युवाओं के लिए परीक्षा देना भी एक ‘परीक्षा’। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा सरकार।
राकेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि युवाओं के लिए परीक्षा देना भी एक ‘परीक्षा’ बन गया है। परीक्षार्थियों के लिए आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। परीक्षा सेंटरों पर छाया और पानी तथा अन्य सुविधाओं की भारी कमी है। इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। परीक्षाओं के बाद बस स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों के जिस तरह के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, वह हैरान करने वाले हैं। आखिरकार सरकार क्या कर रही है।
भाजपा सरकार नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा सरकार ने बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है। कुछ हजार सीटों के लिए लाखों लाख की संख्या में नौजवानों का परीक्षाओं में शामिल होना यह दिखाता है कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी ने भयावह रूप धारण कर लिया है। भाजपा सरकार में 10 साल में नौजवानों को धोखा और झूठे वादों के सिवा कुछ नहीं दिया।



