महिलाओं के लिए आतंक प्रदेश बना उत्तर प्रदेश- सभाजीत सिंह

बेटी को देर रात फोन करने वाले आईजी को निलंबित कर गिरफ्तारी और मामले की हो न्यायिक  जांच.

लखनऊ. आप प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की बेलगाम नौकरशाही अब बहन बेटियों की आबरू पर हाथ डालने से भी नहीं हिचक रही है. जब पुलिस के बड़े अफसर ऐसी नीच हरकतों में शामिल हों तो बाकी महकमे के क्या ही कहने. यह कहना ग़लत नही होगा कि योगी राज में उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए आतंक प्रदेश बन गया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने आईपीएस अफसर द्वारा एक लाचार पिता की बेटी को लगातार देर रात फोन कर परेशान करनेऔर मानसिक प्रताड़ना करने की खबर का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को बेशर्म बताया. शनिवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि बहन- बेटियों की इज्जत की रक्षा के लिए जल्द ही आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरेगी.सभाजीत ने उत्पीड़न करने वाले आईजी अधिकारी के तत्काल निलंबन और मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि इस हाईप्रोफाइल गुंडागर्दी के मामले की न्यायिक जांच हो.


सभाजीत सिंह ने कहा कि पुलिस का दायित्व बहन बेटियों की अस्मिता की रक्षा करना है, लेकिन वही खाकी उत्तर प्रदेश में इतनी बेलगाम हो चुकी है कि जहां देखो वहीं वह बहन बेटियों की इज्जत तार-तार करने पर जुट गई है. आप नेता ने कहा कि नोएडा में तैनात तत्कालीन एसएसपी पर अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगे थे, वीडियो वॉयरल हुआ था लेकिन इसी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उसे फिर अच्छे पद पर तैनाती दे दी. उन्होंने कहा कि तब अपराधी प्रवृत्ति के अफसरों का मनोबल बढ़ेगा ही. इसी वजह से सह पाकर आईजी स्तर का पुलिस अधिकारी इतनी घिनौनी हरकत करने की हिमाकत कर बैठा. वह किसी बेटी को रात को फोन करता है. ऐसे में प्रदेश की कानून व्यवस्था का हाल समझा जा सकता है.


सभाजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता खासकर आधी आबादी इन सब घटनाओं को देख और सुन रही है आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में वह इसका हिसाब जरूर कर देगी।सभाजीत ने कहा कि, बीते दिनों बस्ती में एक दारोगा ने एक युवती के पूरे परिवार को तबाह कर दिया और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही.मामला जब बहुत उछला तो सरकार ने महज लीपापोती की. इसी तरह उनके गृह जनपद गोरखपुर के सहजनवा के गाहासांड़ में एक युवती का एक दारोगा अपहरण कर रहा था. गांववालों की सक्रियता से वह पकड़ा गया लेकिन योगी सरकार ने मामले में दिखावे के लिए लीपापोती की परिणाम यह रहा कि दारोगा जल्द ही छूट गया आज उस लड़की की मौत हो गई है. परिवार वाले आरोप लगा रहे हैं कि दारोगा ने ही उसको ट्रेन के सामने फेंक दिया. प्रदेश सरकार चुप है जांच की कौन कहे. आप प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि हम बहन बेटियों के सम्मान के लिए अंतिम दम तक लड़ेंगे. जल्द ही आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरकर संघर्ष का रास्ता अख्तियार करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button