महोबा को 697 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री बोले- नया उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन।
महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा जनपद को 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते हुए उनके कल्याण और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेशवासियों के सामने पहचान का संकट नहीं है, बल्कि देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन रही है।
योगी आदित्यनाथ ने महोबा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पावन भूमि गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली, चंदेल राजवंश की विरासत और वीर आल्हा-ऊदल की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि गोरखगिरि आज पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है तथा यहां रोप-वे, एडवेंचर टूरिज्म, होटल और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा का देशावरी पान अब जीआई टैग के माध्यम से वैश्विक पहचान प्राप्त कर चुका है। वहीं अर्जुन सहायक सिंचाई परियोजना के पूर्ण होने से महोबा और बांदा के हजारों हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिली है, जिससे किसानों की आय और उत्पादन दोनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए महोबा और चरखारी के ऐतिहासिक तालाबों के संरक्षण एवं डीसिल्टिंग अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि कबरई बांध के लिए भूमि देने वाले किसानों के वर्षों से लंबित भुगतान की समस्या का समाधान कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं बल्कि विकास, उद्योग और रोजगार का केंद्र बनने जा रहा है। झांसी के पास बीडा (बुन्देलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के माध्यम से भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और पलायन रुकेगा।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा, सुशासन और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। बेहतर कानून व्यवस्था और आधुनिक बुनियादी ढांचे के कारण आज बुन्देलखण्ड तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार महोबा को पर्यटन, उद्योग, कृषि और संस्कृति के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबियां, प्रमाण पत्र तथा आर्थिक सहायता के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड के विकास पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।



