भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल:अखिलेश यादव

प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर नहीं मिल रहा इलाज।

राकेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित लोहिया सभागार में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा है, दवाइयों और डॉक्टरों की कमी है तथा आम जनता इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी लगातार बिगड़ रही है। मेरठ में पुलिस द्वारा की गई बर्बर कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार में पुलिस का दुरुपयोग हो रहा है। निर्दोष लोगों के साथ अत्याचार और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराध, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार तथा किसानों और नौजवानों की समस्याओं पर सरकार पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। भाजपा सरकार के अत्याचार और अन्याय का अंत अब निकट है। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने का चुनाव नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने का चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश से बदलाव की शुरुआत होगी और जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।

Related Articles

Back to top button