अखिलेश यादव ने प्रदेश में अन्याय की घटनाओं पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने माता प्रसाद पाण्डेय से की मुलाकात, स्वास्थ्य की जानकारी ली।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय से उनके वृंदावन कॉलोनी, लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने माता प्रसाद पाण्डेय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि “आदरणीय माता प्रसाद पाण्डेय जी अब स्वस्थ हैं। हम सभी लोग उनका हाल-चाल जानने आए हैं।”

प्रदेश में अन्याय की घटनाओं पर अखिलेश ने सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और उससे जुड़े लोग बड़े पैमाने पर अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने गोण्डा में व्यापारी विनोद कुमार निषाद (साहनी) के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतापगढ़, कौशाम्बी समेत प्रदेश के कई जिलों में भी घटनाएं सामने आई हैं। अखिलेश ने कहा कि पीडीए समाज के लोग पीड़ित, दुखी और अपमानित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी व्यक्ति की बात कहने या लिखने पर हत्या हो जाए तो संविधान और कानून कहां है।

सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर नहीं बैठना चाहिए: अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा सरकार में हालात ऐसे हैं कि मंत्री को धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर कहा कि सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर बैठने के बजाय सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि भाजपा के सहयोगी दल का कोई मंत्री सरकार से बाहर जाने की धमकी दे दे तो उसकी हर बात मान ली जाएगी।

कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और अस्पतालों में लोगों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई अस्पताल खुद ही “बीमार” हैं और गरीब इलाज के लिए भटकने को मजबूर है।

आजम खां के मुकदमों को लेकर बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए मोहम्मद आजम खां के खिलाफ मुकदमे लगा रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खां पर लगे मुकदमे उसी तरह वापस लिए जाएंगे, जैसे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने अपने तथा अपने लोगों से जुड़े मुकदमे वापस लिए थे।

भाजपा की बैठकों पर अखिलेश का बड़ा दावा

भाजपा की बैठकों को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि पार्टी में विधायकों के टिकट काटने की सूची तैयार करने के लिए बैठकें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विधायकों के साथ-साथ गठबंधन के सहयोगी दलों के विधायकों के टिकट भी काटने जा रही है। सपा प्रमुख के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button