गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ का सपा पर तीखा हमला, बोले- माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है समाजवादी पार्टी।495 करोड़ की गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण, 880 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास; 17 वार्डों को जलभराव से राहत मिलने का दावा।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा को माफिया प्रवृत्ति की पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में गरीबों और व्यापारियों की जमीनों पर कब्जे की घटनाएं होती थीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्रवृत्ति में बदलाव नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने बिछिया पुल के पास आयोजित कार्यक्रम में 495 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार गोड़धोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब 880 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना के दूसरे चरण, सीवरेज योजना जोन-ए तीन और समानांतर सर्विस रोड का शिलान्यास किया।
सपा सरकार पर माफिया संरक्षण के लगाए आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए आरोप लगाया कि उस समय गोरखपुर में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि कई प्रतिष्ठित परिवारों को अपनी जमीन और संपत्ति बचाने के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। सपा पर तीखी टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह समाजवादी पार्टी के लोगों की प्रवृत्ति भी नहीं बदल सकती। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की संपत्ति पर कब्जा करने से पहले अपराधियों को कानून का डर सताता है।
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा को लेकर लोगों के मन में चिंता रहती थी। उनके अनुसार, असुरक्षा के माहौल में बेटियों की शिक्षा और व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था बेहतर होने से निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिला है।
17 वार्डों को जलभराव से मिलेगी राहत
गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण के लोकार्पण को मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से महानगर के 17 वार्डों में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण में आरसीसी नाले के साथ लगभग 17.5 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट का निर्माण पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के दूसरे चरण में करीब 794 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 17 वार्डों के कैचमेंट क्षेत्र में 342 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी और लगभग 45 हजार सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा 27 एमएलडी और 37.5 एमएलडी क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इन कार्यों से रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र की करीब ढाई से तीन लाख आबादी को लाभ मिलने का दावा किया गया है।
बिना मकान तोड़े बनाया गया 7.75 किलोमीटर लंबा नाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाले का निर्माण स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखकर किया गया है। उनके मुताबिक, निर्माण के दौरान पहले से बने मकानों को नुकसान पहुंचाए बिना 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबा आरसीसी नाला तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि नाले के दोनों ओर सीवर लाइन बिछाई गई है। सीवेज के उपचार के बाद ही पानी रामगढ़ ताल में जाएगा, जिससे तालाब की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। नाले के दोनों ओर वैकल्पिक मार्ग के रूप में सड़क और वृक्षारोपण की भी योजना है।
गोरखपुर में विकास और रोजगार के अवसरों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में फोरलेन कनेक्टिविटी, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, फर्टिलाइजर कारखाना, विश्वविद्यालयों, सैनिक स्कूल और आयुष विश्वविद्यालय जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने गीडा को निवेश के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए दावा किया कि पिछले दस वर्षों में वहां करीब 50 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार मिला है। क्षेत्र में चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे उद्योगों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ ताल के आसपास हुए बदलावों का भी उल्लेख किया और कहा कि गोरखपुर अब पर्यटन और निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
दीपावली पर शहीदों के नाम एक दीया जलाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों और सीमा पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाएं। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन देने के लिए मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को अपनाने पर जोर दिया।
बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा विशेष पैकेज
मुख्यमंत्री ने हाल की असमय बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को फसलों के नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार विशेष मुआवजा पैकेज उपलब्ध कराएगी।
सालाना नौ लाख यूनिट बिजली बचाने का दावा
कार्यक्रम में दिखाई गई लघु फिल्म के माध्यम से गोड़धोइया नाला परियोजना और अन्य शहरी विकास कार्यों की जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि एसटीपी में लगाए गए अत्याधुनिक टर्बो ब्लोअर से सालाना करीब नौ लाख यूनिट बिजली की बचत हो रही है।इसके अलावा अमृत योजना के तहत 262 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन और 50 हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन का कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। अमृत-2 योजना के अंतर्गत करीब सवा दो लाख लोगों के लिए पेयजल संबंधी कार्य शुरू किए गए हैं।
गोरखपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री का राजनीतिक संबोधन भी चर्चा में रहा। एक ओर उन्होंने शहर में जलभराव, सीवरेज और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को सरकार की उपलब्धि बताया, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी पर तीखे हमले कर प्रदेश की सियासत को भी गरमा दिया।



