राम मंदिर जमीन घोटाले के नए दस्तावेज सौंपना चाहते संजय सिंह। एसआईटी से सांसद संजय सिंह से मांगा समय।
लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने प्रभु श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित ज़मीन घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के अध्यक्ष को ईमेल भेजकर मिलने का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ हैं, जिन्हें वह स्वयं SIT को सौंपना चाहते हैं ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर हुई ज़मीन खरीद में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के दस्तावेज़ उनके पास उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से कई तथ्य सामने रखे थे और अब उन्हीं तथ्यों से जुड़े कुछ अतिरिक्त साक्ष्य और महत्वपूर्ण दस्तावेज़ जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
READ ALSO: नवप्रोन्नत पांच जेल अधीक्षकों को मिली तैनाती
संजय सिंह ने कहा कि 1 करोड़ 73 लाख रुपये मूल्य की एक ज़मीन को 29 करोड़ 67 लाख रुपये में खरीदा गया। उन्होंने कहा कि यह अंतर अपने आप में कई गंभीर सवाल खड़े करता है और इसकी विस्तृत जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी एजेंसियां निष्पक्षता से जांच करें तो पूरे मामले की वास्तविकता देश के सामने आ जाएगी।



