुकी है। मार्ग का चौड़ीकरण पूरा होने के बाद गोण्डा, मनकापुर और अयोध्या के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और कनेक्टिविटी क्षेत्र में निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
मेडिकल कॉलेज और धार्मिक स्थलों का हो रहा विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोण्डा में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज तथा बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। वहीं बलरामपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है। उन्होंने बताया कि बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और बाराही देवी मंदिर के पुनरुद्धार एवं विकास के लिए सरकार धनराशि उपलब्ध करा रही है। इन धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी और सुंदरीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
45 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्डों को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश सरकार अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित करेगी। अब तक प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि इसी सप्ताह 4,500 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दीपावली के तत्काल बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों तथा इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों में 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अग्निवीरों को मिलेगा 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की सेवा पूरी कर वापस आने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार विभाग सहित विभिन्न विभागों में उन्हें अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण और अनुभव प्राप्त युवाओं को प्रदेश की सेवा में सम्मान के साथ अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
गोण्डा की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने गोण्डा की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ की पावन भूमि और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी महाराजा देवी बख्श सिंह की धरती है। इसी क्षेत्र में महर्षि पतंजलि के नाम पर योग की परंपरा आगे बढ़ी। गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी अपने गुरु से रामकथा सुनकर भगवान श्रीराम पर रामायण लिखने की प्रेरणा प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव, 8 नवंबर को दीपावली
मुख्यमंत्री ने लोगों से 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव और 8 नवंबर को दीपावली के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गांव और आसपास के किसी धार्मिक स्थल पर दीपक जलाए। साथ ही किसी गरीब और जरूरतमंद परिवार के घर जाकर उसे भी दीपक तथा दीपावली का उपहार उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का कमजोर और जरूरतमंद वर्ग भी इन खुशियों में शामिल हो। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण के क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुआ है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू सिंह’, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात कुमार वर्मा, प्रेम नारायन पाण्डेय, अजय सिंह, विनय कुमार द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



