
मिशन 2027 को लेकर सपा का जनसंपर्क अभियान तेज, बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरा। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, किसानों-व्यापारियों की समस्याओं और महंगाई को लेकर पार्टी ने शुरू किया व्यापक प्रचार अभियान।
रुदौली/अयोध्या। समाजवादी पार्टी ने मिशन 2027 के तहत अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी द्वारा जारी पोस्टरों और प्रचार सामग्री के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई तथा किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। प्रचार अभियान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने का संदेश दिया गया है। वहीं पूर्व मंत्री अब्बास अली जैद्दी ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
पोस्टर में दावा किया गया है कि लगातार बढ़ती महंगाई से किसानों, व्यापारियों और आम जनता की परेशानियां बढ़ रही हैं। डीजल की कीमतों में वृद्धि से खेती की लागत बढ़ रही है, जबकि परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी प्रभावित हो रहे हैं। सपा नेताओं ने सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण करने, किसानों और व्यापारियों को राहत देने तथा महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। यह प्रचार सामग्री समाजवादी पार्टी समर्थक मुजम्मिल हुसैन खां “दानिश” द्वारा जारी की गई है, जिसमें जनता से बदलाव के लिए पार्टी का समर्थन करने की अपील भी की गई है।




















