उत्तर प्रदेश में 12 अक्टूबर को रोजगार महाअभियान, 125 दिन तक काम और लक्ष्य से अधिक मानव दिवस सृजन पर योगी सरकार का जोर।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 12 अक्टूबर को प्रदेशभर में ‘विशेष रोजगार सृजन दिवस’ आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य से अधिक मानव दिवस सृजित कर नया रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों को सम्मानित भी किया जाएगा।
125 दिन तक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय से ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। उन्होंने वीबी-जी राम जी (विकसित भारत-जी राम जी) योजना के तहत ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिन तक अकुशल श्रम रोजगार उपलब्ध कराने और जनोपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर दिया।
ग्राम पंचायतों में पहले से तैयार होंगे काम
केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में योजना के तहत अनुमन्य 375 कार्यों में से ऐसे काम चुने जाएं, जिनसे अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार मिल सके। ग्राम पंचायतों में पर्याप्त संख्या में स्वीकृत कार्य उपलब्ध रखने के साथ वर्क आईडी, जियो टैगिंग, प्राक्कलन और पोर्टल संबंधी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा गया है।
श्रमिकों को समय से काम और मजदूरी देने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि श्रमिकों की मांग के अनुसार ई-मस्टर रोल जारी किए जाएं और पात्र श्रमिकों को वास्तविक रूप से कार्यस्थल पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मजदूरी का समय पर भुगतान, जॉब कार्ड और उपस्थिति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम चौपालों से लेकर ड्रोन निगरानी तक की तैयारी
अभियान में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सांसदों और विधायकों को कार्यस्थलों पर आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया है। अभियान के तहत कार्यस्थलों का निरीक्षण किया जाएगा और कार्यों की शुरुआत तथा प्रगति का रिकॉर्ड रखने के लिए फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र परिवारों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उनकी आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दिया। इस कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



