संत कबीर नगर में विकास की बड़ी तस्वीर!

  • मुख्यमंत्री ने जनपद संत कबीर नगर में 684 करोड़ रु0 से अधिक धनराशि की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
  • डबल इंजन सरकार विकास के माध्यम से आमजन के जीवन में परिवर्तन लाने, विकास की गति से प्रगति और प्रगति के माध्यम से समृद्धि के नए सोपान स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में युवाओं की स्किलिंग के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया, आई0आई0टी0, आई0आई0एम0, एम्स, मेडिकल कॉलेज, स्किल डेवलपमेण्ट सेण्टर और स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन रहे।
  • संत कबीर के संदेश को समाज तक पहुंचाने और उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में मगहर में कबीर एकेडमी का निर्माण कराया गया।
  • संत कबीर दास जी ने संदेश दिया कि स्वर्ग और नर्क व्यक्ति के कर्मों पर निर्भर, अच्छे कर्म, लोककल्याण और सदाचार के मार्ग पर चलकर व्यक्ति कहीं भी स्वर्ग की अनुभूति कर सकता।
  • प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को भी प्राथमिकता दे रही, बाबा तामेश्वरनाथ धाम में कॉरिडोर निर्माण की दिशा में सरकार कार्य कर रही।
  • बैजूनाथ धाम मन्दिर के सम्बन्ध में धर्मार्थ कार्य विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
  • आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
  • डबल इंजन सरकार ने जापानी इंसेफेलाइटिस के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया और इसे नियंत्रित करने में निर्णायक सफलता हासिल की।
  • संत कबीर नगर में सड़कें, बाईपास, बस स्टेशन, पेयजल व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से सम्बन्धित कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे, रेल एवं सड़क सम्पर्क क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।
  • जनपद संत कबीर नगर में लैंड बैंक तैयार होने के बाद विकास प्राधिकरण के गठन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा, इससे नियोजित विकास को गति मिलेगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
  • गोरखपुर औद्योगिक विकास क्षेत्र यानी गीडा में विगत 09 वर्षों में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ, इनमें संत कबीर नगर के युवा भी शामिल।
  • देश में स्टार्टअप के लिए एक नया ईकोसिस्टम तैयार हुआ, इससे युवा नौकरी तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे।
  • युवाओं की नौकरी, भर्ती या भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
  • मुख्यमंत्री जी ने सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा तामेश्वरनाथ से सभी के उज्ज्वल भविष्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

लखनऊ/संत कबीर नगर। जनपद संत कबीर नगर का सौभाग्य है कि यहां बाबा तामेश्वरनाथ का पवित्र धाम स्थित है। संत कबीर नगर का नाम मध्यकालीन निर्गुण धारा के प्रखर संत कबीर दास जी के नाम पर पड़ा है। संत कबीर दास जी ने पाखण्ड, जाति-पाति के भेदभाव तथा समाज को बांटने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध कड़ा प्रहार किया था। उन्होंने समाज को सदाचार, लोककल्याण एवं अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री आज जनपद संत कबीर नगर में खलीलाबाद एवं मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों की 684 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र तथा टूलकिट आदि प्रदान किये। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को विकास परियोजनाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार विकास के माध्यम से आमजन के जीवन में परिवर्तन लाने, विकास की गति से प्रगति और प्रगति के माध्यम से समृद्धि के नए सोपान स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जी ने सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा तामेश्वरनाथ से सभी के उज्ज्वल भविष्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। संत कबीर दास जी ने यह संदेश दिया कि स्वर्ग और नर्क व्यक्ति के कर्मों पर निर्भर करता है। अच्छे कर्म, लोककल्याण और सदाचार के मार्ग पर चलकर व्यक्ति कहीं भी स्वर्ग की अनुभूति कर सकता है। संत कबीर के संदेश को समाज तक पहुंचाने और उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मगहर में कबीर एकेडमी का निर्माण कराया गया है। संत कबीर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शोध को आगे बढ़ाने के लिए भी सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है।


आज प्रदेश के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति व्यक्त कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ के बाबा औघड़नाथ, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ और बागपत के पुरा महादेव सहित काशी में काशी विश्वनाथ धाम एवं मार्कण्डेय महादेव मन्दिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक कर रहे हैं। प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को भी प्राथमिकता दे रही है। बाबा तामेश्वरनाथ धाम में कॉरिडोर निर्माण की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। धाम के विकास के लिए वहां निवास कर रहे लोगों का सहयोग आवश्यक है। सरकार प्रभावित लोगों को मुआवजा तथा उनके पुनर्वास की व्यवस्था करेगी। सभी लोग सहयोग करें तो आने वाली कई पीढ़ियों के लिए बाबा तामेश्वरनाथ का भव्य और उत्कृष्ट धाम विकसित किया जा सकता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बैजूनाथ धाम मन्दिर के सम्बन्ध में धर्मार्थ कार्य विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वहां भी आवश्यक विकास कार्य कराया जा सके। जनता की आस्था का सम्मान करने वाली सरकार ही आस्था के केन्द्रों का विकास और संरक्षण कर सकती है। बदलता हुआ संत कबीर नगर बदलते हुए उत्तर प्रदेश की कहानी कह रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि विकास के प्रत्येक मुद्दे को मजबूती के साथ उठा रहे हैं। उनका उद्देश्य विकास कार्यों के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। क्षेत्र, विकासखण्ड, विधानसभा और जनपद का विकास कर आमजन के जीवन में प्रगति और प्रगति के माध्यम से समृद्धि लाना सरकार का लक्ष्य है।


आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संत कबीर नगर में बन्द कताई मिल को फिर से प्रारम्भ करने के लिए कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा हों तथा जनपद के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार एवं विकास के अवसर प्राप्त हों। एक समय संत कबीर नगर, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती और गोण्डा सहित अनेक जनपदों में इंसेफेलाइटिस बच्चों और उनके परिवारों के लिए भय का कारण बनी हुई थी। परिवारों में इस बात को लेकर चिन्ता रहती थी कि बीमारी के कारण उनके बच्चों को नुकसान न हो जाए। डबल इंजन सरकार ने इस बीमारी के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया और इसे नियंत्रित करने में निर्णायक सफलता हासिल की।


आज बीमारी के साथ-साथ अपराध और माफिया के खिलाफ भी सरकार ने प्रभावी कार्यवाही की है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पहले पर्व एवं त्योहारों के दौरान धार्मिक आयोजनों, दुर्गा पूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन और रामनवमी की शोभायात्राओं के दौरान प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती थी। आज प्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार हुआ है, जहां लोग बिना भय के अपने धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन कर रहे हैं। अब बेटी और व्यापारी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को मिलाकर संत कबीर नगर में लगभग 95 हजार परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक गरीब परिवारों के घरों में शौचालय का निर्माण कराया गया है। इससे गरीब परिवारों के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत जनपद के 03 लाख से अधिक किसानों के प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके साथ ही वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजनों को दिव्यांग पेंशन तथा निराश्रित महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

वर्तमान सरकार का संकल्प है कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। गरीब परिवारों को बिना किसी सिफारिश के आवास, शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संत कबीर नगर में सड़कें, बाईपास, बस स्टेशन, पेयजल व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से सम्बन्धित कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बहराइच से बस्ती होते हुए खलीलाबाद तक प्रस्तावित रेलवे कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि रेल एवं सड़क संपर्क क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विकास की गति को बढ़ाकर उसे प्रगति और प्रगति को समृद्धि में बदलने का माध्यम है।

जनपद में लैंड बैंक तैयार होने के बाद संत कबीर नगर में विकास प्राधिकरण के गठन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे नियोजित विकास को गति मिलेगी और आने वाले समय में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का और विस्तार होगा। सरकार वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज की दिशा में भी आगे बढ़ रही है, जिससे प्रत्येक जनपद में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिल सकें। पहले गोरखपुर में ही मेडिकल कॉलेज प्रमुख चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा का केन्द्र था। आज गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज के साथ एम्स और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, अम्बेडकर नगर, अयोध्या, जौनपुर, गाजीपुर, चन्दौली, सोनभद्र और मिर्जापुर सहित विभिन्न जनपदों में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार हुआ है। यह बदलाव स्पष्ट नीति, स्वच्छ नीयत और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ किए गए प्रयासों का परिणाम है। इससे गरीब एवं सामान्य परिवारों के बच्चों को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि खलीलाबाद के निकट गोरखपुर औद्योगिक विकास क्षेत्र यानी गीडा में विगत 09 वर्षों में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। इनमें संत कबीर नगर के युवा भी शामिल हैं। क्षेत्र में उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। स्किल डेवलपमेण्ट सेण्टरों के माध्यम से युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ सकें। भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी शक्ति है। लगभग 56 से 60 प्रतिशत युवा जनशक्ति को कौशल से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में युवाओं की स्किलिंग के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। आई0आई0टी0, आई0आई0एम0, एम्स, मेडिकल कॉलेज, स्किल डेवलपमेण्ट सेण्टर और स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन रहे हैं।


वर्ष 2014 से पहले देश में आई0आई0टी0 की संख्या 16 थी, जो अब बढ़कर 23 हो गई है। आई0आई0एम0 की संख्या 13 से बढ़कर 22 हुई है। वर्ष 2014 से पहले देश में 07 एम्स थे, जबकि अब इनकी संख्या 23 हो गई है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 431 से बढ़कर 818 हुई है। एम0बी0बी0एस0 की सीटों की संख्या वर्ष 2014 से पहले 51,348 थी, जो अब बढ़कर 1,28,926 हो गई है। इसी प्रकार मेडिकल पी0जी0 सीटों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह संस्थान केवल शिक्षा के केन्द्र नहीं हैं, बल्कि युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वर्ष 2014 से पहले देश में स्टार्टअप की संख्या 500 से कम थी, जबकि आज देश में 2.23 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। यूनिकॉर्न की संख्या भी पहले 04 थी, जो अब बढ़कर 125 हो गई है। देश में स्टार्टअप के लिए एक नया ईकोसिस्टम तैयार हुआ है। इससे युवा नौकरी तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।


सरकार ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति या संस्था ने युवाओं की नौकरी, भर्ती या भविष्य के साथ खिलवाड़ किया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों की सम्पत्ति जब्त करने और उन्हें आजीवन कारावास की सजा दिलाने तक की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। आज खलीलाबाद एवं मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी लगभग 684 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, आई0टी0आई0, अस्पताल और क्षेत्र की आवश्यकताओं से सम्बन्धित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। सरकार जनपद के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर नगर उनके लिए अपने आंगन जैसा है। गोरखपुर से बेहतर सड़क सम्पर्क के कारण जनपद तक पहुंचना अब पहले की अपेक्षा और सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में विकास और विरासत का अभियान एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। संत कबीर की विरासत को संरक्षित करने के साथ बाबा तामेश्वरनाथ धाम जैसे आस्था के केन्द्रों का विकास किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह एवं सुभाष यदुवंशी, विधायक शंकर राज तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी एवं गणेश चन्द्र चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button