Tuesday, April 14, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री ने किया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री ने किया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा का अनावरण

37
मुख्यमंत्री ने किया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री ने किया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री ने जनपद मुजफ्फरनगर में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा का अनावरण तथा 951 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। शुकतीर्थ की पावन धरा तथा चौधरी चरण सिंह व चौधरी अजीत सिंह की कर्मभूमि पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की दिव्य प्रतिमा का लोकार्पण करने का अवसर प्राप्त हुआ।,प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार सेवा, सुरक्षा व सुशासन का मॉडल प्रस्तुत कर रही, 145 करोड़ की आबादी वाला भारत सुरक्षित महसूस कर रहा। डॉ0 आंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि, संत गाड्गे, महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे सामाजिक न्याय के महापुरुषों की सार्वजनिक स्थान पर स्थापित प्रतिमाओं के चारों ओर यदि बाउण्ड्रीवॉल तथा प्रतिमाओं के ऊपर छत्र नहीं, तो सरकार उसे बनाने का कार्य करेगी, इसके लिए धनराशि जारी। मुजफ्फरनगर का काफी विस्तार हो चुका, इसे नगर पालिका परिषद से नगर निगम में उच्चीकृत करने की आवश्यकता। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 60,244 पुलिस कर्मियों की ट्रेनिंग आगामी 20 अप्रैल को समाप्त हो रही, इसके बाद यह युवा उ0प्र0 पुलिस बल का हिस्सा बनकर थानों में ड्यूटी करेंगे। डबल इंजन सरकार औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कार्मिकों तथा श्रमिकां के साथ सदैव खड़ी। महारानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने स्वदेश व स्वधर्म के लिए कुर्बानी दीं, उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना हमारा दायित्व। नया भारत विरासत का सम्मान करता, विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के जीवन में परिवर्तन कर रोजगार से जोड़ने का कार्य करता, डबल इंजन सरकार विरासत और विकास की शानदार यात्रा को मजबूती से बिना रूके, बिना डिगे आगे बढ़ा रही। राज्य सरकार बेटियों व व्यापारियों को सुरक्षा तथा युवाओं को रोजगार की गारण्टी प्रदान कर रही।

