संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ राजधानी के व्यापारियों की बैठक

संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ राजधानी के व्यापारियों की बैठक, 12 बिंदुओं पर हुई चर्चा।


लखनऊ। राजधानी लखनऊ के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी सदन में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल सहित राजधानी की विभिन्न प्रमुख बाजारों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने संयुक्त पुलिस आयुक्त को व्यापारियों की समस्याओं से संबंधित 12 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रत्येक बिंदु पर चर्चा करते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की गई।


ज्वेलरी और टेंट-कैटरिंग कारोबारियों के लिए गाइडलाइन
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने कहा कि ज्वेलरी कारोबारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि ईमानदारी से कारोबार करने वाले ज्वेलर्स को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।


टेंट एवं कैटरिंग कारोबारियों की समस्याओं पर भी उन्होंने उचित दिशा-निर्देश जारी करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।


बैंक खाते फ्रीज होने का मुद्दा उठा


बैठक में व्यापारियों ने डिजिटल पेमेंट के बाद पुलिस कार्रवाई के चलते बैंक खातों के फ्रीज होने की समस्या भी उठाई। व्यापारियों का कहना था कि ग्राहक से प्राप्त डिजिटल भुगतान के स्रोत की जानकारी व्यापारी को हमेशा नहीं होती, लेकिन दूसरे राज्यों अथवा अन्य स्थानों की पुलिस की कार्रवाई के कारण उनके खाते फ्रीज हो जाते हैं।


संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि यदि किसी व्यापारी का बैंक खाता फ्रीज किया गया है तो वह साइबर सेल अथवा संबंधित थाने को जानकारी दे। उन्होंने ऐसे मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


FIR दर्ज करने में आनाकानी पर सख्त निर्देश


व्यापारियों ने शिकायत की कि कई बार प्राथमिकी दर्ज कराने में अनावश्यक देरी या आनाकानी की जाती है तथा शिकायत में घटना का स्वरूप बदलने के लिए कहा जाता है। इस पर संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी व्यापारी अथवा आम नागरिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने में अनावश्यक आनाकानी नहीं की जाएगी और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
साइबर अपराध में 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील
साइबर अपराध के मामलों में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों से 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत करने और संबंधित थाने को भी सूचना देने की अपील की। व्यापारियों ने साइबर अपराध की शिकायतों पर समय से सहायता नहीं मिलने की समस्या भी बैठक में रखी।


बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण का मुद्दा


भूतनाथ मार्केट, अमीनाबाद, आलमबाग, पत्रकारपुरम सहित कई प्रमुख बाजारों में सड़क और फुटपाथ पर होने वाले अस्थायी अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों का कहना था कि अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाए जाने के बाद कुछ समय में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। व्यापारियों ने स्थानीय स्तर पर इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की।


क्रेन से वाहनों को उठाने की व्यवस्था पर सवाल


अयोध्या रोड, पत्रकारपुरम, अशोक मार्ग और आलमबाग सहित कई क्षेत्रों में क्रेन द्वारा वाहनों को उठाए जाने तथा वाहन स्वामियों से शुल्क लिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि केवल वाहनों को उठाने से पार्किंग और यातायात की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता। उन्होंने व्यवस्था में बदलाव कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की।


बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन से परेशानी


नरही बाजार के मार्ग पर श्रीराम टावर के पास की गई अस्थायी बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन से व्यापारियों तथा आम जनता को हो रही परेशानी का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। इसके अलावा बर्लिंगटन चौराहा, बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के सामने, हुसैनगंज चौराहे से हीवेट रोड की ओर जाने वाले मार्ग सहित अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की गई।


टेंट-कैटरिंग वाहनों को लेकर समस्या


व्यापारियों ने बताया कि टेंट और कैटरिंग कारोबारियों को अपने गोदाम से कार्यक्रम स्थलों तक सामान पहुंचाना पड़ता है। सामान की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए कर्मचारियों का वाहन में रहना आवश्यक होता है, लेकिन कई बार पुलिस द्वारा मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने का हवाला देकर उन्हें परेशान किया जाता है।
व्यापारियों ने इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।


सातों दिन दुकान खोलने की व्यवस्था में समान व्यवहार की मांग
हुसैनाबाद घंटाघर क्षेत्र के व्यापारियों ने श्रम विभाग से संबंधित सातों दिन दुकान खोलने की व्यवस्था का मुद्दा उठाया। व्यापारियों का कहना था कि इस व्यवस्था का लाभ लेने वाले दुकानदारों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग नियम लागू नहीं होने चाहिए।


सर्दियों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी की मांग


व्यापारियों ने आने वाले सर्दी के मौसम को देखते हुए बाजारों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने त्योहारों के मद्देनजर राजधानी की प्रमुख बाजारों में गश्त बढ़ाने की बात कही।


मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण पर भी चर्चा


व्यापारियों ने कहा कि संगठन के पास कई ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनमें मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायतों का कथित रूप से गलत तरीके से निस्तारण कर दिया जाता है। व्यापारियों ने इस मामले में भी उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।


बरामदगी पूरी कराने की मांग


व्यापारियों ने कहा कि चोरी, लूट अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं में अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद भी कई मामलों में व्यापारियों का पूरा माल बरामद नहीं हो पाता। उन्होंने शेष माल की बरामदगी के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की। बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, मोहित कपूर, आशीष गुप्ता, संजीव जैन, अमित अग्रवाल, राजन मिश्रा, अखिल ग्रोवर समेत राजधानी की विभिन्न बाजार समितियों के अध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भूतनाथ मार्केट, अमीनाबाद, आलमबाग, महानगर, खजाना मार्केट, चिनहट, मुंशी पुलिया, कपूरथला, नरही, चारबाग, हुसैनगंज, नाका-गणेशगंज, नखास, बालागंज, विकास नगर, डालीगंज, लेखराज मार्केट सहित राजधानी की विभिन्न बाजारों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button