लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आवास के बाहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा किए गए अराजक प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में विशाल विरोध मार्च निकालकर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। वीवीआईपी गेस्ट हाउस से प्रारंभ हुए इस मार्च में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और पार्टी के ध्वज लिए कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी मुर्दाबाद” ‘कांग्रेस – अराजक राजनीति बंद करो‘, ‘प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान‘, “भारत माता की जय” और ‘वंदे मातरम जैसे नारों के साथ कांग्रेस की हमलावर और विघटनकारी राजनीति के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच कर रहे थे, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर उन्हें रोका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए कांग्रेस की जनविरोधी और अराजक राजनीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कल प्रधानमंत्री आवास के बाहर और आज जंतर-मंतर पर कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि उसकी राजनीतिक हताशा का परिचायक है। देश की जनता द्वारा लगातार नकारे जाने के बाद कांग्रेस अब केवल सड़क पर अराजकता फैलाकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री का पद किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लोकतांत्रिक जनादेश का प्रतीक है। इस पद की गरिमा को चुनौती देना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है। यदि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद और लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से उठाना चाहिए, न कि देश में भ्रम और टकराव का वातावरण बनाकर।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल ‘विरोध के लिए विरोध‘ तक सीमित रह गई है। जब देश आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है, तब कांग्रेस भारत की उपलब्धियों पर गर्व करने के बजाय निराशा और नकारात्मकता फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस के पास न कोई सकारात्मक एजेंडा है और न ही देश के विकास का कोई विजन। उसका एकमात्र उद्देश्य राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना और जनता को गुमराह करना है। देश का युवा भारत के भविष्य का निर्माता है। कांग्रेस को युवाओं और छात्रों को राजनीतिक स्वार्थ की सीढ़ी बनाने के बजाय उनके उज्ज्वल भविष्य की चिंता करनी चाहिए। विश्वविद्यालय ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के केंद्र हैं, उन्हें राजनीतिक टकराव का मंच बनाने का कोई भी प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया तथा रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली अनेक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार युवाओं के हाथों में अवसर, कौशल और तकनीक देना चाहती है, जबकि कांग्रेस उन्हें केवल आंदोलन और विरोध की राजनीति में उलझाना चाहती है। एक ओर कांग्रेस दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार युवाओं, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के माध्यम से मेधावी छात्राओं के साथ-साथ प्रत्येक शिक्षण संस्थान के शीर्ष 5 प्रतिशत मेधावी छात्रों, दिव्यांगजनों, निराश्रित छात्राओं तथा शहीदों की बेटियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। यह भाजपा सरकार की युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए महिला छात्रावासों का निर्माण, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को अनुदान तथा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के निर्णय लिए गए हैं। वहीं प्रदेश के आधारभूत ढांचे को नई गति देने के लिए 333 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सप्रेस-वे, 400 करोड़ रुपये की लागत से 220 नई बसों की खरीद सहित अनेक विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की राजनीति में मूलभूत अंतर है। भाजपा विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस केवल विरोध, भ्रम और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करती है। उत्तर प्रदेश का भाजपा कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम‘ की भावना के साथ कांग्रेस के दुष्प्रचार और नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। ऐसे समय में कांग्रेस को भारत की सफलता पर गर्व करने के बजाय निराशा फैलाने की राजनीति छोड़कर राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘देश पहले, दल बाद में‘ भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र है। भाजपा लोकतंत्र, संविधान, राष्ट्र की एकता-अखंडता और जनादेश का सम्मान करते हुए विकास और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी तथा कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर जवाब देती रहेगी। प्रदर्शन में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि देश के लोकतांत्रिक जनादेश, प्रधानमंत्री पद की गरिमा और राष्ट्र के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।



