Sunday, May 3, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर मुख्यमंत्री सख्त,मांगी प्रगति रिपोर्ट

इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर मुख्यमंत्री सख्त,मांगी प्रगति रिपोर्ट

28
इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर मुख्यमंत्री सख्त,मांगी प्रगति रिपोर्ट
इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर मुख्यमंत्री सख्त,मांगी प्रगति रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने ‘स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन’ की बैठक में प्रदेश में संचालित प्रमुख इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक हब और शहरी परियोजनाओं को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण उचित स्थान पर किया जाए। उ0प्र0 डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की इकाई का शिलान्यास शीघ्र। चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के भूमि अधिग्रहण का कार्य 31 मई तक पूर्ण किया जाए। लखनऊ में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर के शिलान्यास की तैयारी के निर्देश। बायो एनर्जी और सी0बी0जी0 परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए नवाचार और प्रतिस्पर्धा आधारित दृष्टिकोण अपनाया जाए।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक हब और शहरी परियोजनाओं को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी प्रक्रियात्मक बाधाएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर आहूत ‘स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन’ की बैठक में प्रदेश में संचालित प्रमुख इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की इकाई का शिलान्यास होने जा रहा है। इसके पूर्व, चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे की वित्तीय निविदा का कार्य पूरा कर लिया जाए।


मुख्यमंत्री ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित जिलाधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन एक्सप्रेस-वे के लिए आगामी 31 मई तक 90 प्रतिशत भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। जहां रेट रिवीजन आवश्यक हो, वहां प्रस्ताव तत्काल भेजे जाएं। मुख्यमंत्री कार्यालय 15 दिन बाद इसकी समीक्षा करे। उन्होंने भूमि-स्वामियों से सीधा संवाद करने के निर्देश दिए। उन्हें उचित मुआवजा मिले और रजिस्ट्री के लिए अतिरिक्त मैनपावर तैनात कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाए। उन्होंने आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे तथा मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।


राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी हो चुका है। उन्होंने इसके शिलान्यास की तैयारी के निर्देश दिए। ग्रेटर नोएडा में विकसित हो रहे मल्टी मोडल लॉजिस्टिक्स हब और मल्टी मोडल ट्रांसपोर्ट हब को राज्य के लॉजिस्टिक्स सेक्टर के लिए गेम-चेंजर बताते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह परियोजनाएं प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ेंगी। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि मल्टी मोडल लॉजिस्टिक्स हब के लिए 323 हेक्टेयर में से 301 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है, जिससे कार्य आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।


मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह पहल प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानक स्थापित करेगी। बैठक में बताया गया कि 75 जनपदों में 150 विद्यालयों का निर्माण होना है, जिनमें 59 विद्यालयों के लिए कार्य प्रारम्भ हो चुका है और 67 विद्यालयों के लिए निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने शेष परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने विद्यालय स्थापना के लिए अच्छी लोकेशन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मॉडल बिल्डिंग बायलॉज को निवेश अनुकूल बनाते हुए इसे शीघ्र लागू करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि ड्राफ्ट बायलॉज को सार्वजनिक सुझावों के लिए जारी किया जा चुका है, जिससे पारदर्शी और सरल नियामक व्यवस्था सुनिश्चित होगी।


मुख्यमंत्री ने औद्योगिक भूखण्डों के बेहतर उपयोग पर बल देते हुए कहा कि आवंटित भूमि पर तय समय-सीमा के भीतर उद्योग स्थापित होना चाहिए। निवेशकों से संवाद कर कार्यवाही समय से आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने बायो एनर्जी और सी0बी0जी0 परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए नवाचार और प्रतिस्पर्धा आधारित दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल्स पार्क को कृषि और औद्योगिक विकास के प्रमुख केन्द्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है। डेवलपर चयन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने इन परियोजनाओं को निवेश और रोजगार सृजन के दृष्टिकोण से अत्यन्त महत्वपूर्ण बताते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सी0एम0 ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट स्कीम (सी0एम0 ग्रिड) की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह योजना शहरी सड़कों को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी लम्बित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृन्दावन योजना, लखनऊ में इण्टीग्रेटेड सिटी बस टर्मिनल एण्ड फैसिलिटीज परियोजना को आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि इससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।