Saturday, February 21, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश UP पुलिस भर्ती विवाद योगी सरकार के गले की फांस

UP पुलिस भर्ती विवाद योगी सरकार के गले की फांस

71
योगी की पाती और डिटेंशन सेंटर: सुरक्षा या सियासत?
योगी की पाती और डिटेंशन सेंटर: सुरक्षा या सियासत?

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिस भर्ती को युवाओं के सपनों की सीढ़ी माना जा रहा था, वही आज योगी सरकार के गले की फांस बनती नजर आ रही है। पेपर लीक, रद्द परीक्षाएं और लगातार बदलते फैसलों ने सरकार की नीयत और व्यवस्था—दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यूपी पुलिस में 32,679 पदों पर निकली भर्ती में एज लिमिट (आयु सीमा) विवाद अब सरकार की गले की फांस बनता जा रहा है। अभ्यर्थियों के बाद अब एज लिमिट बढ़ाए जाने की मांग सरकार के भीतर से उठने लगी है।

राज्य मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना, भाजपा के विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और दिनेश रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की आयु सीमा 22 वर्ष से बढ़ाकर 25 वर्ष किए जाने की मांग की है।

विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने सीएम योगी को उनका वादा याद दिलाया। लेटर में लिखा-18 नवंबर, 2025 को गोरखपुर जनता दरबार में और 15 दिसंबर, 2015 को लखनऊ में जनता दरबार में आपने वादा किया था कि अभ्यर्थियों को तीन साल की छूट प्रदान की जाएगी। लेकिन नोटिफिकेशन जारी होने पर उसमें तीन साल की छूट प्रदान नहीं की गई।

इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों की मांग का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण पुलिस भर्ती में देरी हुई है। इससे कई अभ्यर्थी इस परीक्षा को लेकर अयोग्य हो गए हैं। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को छूट देने की मांग की है।

विधायकों ने क्या कहा-

संतकबीर नगर की मेंहदावल सीट से निषाद पार्टी के विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा-PAC और जेल वार्डर के पदों पर 2018 के बाद से भर्ती नहीं निकली है। अब भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है तो उसमें आयु सीमा में कोई छूट नहीं दी गई है। पीएसी और जेल वार्डर में सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 22 वर्ष रखी गई है। सात साल में पीएसी व जेल वार्डर के पदों पर भर्ती नहीं हुई है। जिससे लाखों युवा आयु सीमा से बाहर हो गए हैं। ऐसे में आयु सीमा में छूट की मांग नैसर्गिक न्याय के अनुकूल है।

देवरिया सदर से भाजपा विधायक डॉ. शलभमणि त्रिपाठी ने भी सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने की मांग की है। शलभ ने कहा- भर्ती प्रक्रिया में हुई देरी के कारण लाखों युवा आयु सीमा पार कर चुके हैं। यह उनके लिए और उनके परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मानवीय आधार पर कम से कम 3 वर्ष की छूट देने का अनुरोध किया है।

बाराबंकी के हैदरगढ़ से भाजपा विधायक दिनेश रावत ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यही मांग उठाई है। विधायक रावत ने कहा-भर्ती में लंबी देरी हुई है, जिसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में आयु सीमा में राहत देना जरूरी है।

इस विवाद में बाहुबली धनंजय सिंह ने भी सीएम योगी से एज लिमिट बढ़ाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा- सिपाही भर्ती में जहां आरक्षित वर्ग की आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित है, उस सापेक्ष सामान्य वर्ग को 18 से 22 वर्ष आयु सीमा आरक्षण नियमावली के तहत निर्धारित है लेकिन सिपाही भर्ती अंतर्गत आने वाले कुछ पदों पर भर्ती कोरोना व अन्य कारणों से पिछले कई साल से लंबित है, जिसके मद्देनजर सामान्य वर्ग को भी आयु सीमा में रियायत मिलनी चाहिए। मैं मुख्यमंत्री समेत पुलिस भर्ती चयन बोर्ड से आग्रह करता हूं कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के संग न्यायोचित फैसला लेते हुए तय आयु सीमा 18-25 वर्ष करने पर विचार करें।

भर्ती बोर्ड अध्यक्ष बोले- मांग के अनुरुप जारी किया नोटिफिकेशन

अभ्यर्थी बोले- पीएसी और जेल वार्डर की सात साल बाद आई भर्ती अभ्यर्थियों का कहना है कि पीएसी (PAC) और जेल वॉर्डर जैसे पदों पर भर्तियां लगभग 7 साल बाद आई हैं। सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 22 वर्ष निर्धारित की गई है। कोरोना काल और भर्तियों में देरी की वजह से लाखों योग्य उम्मीदवार बिना परीक्षा दिए ही भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं। हमारी मांग है कि सरकार सभी वर्गों के लिए आयु सीमा में कम से कम 3 वर्ष की बढ़ोत्तरी करे।

जानिए…अब भर्ती के बारे में …..

31 दिसंबर की शाम योगी सरकार ने 32, 679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया। इनमें सिविल पुलिस के अलावा PAC, विशेष सुरक्षा बल यानी SSF, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर तक के पद शामिल किए।

सिविल पुलिस में 10,469 पदों पर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। जबकि PAC में पुरुषों के लिए 15,131 पद खाली हैं। UP SSF में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1341 वैकेंसी है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर से 30 जनवरी, 2026 तक चलेगी। आवेदन करने से पहले upprpb.in पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) जरूरी है। साल 2025 में यह दूसरी बड़ी भर्ती है। इससे पहले 60,244 पदों पर सिपाही भर्ती हुई थी।

उ०प्र० पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती- 2025 के अंतर्गत कुल 32679 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी कर दी गयी है। अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन आवेदन दिनांक-31/12/2025 से 30/01/2026 तक कर सकतें है।आवेदन से पूर्व अभ्यर्थी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के one time registration (OTR) प्रणाली में पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

OTR एवं आवेदन हेतु लिंक – upprpb.in विस्तृत विज्ञप्ति/सूचना के लिए बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in का अवलोकन करें।