लखनऊ/ मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर की पौराणिक धरा प्रेरणा की धरती है। महर्षि शुकदेव जी ने इसी धरा पर राजा परीक्षित को जीवन के सत्य से अवगत कराकर मुक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी थी। शुकतीर्थ भागवत तीर्थ के रूप में हमेशा से वन्दनीय और वरण्य रहा है। यहां की माताएं-बहनें, अन्नदाता किसान और युवा आवश्यकता पड़ने पर देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने में कभी पीछे नहीं हटे। मेरा सौभाग्य है कि शुकतीर्थ की पावन धरा तथा चौधरी चरण सिंह व चौधरी अजीत सिंह की कर्मभूमि पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की दिव्य प्रतिमा का लोकार्पण करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री जनपद मुजफ्फरनगर में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा का अनावरण तथा 951 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने वृहद रोजगार मेले के अन्तर्गत चयनित 10 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की पुस्तक ‘कौशल दर्शन‘ का विमोचन किया तथा देश में विश्वविद्यालयों की रूपरेखा पर आधारित ‘ए0आई0 सेंटीमेण्ट एण्ड रेडीनेस‘ रिपोर्ट लॉन्च की। मुख्यमंत्री जी के समक्ष महिला उद्यमिता कार्यक्रम हेतु एन0एस0डी0सी0 के सी0ई0ओ0 श्री अरुणकुमार पिल्लई तथा नीति आयोग की प्रिंसिपल इकोनॉमिक एडवाइजर व डब्लू0ई0पी0 की मिशन डायरेक्टर सुश्री अन्ना रॉय के बीच स्टेटमेण्ट ऑफ इण्टेण्ट का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ए0आई0 से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत की गुलामी के कालखण्ड में विदेशी आक्रान्ताओं से जकड़ी व्यवस्था में भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने जगन्नाथपुरी से लेकर सोमनाथपुरी तक, श्री काशी विश्वनाथ से लेकर रामेश्वरम् तक भारत की विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तन्मयता से कार्य किया। उन्होंने उस समय देश की तत्कालीन व्यवस्था को न्याय और सुशासन का मॉडल दिया था। वह मालवा की शासिका थीं, लेकिन पूरे देश में भारत की विरासत के संरक्षण में लगी हुई थीं। आज के श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर का निर्माण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने ही कराया था, जिसे पूर्व में औरंगज़ेब ने तोड़ा था। प्रत्येक सच्चा भारतीय उनको नमन करता है। नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से विगत वर्ष लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी का 350वां जन्म जयन्ती समारोह देश के प्रत्येक गांव, क्षेत्र पंचायत, जनपद और प्रत्येक संस्था में धूमधाम से मनाया गया। केन्द्र और राज्य सरकार ने तय किया था कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की स्मृतियों को जीवन्त बनाये रखने के लिए श्रमजीवी महिला छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश में 14 श्रमजीवी महिला छात्रावास निर्माणाधीन हैं, जो लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की स्मृतियों की ओर हम सभी का ध्यान आकर्षित करेंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी तथा चौधरी चरण सिंह जी का योगदान किसी जाति या व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण देश के लिए है। उनके योगदान के कारण हम सब यहां है। आज इस परिसर में लगे वृहद रोजगार मेले के माध्यम से 25 हजार युवाओं के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गयी है। उन्हें रोजगार मेले में भ्रमण के दौरान युवाओं के चेहरे पर चमक और विश्वास देखने को मिला। इसी विश्वास में भारत का भविष्य निहित है। इस रोजगार मेले में जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो पाएगा, उनके लिए पुनः रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। यहां 10 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। विशेष रूप से बेटियों के चेहरे पर खुशी का भाव था। उन्हें अच्छा लगता है, जब वह अन्नदाता किसानों को खुश देखते हैं और बहन-बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। इसी विश्वास के बल पर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री जी के विजन को भारत सरकार आगे बढ़ा रही है। प्रत्येक युवा स्किलफुल हो तथा इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ ट्रेडिशनल टेक्नोलॉजी को भी एक साथ लेकर प्रत्येक युवा को काम दे सकें, डबल इंजन सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कारण 145 करोड़ की आबादी वाला पूरा भारत सुरक्षित महसूस कर रहा है। यह नये भारत की ताकत है। पूरी दुनिया में महंगाई चरम पर है, लेकिन प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से भारत में पेट्रोलियम पदार्थों का मूल्य नियंत्रित है और यह आसानी से लोगों तक पहुंच रहा है। भारत सरकार प्रतिदिन एक से डेढ़ हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त वहन करके लोगों को सुविधा व राहत देने का कार्य कर रही है। यह दर्शाता है कि व्यक्ति को विषम परिस्थितियों में धैर्य नहीं खोना चाहिए तथा अनुकूल वातावरण में अनुशासन नहीं तोड़ना चाहिए। जो व्यक्ति इसका पालन करता है, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है। प्रदेश की डबल इंजन सरकार सेवा, सुरक्षा व सुशासन का मॉडल प्रस्तुत कर रही है। राज्य सरकार बेटियों व व्यापारियों को सुरक्षा तथा युवाओं को रोजगार की गारण्टी प्रदान कर रही है। वर्ष 2017 में पुलिस प्रशिक्षण के लिए कुल 03 हजार की क्षमता थी। गत वर्ष 60,244 पुलिस कर्मियों की भर्ती की गयी। यह सभी युवा प्रदेश के ही ट्रेनिंग सेन्टरों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। आगामी 20 अप्रैल को उनका प्रशिक्षण समाप्त हो रहा है। इसके बाद यह युवा भी उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनकर थानों में ड्यूटी करेंगे।


