भाजपा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को अमीर दोस्तों को सौंपने की तैयारी में -अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार के विकासकार्यों के प्रति भाजपा दुराग्रहपूर्ण रवैया अपना रही है। जनहित की जो तमाम योजनाएं समाजवादी सरकार ने शुरू की थीं या उनकी परियोजनाएं बना ली थी, उन्हीं को भाजपा अपना बताकर झुठलाने की कोशिश कर रही है। अपनी एक भी योजना लागू न कर पाने वाली भाजपा सरकार के अब गिने चुने दिन रह गए हैं। जनता सच्चाई से भलीभांति अवगत है और वह सन् 2022 के चुनावों में वादाखिलाफ भाजपा को सबक सिखाने में चूकेगी नहीं।
    उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को अपने अमीर दोस्तों को सौंपने की तैयारी में है। लीज पर देकर लोन लेने के घोटाले से सरकार जिन लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशश कर रही है, वे मनमाना टोल वसूल कर जनता का शोशण ही करेंगे। वैसे भी भाजपा सरकार जबसे बनी है उसने गरीबों, दलितों, पिछड़ों के हितों की अनदेखी ही की है और कारपोरेट घरानों की मदद में कुछ उठा नहीं रखा है।
    समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में फोरलेन सड़कों से मुख्यालय को जोड़ने के साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी शानदार सड़क भी बनाई थी जिस पर वायुसेना के युद्धक विमान और भारवाहक जहाज हरक्यूलिस भी उतरा था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की प्रारम्भिक तैयारियां हो चुकी थी और उसका शिलान्यास भी समाजवादी सरकार में हो चुका था। कई अन्य हाई-वे भी बनने थे। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने पुरानी सड़कों को ही नया नाम देकर जनता की आंख में धूल झोंकने का काम किया है।
    समझ में नहीं आता है कि यह भाजपा सरकार है या सेल्समैन। समाजवादी पार्टी सरकार में आने पर भाजपा द्वारा किए जाने वाले महाघोटाले की जांच करेगी और दोषियों को दण्डित करेगी। जनता के साथ धोखा करने और पूंजीघरानों को अवैध तरीके से मालामाल बनाने की साजिशों का भण्डाफोड़ अवश्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button