Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
Home राजनीति उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी

उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी

247
उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी
उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी

मनीष दीक्षित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने इसे प्रदेश के समग्र विकास का एक मजबूत रोडमैप करार दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट “विकसित भारत” के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बजट उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना जी द्वारा प्रस्तुत किया गया 2025-26 का बजट प्रदेश के चौमुखी विकास को गतिमान करने वाला बजट है। उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी

यह बजट ‘नए उत्तर प्रदेश’ के नवीन सपनों तथा गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक नया अध्याय लिखेगा। वित्त मंत्री जी द्वारा प्रस्तुत किया गया यह बजट उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट है तथा आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की दूर दृष्टि सोच के अनुरूप वाला बजट है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने ऐतिहासिक बजट के लिए उत्तर प्रदेश वासियों की तरफ से मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जी को हृदयतल से हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने इस बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और गरीबों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया है। सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3 करोड़ किसानों को ₹79,500 करोड़ डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए हैं, जिससे अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। गन्ना किसानों को ₹2.73 लाख करोड़ का रिकॉर्ड भुगतान किया गया है, जो पिछले 22 वर्षों के कुल भुगतान से ₹59,143 करोड़ अधिक है। इसके अलावा, किसानों की सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने के लिए पीएम कुसुम योजना के तहत 22,089 सोलर पंपों की स्थापना कराई गई है।

महिला सशक्तिकरण को लेकर भी इस बजट में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। योगी सरकार ने मेधावी छात्राओं के लिए “रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना” लागू करने की घोषणा की है, जिससे प्रदेश की बेटियों को उच्च शिक्षा में सहायता मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह योजना पार्टी के 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए संकल्प पत्र के एक और वचन को पूरा करती है। इसके माध्यम से प्रदेश की बेटियों को उच्च शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

लखपति दीदी योजना के तहत 2 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनीं और 31 लाख से अधिक महिलाओं को चिन्हित किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं और लाभार्थियों को 2 मुफ्त सिलेंडर दिए जा रहे हैं।धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य और चित्रकूट के विकास के लिए विशेष बजट आवंटित किया गया है। बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के लिए ₹150 करोड़ की व्यवस्था की गई है, जबकि नैमिषारण्य में वेद विज्ञान केंद्र की स्थापना हेतु ₹100 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है।

प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को व्यापक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ी योजनाओं की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश आज चिकित्सा सुविधाओं में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। वर्तमान में 80 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5.13 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे उत्तर प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। इसके अलावा, 22,681 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जिससे प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने इस बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि योगी सरकार का यह बजट उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने में सहायक होगा और इसे देश के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित करेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन का मॉडल बनाया है और यह बजट राज्य को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में विकसित करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस बजट का पूरी तरह समर्थन करती है और इसे प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक दूरदर्शी निर्णय मानती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब सुशासन, निवेश और विकास का नया मॉडल बन चुका है, जिससे राज्य के हर नागरिक को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का यह बजट सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर आधारित है, जो उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश के नवीन सपनों का बजट-भूपेंद्र चौधरी