जंतर-मंतर घटना की हो न्यायिक जांच:अमिताभ ठाकुर

जंतर-मंतर घटना की हो न्यायिक जांच। प्रदर्शनों के लिए राष्ट्रीय प्रोटोकॉल बनाने की मांग।

राकेश यादव

लखनऊ। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान हुई घटनाओं के संबंध में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भारत सरकार के गृह सचिव को पत्र भेजकर सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस, दोनों पक्षों की ओर से भिन्न-भिन्न दावे किए जा रहे हैं. ऐसी स्थिति में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के स्थान पर निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच ही सत्य को सामने ला सकती है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास सुदृढ़ कर सकती है।


उन्होंने अपने पत्र में जांच पूरी होने तक सभी सीसीटीवी फुटेज, पुलिस वीडियो, बॉडी-कैमरा रिकॉर्डिंग तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखे जाने की बात कही है। अमिताभ ठाकुर ने भारत सरकार से देशभर में सभी सरकारों तथा सभी राजनीतिक दलों पर समान रूप से लागू होने वाला “लोकतांत्रिक प्रदर्शनों हेतु राष्ट्रीय प्रोटोकॉल” तैयार किए जाने का अनुरोध किया है।


इस प्रोटोकॉल में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के अधिकार एवं कर्तव्य, पुलिस एवं अन्य कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकार, दायित्व एवं सीमाएँ, बल प्रयोग एवं निरोध की स्पष्ट प्रक्रिया, महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाई की अनिवार्य ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग तथा पुलिस ज्यादती अथवा अन्य अनियमितता के आरोपों की स्वतंत्र समीक्षा की व्यवस्था की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button