मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का किया शुभारम्भ

  • मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अन्तर्गत ‘तिरंगा यात्रा युवाओं के साथ’ का शुभारम्भ किया।
  • तिरंगा हमारी सादगी, विकास, विरासत तथा भारत की आन-बान-शान का प्रतीकयह तिरंगा यात्रा भारत के प्रत्येक युवा के लिए एक प्रेरणा।
  • पूरे देश में महान क्रान्तिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने हेतु तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ किया जा रहा।
  • यह तिरंगा यात्रा भारत माता के वीर सपूतां तथा हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने और प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र प्रथम के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प।
  • लखनऊ में आज 25,000 से 30,000 युवा तिरंगा यात्रा में सहभागी बन कर राष्ट्र प्रथम और ‘तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प को लेकर राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान देने वाले हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे।
  • प्रधानमंत्री जी के लिए राष्ट्र प्रथम का भाव सर्वोपरि, उन्होंने युवाओं, गरीबों, महिलाओं तथा अन्नदाता किसानों के लिए नई योजनाओं
  • के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच देकर हमारे समक्ष आदर्श प्रस्तुत किया।
  • मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

लखनऊ। आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ (09-17 अगस्त, 2026) के अन्तर्गत मुख्यमंत्री योगी ने ‘तिरंगा यात्रा युवाओं के साथ’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि तिरंगा हमारी सादगी, विकास, विरासत तथा भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। पूरे देश में महान क्रान्तिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने हेतु तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ किया जा रहा है। भारत माता के महान सपूतों तथा संविधान निर्माताओं डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद, बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर, भारत की एकता के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित अन्य वीर सपूतों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने स्वतन्त्र भारत में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृतियों को भी नमन किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने के लिए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों को संज्ञेय अपराध की सूची में रखते हुए दण्डित करने का निर्णय लिया है। भारत में रहते हुए यहां के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को अपमानित करना सम्भव नहीं है। यह वर्ष हमारे लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में वन्दे मातरम् का गान हो रहा है। आज काकोरी ट्रेन एक्शन का 101वां पावन पर्व भी है। आज ही के दिन वर्ष 1925 में पण्डित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खाँ आदि ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर अंग्रेजों की चूलें हिला दी थी। यह तिरंगा यात्रा उन सभी हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने और प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र प्रथम के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प है। यह तिरंगा यात्रा भारत के प्रत्येक युवा के लिए एक प्रेरणा है। हमारा युवा प्रतिभाशाली और ऊर्जा का प्रतीक है। युवा देश की प्रत्येक चुनौती का सामना करने की सामर्थ्य रखता है। युवाओं की ऊर्जा को आगे बढा़ने तथा उचित प्लेटफॉर्म प्रदान करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ किया जा रहा है। ताकि युवा अपने पारम्परिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज की उन चुनौतियों का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार कर सके।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज 25,000 से 30,000 युवा तिरंगा यात्रा में सहभागी बन कर ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प को लेकर राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान देने वाले हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं। यह अपार उत्साह राष्ट्रभक्ति के प्रति बलिदान होने वाले सभी क्रान्तिकारियों और स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का भाव है।


आगामी 15 अगस्त को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया जाएगा। उससे पहले तिरंगा यात्रा के अन्तर्गत यह तिरंगा हमारे घर में लगे। ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प और मंत्र के साथ प्रधानमंत्री जी ने हम सभी को यह अधिकार प्रदान किया है कि अपने घर में तिरंगा लगा सकते हैं। पहले इसके लिए लड़ाई लड़नी पड़ती थी। माननीय न्यायालय की शरण लेनी पड़ती थी। तब तिरंगा अपने घर में लगा पाते थे। प्रधानमंत्री जी ने 140 करोड़ भारतीयों को आजादी दी कि वह आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा को अपने घर के ऊपर लगाएं। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व यह तिरंगा यात्रा उसी स्वतन्त्रता का प्रतीक है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी के मन में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राष्ट्र के प्रतीकों के प्रति यह भाव वर्ष 1947 के तत्काल बाद हो जाना चाहिए था। प्रधानमंत्री जी के लिए राष्ट्र प्रथम का भाव सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं, गरीबों, आधी आबादी महिलाओं तथा अन्नदाता किसानों को नई योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ने का उचित मंच देकर हमारे समक्ष आदर्श प्रस्तुत किया है। आज की तिरंगा यात्रा इसी आदर्श की अभिव्यक्ति है।


मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी सम्बोधित किया। ज्ञातव्य है कि यह तिरंगा यात्रा 05 कालीदास मार्ग, मुख्यमंत्री आवास से होते हुए विधान भवन तक पूरे अनुशासन के साथ तथा भारत माता की जय और वन्दे मातरम् का उद्घोष करते सम्पन्न हुई। बीच-बीच में राष्ट्रभक्ति की धुनें भी गुंजायमान होती रहीं। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जल शक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button