22 समझौता ज्ञापनों से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को विस्तार, लगभग 1 लाख अमेरिकी डॉलर की व्यावसायिक प्रतिबद्धता।
लखनऊ। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित Uttar Pradesh International Trade Show (UPITS)-2026 में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग की प्रभावी सहभागिता को आयोजकों ने ‘Best Display Award’ से सम्मानित किया। पांच दिवसीय व्यापार मेले का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक किया गया। यह सम्मान राज्य मंत्री, एमएसएमई विभाग हंसराज विश्वकर्मा द्वारा प्रदान किया गया। विभाग की ओर से डॉ. एम.पी. सिंह, संयुक्त निदेशक, अश्वनी कुमार, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी, लोकेश सेंगर, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी और पंकज शाह, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी ने पुरस्कार प्राप्त किया।
खाद्य प्रसंस्करण की क्षमता और निवेश संभावनाओं का प्रदर्शन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित व्यापार मेले में खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने उत्तर प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता, निवेश की संभावनाओं, विभागीय नीतियों एवं योजनाओं और प्रदेश में तैयार किए जा रहे प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। विभाग की सहभागिता एवं गतिविधियों का संचालन बी.एल. मीना, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा राज कमल यादव, विशेष सचिव, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निर्देशन एवं समन्वय में किया गया।
READ ALSO : दुनिया में यूपी की बढ़ती साख का प्रतीक बना इंटरनेशनल ट्रेड शो:भूपेंद्र चौधरी

22 MoUs से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को विस्तार
UPITS-2026 के दौरान विभाग ने देश-विदेश से आए निवेशकों, उद्यमियों, व्यावसायिक संस्थाओं और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान विभिन्न देशों के साथ कुल 22 समझौता ज्ञापन (MoUs) संपादित किए गए। विभाग के अनुसार इन समझौता ज्ञापनों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिली और करीब 1 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल व्यावसायिक प्रतिबद्धता दर्ज की गई।
निवेशकों को नीतियों और योजनाओं की जानकारी
प्रदर्शनी में विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहनों, सुविधाओं और निवेश अवसरों की जानकारी निवेशकों एवं उद्यमियों को दी गई। इसके साथ ही प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, तकनीकी सहयोग, व्यापार विस्तार, मूल्य संवर्धन और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
‘Best Display Award’ बना उपलब्धि
खाद्य प्रसंस्करण विभाग की सक्रिय सहभागिता, प्रस्तुतीकरण, प्रदर्शन और समन्वित प्रयासों को देखते हुए UPITS-2026 के आयोजकों ने विभाग को ‘Best Display Award’ प्रदान किया। विभाग के लिए यह सम्मान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और व्यापार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
किसानों और युवाओं के लिए अवसरों की संभावना
UPITS-2026 के माध्यम से स्थापित अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संपर्क और संपादित समझौता ज्ञापन प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन, तकनीकी सहयोग और निर्यात को बढ़ावा देने में भूमिका निभा सकते हैं। इससे किसानों के उत्पादों में मूल्य संवर्धन के साथ-साथ उद्यमियों और युवाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आय एवं रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने UPITS-2026 की सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों, कार्मिकों, उद्यमियों, निवेशकों और सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