डबल इंजन सरकार औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कार्मिकों तथा श्रमिकां के साथ सदैव खड़ी है। कोरोना कालखण्ड में सरकार ने श्रमिकों को उनके गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए बसें तथा क्वारण्टीन सेण्टरों में निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करायी। वर्ष 2017 से पूर्व, प्रदेश में उद्योग तालाबन्दी के कगार पर थे। बेटियांँ तथा व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। सबके समक्ष पहचान का संकट था। आज प्रदेश के समक्ष पहचान का संकट नहीं है तथा युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लोग औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें। उद्यमी अपने कार्मिकों व श्रमिकों के साथ सीधा संवाद करें। सरकार उद्यमियों को सुरक्षा व श्रमिकों को संरक्षण देगी। इनके उचित मानदेय के लिए विगत वर्ष कॉरपोरेशन का गठन कर दिया गया है। इसकी सिफारिशें इसी माह लागू हो रही हैं। इसमें सफाई कर्मचारियों तथा आउटसोर्स के माध्यम से कार्य करने वाले अन्य युवाओं को न्यूनतम मानदेय की गारण्टी प्रदान की गयी है। कोई मध्यस्थ उसके हक पर डकैती डालने का कार्य नहीं कर सकेगा। यह कार्य केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अगले कदम के रूप में औद्योगिक संस्थानों को भी इसके साथ जोड़ा जाएगा। प्रत्येक श्रमिक को सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों और आशा वर्करों को 05 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। सरकार और उद्योग जगत के सहयोग से प्रत्येक श्रमिक को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में बीमा कम्पनियों से बात की जा रही है। सरकार ई0एस0आई0 और ई0पी0एफ0 की गारण्टी देने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए सरकार ने अधिकारियों को उद्योग जगत व श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर इन कार्यां को तत्काल आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आज यहां जनपद मुजफ्फरनगर से जुड़ी हुई 951 करोड़ रुपये की लागत की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है। अब यहां सेण्टर ऑफ इनोवेशन, सी0आई0आई0टी0 जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां का नौजवान भी ए0आई0, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी व थ्री-डी प्रिण्टिंग के बारे में जानेगा। इसको लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 23 दिसम्बर, 2026 को किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जन्म जयन्ती के 125 वर्ष पूर्ण होंगे। उन्होंने सभी के कल्याण विशेषकर किसानों, गांवों, श्रमिकों, युवाओं, खेत-खलिहान सहित सभी के कल्याण की बात की। उस समय इन आयोजनों से जुड़ने के लिए नये कार्यक्रम तैयार किये जाएंगे। महापुरुषों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्हें जाति के संकीर्ण दायरे में नहीं बांधना चाहिए। शहीद धनसिंह कोतवाल ने देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में किसी जाति के लिए नहीं, बल्कि देश की आजादी का शंखनाद किया था। मुजफ्फरनगर में शहीद होने वाले सेनानी अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए शहीद हुए। महारानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने स्वदेश व स्वधर्म के लिए कुर्बानी दी थी। इन महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना हम सभी का दायित्व है। इन महापुरुषों की प्रेरणा ही हम सभी को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। अपनी परम्परा के प्रति कृतज्ञता हमें नई दिशा में आगे बढ़ाता है। यह महापुरुष राष्ट्र नायक हैं, जो देश को दिशा देने का कार्य करते हैं। युवा इन महापुरुषों से प्रेरणा लेते हैं। भारत का सैनिक जब सीमा पर लड़ता है, तो वह देश को सर्वापरि रखता है। सेना के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।


बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर जी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में तय किया है कि संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर सद्गुरु रविदास जी महाराज, महर्षि वाल्मीकि, संत गाड्गे, महात्मा ज्योतिबा फुले आदि जैसे सामाजिक न्याय से जुड़े महापुरुषों की सार्वजनिक स्थान पर स्थापित प्रतिमाओं के चारों ओर यदि बाउण्ड्रीवॉल तथा प्रतिमाओं के ऊपर छत्र नहीं है, तो सरकार उसको बनाने का कार्य करेगी। इसके लिए धनराशि जारी कर दी गयी है। महापुरुष सभी के हैं। जिस संविधान ने हमें ताकत दी है, बाबा साहब उसके शिल्पी हैं। उन्होंने संविधान सम्पूर्ण समाज के लिए दिया। यह संविधान ही हमें नौकरी व रोजगार की गारण्टी के साथ ही आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान कर रहा है।मुजफ्फरनगर का काफी विस्तार हो चुका है। अब इसे नगर पालिका से नगर निगम में उच्चीकृत करने की आवश्यकता है। यहां विकास के साथ स्मार्ट सिटी का कार्य आगे बढ़ना चाहिए। यहां के गुड़ में काफी मिठास होती है। यह यहां के अन्नदाता किसानों का परिश्रम और पुरुषार्थ है। वर्ष 2002 से लेकर वर्ष 2017 तक कुल 02 लाख 14 हजार करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया था। हमारी सरकार ने विगत 09 वर्षां में 03 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। आज प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। मोरना व बागपत चीनी मिलों के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गयी है।


आज उत्तर प्रदेश देश के 55 प्रतिशत गन्ने का उत्पादन कर रहा है। देश में उत्पादित एथेनॉल पेट्रोल और डीजल ब्लेंडिंग का काम करेगा। अभी पेट्रोल और डीजल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल ब्लेंडिंग की व्यवस्था की गयी है। धीरे-धीरे इसकी डिमाण्ड और अधिक बढ़ेगी। यह एथेनॉल भी हमारा अन्नदाता किसान दे रहा है। प्रदेश में पहले 41 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन होता था, आज प्रदेश में 200 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हो रहा है। यह तब हुआ है, जब खर्ची और पर्ची पूरी तरह बैन की गयी है। पहले गन्ना पर्ची के नाम पर किसानों को परेशान किया जाता था। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से आज यह सुविधा ऑनलाईन कर दी गयी है। टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। आज किसान को कोई परेशान नहीं कर सकता। सरकार अनवरत अन्नदाता किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाने का कार्य कर रही है।पहले प्रदेश में चीनी मिलें बन्द हो जाती थीं। आज प्रदेश में चीनी मिलें बन्द नहीं हो रही हैं। अब चीनी मिलें नयी लग रही हैं। सुगर कॉप्लेक्स बन रहे हैं। फाइन सुगर बन रही है। एथेनॉल प्लाण्ट व डिस्टलरीज लग रही हैं तथा उनकी क्षमता का विस्तार हो रहा है। कोजेन प्लॉण्ट लग रहे हैं। चीनी मिलों से विद्युत उत्पादन का कार्य भी आगे बढ़ रहा है। यह सभी कार्य प्रयास करने और सुरक्षा का बेहतर वातावरण देने से सम्भव हो पाया है।


यदि अन्नदाता किसान खुशहाल होंगे, तो देश खुशहाल होगा। इसी के दृष्टिगत अन्नदाता किसानों के 16 लाख ट्यूबवेल के बिजली बिल को माफ करते हुए, उसका भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया गया। प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने तथा समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक भारतवासी हर स्तर पर प्रयास करें। इसमें आधी आबादी को भी सही स्थान मिलना चाहिए। नारी शक्ति वन्दन अधिनियम आज की आवश्यकता है। समस्त महिला जनप्रतिनिधि अपने यहां से प्रस्ताव पारित कर दलीय नेताओं से अपील करें कि आधी आबादी के लिए 33 फीसदी सीट बढ़ाने का प्रस्ताव अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इस दिशा में बढ़ाये गये प्रयासों पर मजबूती से हमारा सहयोग होना चाहिए। इसमें किसी का हक नहीं लिया जा रहा है। महिलाओं के लिए अतिरिक्त नयी सीटें रहेंगी। प्रत्येक क्षेत्र में एक नया नेतृत्व मिलना चाहिए। जिन क्षेत्रों में महिला प्रतिनिधि विजयी हुई हैं, वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता कार्यक्रम, महिला स्वावलम्बन आदि क्षेत्रों में विशेष कार्य देखने को मिले हैं। जब समाज मिलकर आगे बढ़ता है, तो दुनिया की कोई ताकत आपकी राह में बाधक नहीं बन सकती। अब उसी दिशा में आगे बढ़ने का समय आ गया है।


उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में बेटियों के लिए 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाई गयी थीं। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में कुल 10 हजार महिला पुलिस कर्मी थीं, आज इनकी संख्या 44 हजार हो गयी हैं। जब यह 44 हजार बेटियां सड़कों पर निकलती हैं, तो शोहदों को भागना पड़ता है। बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए इस धरती पर कोई स्थान नहीं है। नया भारत विरासत का सम्मान करता है तथा विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के जीवन में परिवर्तन कर रोजगार से जोड़ने का कार्य भी करता है। डबल इंजन सरकार ने लगभग 09 लाख युवाओं को बिना भेदभाव, भ्रष्टाचार एवं कदाचार मुक्त परीक्षाएं आयोजित कर सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। सुरक्षा का वातावरण देकर प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल निर्मित किया। परिणामस्वरूप, एम0एस0एम0ई0 उद्योगों के माध्यम से लगभग 03 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ। प्रदेश में नये निवेश आए हैं।


जेवर में एशिया के सबसे बड़े इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो गया है। प्रदेश में रैपिड रेल प्रारम्भ हुई तथा 12-लेन एक्सप्रेस-वे का कार्य आगे बढ़ चुका है। फिल्म सिटी बन रही है, जो युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराएगी। जब प्रदेश में बड़े निवेश प्राप्त हो रहे हैं, लाखों युवाओं को रोजगार की गारण्टी मिल रही है, तो हमें जात-पात के आधार पर बंटना नहीं है। युवाओं के लिए सी0एम0 युवा उद्यमी विकास अभियान संचालित है।


आज प्रदेश माफिया, गुण्डा, दंगा-फसाद, कर्फ्यू तथा उपद्रव से मुक्त है। अब उपद्रव नहीं, बल्कि उत्सव हमारी पहचान बन रहे है। हरिद्वार से लेकर औघड़नाथ मन्दिर या अन्य पवित्र शिवालयों तक कांवड़ यात्रा बड़ी धूमधाम से निकल रही है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब व अन्य राज्यों के करोड़ों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में सहभागी बन रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करने के लिए वह (मुख्यमंत्री जी) स्वयं यहां आते हैं। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास की इस शानदार यात्रा को मजबूती से बिना रूके, बिना डिगे आगे बढ़ाएगी। प्रत्येक बेटी व व्यापारी को सुरक्षा, नौजवान के हाथ को काम, अन्नदाता किसानों के खेत को पानी और उनकी उपज का अच्छा दाम देना सरकार की गारण्टी है। प्रदेश सरकार इस गारण्टी को पूरा करने का कार्य करेगी।


मुख्यमंत्री ने अन्नदाता किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हाल ही में अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से खड़ी फसल को हुई नुकसान की समीक्षा की गयी है। प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के साथ-साथ आपदा राहत से भी अतिरिक्त सहायता मिलनी चाहिए। मध्य तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों की फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है। इस कठिन परिस्थिति में सरकार अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है और हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक अन्नदाता किसान तथा श्रमिक के परिश्रम को सम्मान दिया जाएगा।
केन्द्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) श्री जयन्त चौधरी जी ने कहा कि आज का दिन हजारों युवाओं के जीवन में परिवर्तन का प्रतीक है।    

     उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे कौशल, शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को सशक्त बनाएं। उत्तर प्रदेश तेजी से वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) श्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां उन्हें उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ है, जहां 200 से अधिक कम्पनियों की भागीदारी हुई है। यहां 25 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें 5,139 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।