पटरंगा में छुट्टा जानवर का हमला, धान काट रहे किसान गंभीर रूप से घायल। अयोध्या के रुदौली ब्लॉक स्थित पुराय गांव में छुट्टा जानवर के हमले से किसान शिव शंकर यादव गंभीर रूप से घायल। किसान यूनियन ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
अंकुर श्रीवास्तव
पटरंगा (अयोध्या)। विकासखंड रुदौली के पुराय गांव में बुधवार शाम खेत में धान की कटाई कर रहे एक किसान पर छुट्टा जानवर ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में छुट्टा जानवरों से सुरक्षा को लेकर चिंता और भय का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराय गांव निवासी किसान शिव शंकर यादव पुत्र सीताराम यादव बुधवार शाम करीब छह बजे अपने खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक छुट्टा जानवर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
किसान यूनियन नेता रवि शंकर ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि छुट्टा जानवरों के हमलों के कारण किसानों को खेतों में काम करने के दौरान लगातार खतरा बना रहता है। किसान अपनी फसलों की देखभाल और कटाई के लिए खेतों में जाते हैं, लेकिन वहां उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और छुट्टा जानवरों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसान यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
वहीं, इस मामले में खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि छुट्टा जानवरों को पकड़वाकर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की सुरक्षा और छुट्टा जानवरों की समस्या से निपटने के लिए कितने प्रभावी कदम उठाता है। फिलहाल इस घटना ने खेतों में काम करने वाले किसानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



