Saturday, February 21, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश शादी समारोह में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, गोली लगने से युवक की...

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, गोली लगने से युवक की मौत

22
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, गोली लगने से युवक की मौत
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, गोली लगने से युवक की मौत

शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली एक व्यक्ति को जा लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

लखनऊ। बीती रात समय लगभग 01:30 AM पर डायल-112 के माध्यम से थाना गोमतीनगर को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के विराटखण्ड-1 स्थित एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गई है, जिसे उपचार हेतु मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी मृत्यु हो गई है।

उक्त सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी गोमतीनगर मय पुलिस बल के घटनास्थल पर पहुंचे तथा वहां उपस्थित लोगों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि सुनील यादव पुत्र स्व0 ठाकुर प्रसाद यादव निवासी चांदंज, थाना अलीगंज, नियर कपूरथला चौराहा, लखनऊ, उम्र लगभग 50 वर्ष, अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, विराटखण्ड-1 में सम्मिलित होने आए थे। समारोह के दौरान कथित रूप से हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें उन्हें गोली लग गई।

घटना के उपरांत उपस्थित परिजनों एवं रिश्तेदारों द्वारा घायल को तत्काल उपचार हेतु मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

अस्पताल में मृतक के परिजन उपस्थित हैं। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर नियमानुसार पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अब तक की जांच एवं पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि विवाह समारोह में सम्मिलित होने आए शाश्वत सिंह नामक व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग की गई थी, जिसके दौरान उक्त घटना घटित हुई। घटना के उपरांत आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु 02 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अभियुक्त की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक थाना स्थानीय पर प्रार्थनापत्र नहीं प्राप्त हुआ है। प्रार्थनापत्र प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जायेगी । कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।