AYODHYA: दीपोत्सव की तैयारी तेज,योगी ने परखी व्यवस्थाएं

दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का CM योगी ने लिया जायजा, बोले- तय समय में पूरे हों सभी कार्य।

अयोध्या/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दीपोत्सव का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामकथा पार्क स्थित दीपोत्सव आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक पूरे हो चुके कार्यों और शेष तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने सरयू आरती घाट और तैयार किए जा रहे मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं को आवागमन, दर्शन और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों की लगातार निगरानी करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button