BRICS के नाम पर आतंकवाद की निंदा का ‘झूठा प्रचार’:प्रमोद तिवारी

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने नई दिल्ली में हुये ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पहलगाम में हुये आतंकवादी हमले की निंदा को लेकर पाकिस्तान के नाम का जिक्र न होने को विदेश नीति की बड़ी कूटनीतिक विफलता कहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स आयोजन शानदार रहा। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि शान.शौकत से हुये ब्रिक्स के संयुक्त घोषणापत्र में पहलगाम में पाक परस्त आतंकवादियों द्वारा निहत्थे निर्दोष भारतीयों की शहादत को लेकर पाक का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले को पहले ही कई देश निंदा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद की नर्सरी है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि ऐसे में संयुक्त घोषणापत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान का निंदा प्रस्ताव में जिक्र न होना सीधे तौर पर आधी अधूरी आलोचना है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार ब्रिक्स के नाम पर आतंकवाद की निंदा का झूठा प्रचार प्रसार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चीन के द्वारा भारतीय भूभाग के अभिन्न अंग अरूणाचल के नक्शे के साथ छेड़छाड़ तथा यूएनओ द्वारा लद्दाख के अक्साई चिन में त्रुटिपूर्ण नक्शा जारी करने के साथ चीन की अनेक अवांछित गतिविधियों पर भी ब्रिक्स के जरिये मोदी सरकार चीनी समकक्ष से जवाबदेही सुनिश्चित नहीं करा पायी। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा पाकिस्तानी गृहमंत्री के हाथों एशिया कप ट्राफी लेने से इंकार करने को टीम का सराहनीय निर्णय कहा है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकवादी हमले को पाकिस्तानी गृहमंत्री मोहसिन नकवी के द्वारा ही संचालित किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे में निर्दोष भारतीयों पर हमला कराने वाले वहां के गृहमंत्री को खुद भारतीय टीम को ट्राफी देने के लिए शर्म महसूस करना चाहिए था।

वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भाजपा शासित एनडीए सरकारों के द्वारा अगले 2029 तक समान नागरिक संहिता लागू करने के बयान को भी आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री पहले बिहार में एनडीए सरकार के नजरिये को देखें। उन्होंने कहा कि बिहार में नितीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने स्पष्ट कर दिया है कि वहां मिलीजुली सरकार है। जेडीयू ने समान नागरिक संहिता पर अभी असहमति भी व्यक्त की है। वहीं उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की पार्टी ने भी इस मुद्दे पर पत्ते नहीं खोले हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने गृहमंत्री पर तंज कसा कि वह पहले एनडीए शासित बिहार के जरिये अपने घर को भी इस मुद्दे पर एकजुट कर लें। सांसद प्रमोद तिवारी का बयान सोमवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।

Related Articles

Back to top button