सेवा ही संगठन ई-बुक का विमोचन

– हिमांशु दुबे

लखनऊ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं द्वारा वैश्विक महामारी कोरोना के कारण लाकडाउन की अवधि में सेवा ही संगठन को मूलमंत्र मानकर किये गए सेवा कार्यों पर बनी ई-बुक का आज विमोचन हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुए ई-बुक विमोचन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मुख्यवक्ता के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह जी वर्चुअल माध्यम से व पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल व कैबिनेट मंत्री डा0 महेन्द्र सिंह सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी व राज्य सरकार के कई मंत्री गण सहित अन्य प्रमुख लोग सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ई-बुक विमोचन करते हुए कहा कि कोरोना कालखण्ड के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा की जो अद्भुत मिसाल पेश की है वह अविस्मरणीय है, जिसकी सर्वत्र सराहना हुई है, हम सबके लिए आह्लादित करने वाला क्षण था। जब एक तरफ कोरोना की वजह से व्यापक पैमाने पर पलायन हो रहा था तो दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता जान की परवाह किए बिना सेवा के इस कार्य के साथ जुड़े रहे। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से डिजिटल डायरी ई-बुक का विमोचन हो रहा है। जब सड़कों पर रेला चलता था, तब भाजपा कार्यकर्ता भोजन दे रहे थे। किसी ने पानी पिलाने का काम किया तो कोई चप्पल पहनाने का कार्य कर रहा था। कार्यकर्ताओं ने नर सेवा, नारायण सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के खिलाफ जब लड़ाई चल रही थी। जब कभी विभिन्न राजनीतिक संगठनों की चर्चा होगी, उस समय ई-बुक आने वाली पीढियों के लिए एक नई प्रेरणा का माध्यम बनेगी।

योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के समय सरकार और संगठन का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। संगठन और विचार परिवार का सहयोग न मिलता तो कोरोना से निपटना और बड़ी चुनौती हो जाता। विपक्ष जहां बाल की खाल निकालने में व्यस्त था और सेवा के किसी कार्य से खुद को जोड़ नहीं सका वहीं भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान की परवाह न करते हुए जन सेवा में संलग्न था।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ई-बुक विमोचन कार्यक्रम में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता अन्त्योदय की भावना से प्रेरित होकर सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को आत्मसात कर एंडी चोटी का जोर लगा के जनता की सेवा में जुट गए। कोरोना काल में प्रदेश में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने सेवा के अनुकरणीय कार्य किये। महामारी की दौर में जरूरतमंद व्यक्ति भूंखा ना सोए इसके लिए 4 करोड़ 32 लाख भोजन पैकैट, 40 लाख 54 हजार राशन किट वितरण करने के साथ-साथ 92 लाख 44 हजार मास्क भी वितरित किये गए। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि अप्रैल-मई के महीने में दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान व अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में हमारे श्रमिक भाई-बहन उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे थे। जिस समय हमारे भाई-बहनों को सहायता की आवश्यकता थी उस समय हमारे विपक्ष के नेता सोशल मीडिया पर अपनी राजनीति करने में जुटे हुए थे। जबकि भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर अपने सेवा कार्यों के माध्यम से उन प्रवासी श्रमिकों की सहायता कर उनको सहारा देने में जुटे थे। प्रदेश में 185 स्थानों पर राहत सेवा केन्द्र संचालित किये गए। दूसरे राज्यों से आये लगभग 10 लाख 33 हजार श्रमिकों को भोजन कराया गया। 2 लाख से अधिक मास्क वितरित किये गए और 47 हजार श्रमिकों को चरणपादुका देने का काम किया गया साथ ही कोरोना योद्धाओं का सम्मान करने का कार्य भी किया गया। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत इन मुश्किलों से भरी परिस्थितियों में और कोरोना संक्रमण के बराबार खतरे के बीच भाजपा उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए सेवा कार्यों की संक्षिप्त जानकारी को ई-बुक का रूप दिया गया है। ई-बुक मण्डल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर पर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण विश्व के लोग ई-बुक में प्रकाशित उल्लेखनीय सेवा कार्यों का विवरण देखने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता व सेवा भाव से परिचित हो सकेगें। यह ई-बुक जहां एक ओर पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करेगी वहीं अन्य लोगों को सेवा करने के लिए प्रेरित भी करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सेवा कार्यों में जुटे प्रदेश के समर्पित, परिश्रमी, निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं भी दी। 

राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने ‘सेवा ही संगठन‘ ई-बुक के विमोचन के अवसर पर कहा कि यह ई-बुक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा के किए गए कार्यों का एक संकलन है। उन्होंने कहा कि जब लॉकडाउन की घोषणा हुई तो देशभर में कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों तक भोजन व राशन पहुचाकर बूथ स्तर तक लोगो की सेवा का कार्य किया । उन्होंने बताया कि देशभर के कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंदों तक राशन व भोजन पहुचाने का कार्य युद्धस्तर पर किया गया, कोई भूखा न सोए इसकी चिंता भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता ने अपने स्तर पर सुनिश्चित करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सबसे अधिक सेवा कार्य में योगदान उत्तर प्रदेश का रहा।

अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के एक आवाहन पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने स्वास्थ्य की चिंता किए बगैर पूरे लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सेवा में अपने को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में फेस कवर की जरूरत को महसूस करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सभी से आह्वान किया कि फेस कवर बनाने का कार्य करे। जिसमें भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए फेस कवर बनाने का काम शुरू किया और पूरे देश में सिर्फ महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पांच करोड़ 60 लाख मास्क बनाकर इस कोरोना काल मे जरूरतमंदों तक पहुचाया ताकि वे इस संक्रमण से अपना बचाव कर सके ,इसके साथ ही डॉक्टरों, मेडिकल स्टॉफ, पुलिसकर्मी तथा अन्य कोरोना काल में लगे कर्मियों का इस आपदाकाल मे उत्साह बढ़ाने का काम भी भाजपा के कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर करने का काम किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने किया। पार्टी द्वारा जिला स्तर पर बनाई गई ई-बुक का विमोचन 7 व 8 सितम्बर को जिला स्तर पर होगा। जिसमें प्रभारी मंत्री वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित होंगे। जबकि मंण्डल स्तर पर ई-बुक विमोचन सेवा सप्ताह के दौरान किया जाएगा। 
विमोचन के अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, लक्ष्मण आचार्य, विजय बहादुर पाठक, दयाशंकर सिंह, सत्यपाल सिंह सैनी, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, गोविन्द नारायण शुक्ला, अमरपाल मौर्य, प्रदेश मंत्री संजय राय, त्रयम्बक त्रिपाठी, सुभाष यदुवंश, प्रदेश सरकार के मंत्री नीलिमा कटियार, विजय कश्यप, कपिल देव अग्रवाल, अनिल राजभर, सतीश द्विवेदी, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहमुख्यालय प्रभारी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी तथा ओम प्रकाश श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button