अखिलेश ने छात्र सभा को दी नई पहचान

सपा छात्रसभा का नया यूनिफॉर्म,सपा छात्र सभा की नई ‘ब्लू पहचान’ लॉन्च, अखिलेश बोले- युवाओं के विचार घोषणा पत्र में शामिल होंगे । ब्लू टी-शर्ट, ब्लू जींस… अखिलेश ने लॉन्च किया सपा छात्रसभा का नया यूनिफॉर्म।’पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन’—छात्रों के लिए अखिलेश का नया मिशन शुरू।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्रसभा का नया यूनिफॉर्म लॉन्च किया। छात्र संगठन के लिए जारी नई ड्रेस में नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस शामिल है, जिस पर समाजवादी छात्रसभा का लोगो अंकित है। इस मौके पर अखिलेश ने इसे केवल ड्रेस नहीं, बल्कि बराबरी, नई सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताया। उन्होंने अगले दो सप्ताह तक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र जागरूकता अभियान चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्रसभा सदस्यता अभियान, संपर्क कार्यक्रम और समाजवादी विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी।

कॉलेजों में चलेगा सदस्यता और जागरूकता अभियान

अखिलेश यादव ने बताया कि पीडीए वृक्षारोपण अभियान के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क किया जाएगा। इस दौरान पर्चा वितरण, सुझाव पत्र भरवाने, संगोष्ठी आयोजित करने और मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान करने जैसे कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई होती है और उसी सोच के साथ समाजवादी छात्रसभा युवाओं को जोड़ने का काम करेगी।

‘यूनिफॉर्म गैरबराबरी खत्म करती है’

अखिलेश यादव ने कहा कि “यूनिफॉर्म सिर्फ यूनिफॉर्म नहीं होती, यह गैरबराबरी खत्म करती है। सब एक जैसे दिखाई देते हैं और इससे यूनिफॉर्मिटी आती है।” उन्होंने कहा कि छात्रसभा के युवा नई सोच और नई विचारधारा के साथ कैंपस में समाजवादी मूल्यों को मजबूत करेंगे।

पीडीए का नया अर्थ बताया

अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मतलब प्रेेम, दया, अपनापन भी है। हम लोग जितने प्रेम से व्यवहार, दया और अपनापन से काम करेंगे, उसी से समाजवादी छात्रसभा और लोगों को जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात वर्षों पुरानी है। सिर्फ न्याय से बात नहीं बनेगी इसलिए पीडीए के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना का काम करेंगे। सपा के सामाजिक न्याय के राज में किसी के साथ भेदभाव,पक्षपात नहीं होगा। इसमें कोई नकारात्मक चीज नहीं होगी। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश की पहचान अनेकता में एकता है। अनेक जाति धर्म के लोग मिलकर कर एक साथ रहते हैं। हमारे महापुरुषों ने वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया। हम लोग उसी रास्ते पर चलकर बंधुराष्ट्र बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग नकारात्मक है। समाज को बांटने का काम करते हैं उनके लिए समाजवादी छात्र सभा का संदेश बंधुराष्ट्र का होगा।
   

छात्रों के सुझाव से बनेगा घोषणा पत्र

अखिलेश यादव ने कहा कि कैंपस में जाकर छात्रसभा के कार्यकर्ता छात्रों के नए विचार और सुझाव जुटाएंगे और समाजवादी पार्टी उन्हें अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और युवाओं की भागीदारी भविष्य की राजनीति तय करेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी प्रोगेसिव एप्रोच, पॉजिटिव सोच, लोकतांत्रिक तरीका, अपने अफरमेटिव और डेमोक्रेटिक एक्शन, सोशलिस्ट विचारधारा को छात्रों के बीच पहुंचाने और पीडीए आंदोलन से छात्रों नौजवानों को जोड़ने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए पॉजिटिव, डेमोक्रेटिक और अफरमेटिव एक्शन के लिए जाना जाता है। वहीं हमारा पीडीए भाजपा सरकार से पीड़ित, दुखी, अपमानित लोगों को जोड़कर काम कर रहा है। हम सब एक सकारात्मक सोच के साथ एकजुट होकर जमीन पर समाजवादी विचारधारा के लिए काम करेंगे।

कैम्ब्रिज-ऑक्सफोर्ड भेजने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने के बाद छात्रसंघों के जीते हुए पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाकर दुनिया के बेहतरीन विश्वविद्यालय कैम्पस कैम्ब्रिज, आक्सफोर्ड और यूरोपियन यूनियन के विश्वविद्यालयों में टाईअप कर भेंजेगे, भविष्य में छात्रसंघ का क्या रूप हो उस दिशा में काम करेंगे। ताकि छात्र नेतृत्व को वैश्विक अनुभव मिल सके।

नीले रंग को बताया लोकतंत्र और संविधान का प्रतीक

अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे खुशी है कि लोगों ने समाजवादी छात्र सभा की नई ड्रेस के नीले रंग को लोकतंत्र, विचारधारा और संविधान से जोड़ा है। नीला रंग बहुजन समाज और बाबा साहब के साथ तो रहा ही है, इधर हम लोग देखते हैं खेल मैदान ग्रीन से ब्लू टर्फ हो गए है। इस नीलू ब्लू कलर में नौजवान अच्छे दिख रहे है। नीले कलर में उम्र कम दिखती है। उन्होंने कहा कि जींस अपने आप में खास कर ब्लू कलर अन्याय के खिलाफ माना जाता है। आज जींस एक फैशन है। हर नौजवान जींस पहनता है। हम नौजवानों को जोड़ने के लिए बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के विचार नकारात्मक हैं। ये लोग रंगों से डरते हैं, नफरत करते हैं। लेकिन भाजपाई भगवान से नहीं डरते हैं। चढ़ावा और चंदा चोरी कर लेते हैं। चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी करने वाले सबसे बड़े बहुरूपिया हैं। नई ड्रेस के नीले रंग पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि लोगों ने इसे लोकतंत्र, संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जोड़कर देखा है। उन्होंने कहा कि ब्लू जींस आज युवाओं की पहचान है और बदलाव का प्रतीक भी।

कार्यक्रम में कई लोगों ने थामा सपा का दामन

इस अवसर पर गोरखपुर की सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला चौहान, पूर्व पार्षद विराट चौहान, अंकुश निषाद, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप निषाद और बीडीसी सदस्य प्रमोद चौहान अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके परिवार के साथ अन्याय हुआ है और न्याय दिलाने के लिए पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।

वेबसाइट क्लोजिंग

समाजवादी छात्रसभा के नए यूनिफॉर्म लॉन्च के साथ सपा ने युवाओं के बीच संगठन को नए रूप में पेश करने की कोशिश की है। सदस्यता अभियान, कैंपस संपर्क और पीडीए के संदेश के जरिए पार्टी अब छात्र राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिख रही है।

Related Articles

Back to top button