भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचते हुए धुरंधरः द रिवेंज (धुरंधर-2) अब देश की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने ग्लोबल कलेक्शन के मामले में ‘बाहुबली: द कंक्लूजन’ को पीछे छोड़ दिया है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर-2’ ने दुनियाभर में कुल ₹1,788.35 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ यह फिल्म अब केवल दंगल से पीछे है जिसने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर लगभग ₹2,070 करोड़ की कमाई के साथ पहले स्थान पर कायम है।
‘धुरंधरः द रिवेंज’ की सफलता को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिल्म ने रिलीज़ के बाद से ही लगातार मज़बूत कमाई की और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। खास बात यह रही कि फिल्म को घरेलू बाज़ार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिससे इसके कलेक्शन में लगातार बढ़ोतरी होती रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म की दमदार कहानी, भव्य एक्शन सीक्वेंस और स्टार कास्ट की लोकप्रियता इसकी सफलता के मुख्य कारण हैं। इसके अलावा, फिल्म की मार्केटिंग और वर्ड ऑफ माउथ ने भी इसे ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘धुरंधर-2’ भविष्य में दंगल का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं।



