मुख्यमंत्री ने जनपद अम्बेडकरनगर में जलालपुर, आलापुर एवं टाण्डा विधान सभा क्षेत्रों की 706 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
बाबा गोविन्द साहब धाम में पवित्र समाधि तथा श्रीरामजानकी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
विकास का मॉडल अम्बेडकरनगर में देखा जा सकता, नार्थ-साउथ कॉरिडोर के अन्तर्गत सिद्धार्थनगर, बांसी, बस्ती, प्रयागराज व चित्रकूट होते हुए दक्षिणी उ0प्र0 को जोड़ने का कार्य किया जा रहा।
अम्बेडकरनगर के मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट के माध्यम से यहां के लोगों को ट्रॉमा व इमरजेन्सी सेवाएं दी जा रहीं।
बाबा गोविन्द साहब धाम में लगने वाले विशाल माघ मेले को राजकीय मेले के रूप में मान्यता प्राप्त होगी, मेले को राजकीय परम्परा व सुविधाओं के साथ जोड़ा जाएगा।
हाल ही में विधान सभा सत्र के दौरान 59 हजार करोड़ रु0 से अधिक धनराशि का अनुपूरक बजट प्रस्तुत, इसके अन्तर्गत युवाओं के लिए रोजगार, अन्नदाता किसानों के उन्नयन तथा आधी आबादी के स्वावलम्बन की योजनाओं को शामिल किया गया।
अनुपूरक बजट में गरीबों के लिए नये कार्यक्रमों का प्राविधान तथा सामाजिक न्याय से जुड़ी विभूतियों, महापुरुषों, संतों व ऋषियों का सम्मान करने के लिए भी व्यवस्था।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया के स्थान पर आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन के अन्तर्गत प्रत्येक जनपद के व्यंजन को महत्व देकर आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हुए कार्यों से प्रदेश को नयी पहचान मिली, विकास की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रहीं, यू0पी0 में नो कर्फ्यू नो दंगा, यू0पी0 में अब सब चंगा।
महाराजा सुहेलदेव के नाम पर जनपद बहराइच में मेडिकल कॉलेज तथा जनपद आजमगढ़ में विश्वविद्यालय संचालित।
हमारी सरकार युवाओं की स्किलिंग, रोजगार, अच्छी शिक्षा तथा सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही, शीघ्र ही प्रदेश सरकार ‘युवा नीति’ लाने जा रही
सरकार जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए मुद्दों पर कार्य करेगी, बस स्टैंड, हॉस्पिटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी, टेक्सटाइल पार्क आदि के लिए कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर प्रदेश के कारीगरों और हस्तशिल्पियों को नमन किया।
प्रदेश के लाखों कारीगरों और हस्तशिल्पियों ने अपनी हस्तकला और कारीगरी से भारत की विरासत व भारत के स्वदेशी ब्राण्ड के साथ देश के हथकरघा उद्योग को नई ऊँचाईयों तक पहुंचाया।
लखनऊ। आज 706 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि की परियोजनाओं का उपहार अम्बेडकरनगरवासियों को प्राप्त हो रहा है। विकास का मॉडल अम्बेडकरनगर में देखा जा सकता है। यह जनपद 02 एक्सप्रेस-वे के साथ जुड़ा हुआ है। नार्थ-साउथ कॉरिडोर के अन्तर्गत सिद्धार्थनगर, बांसी, बस्ती, प्रयागराज व चित्रकूट होते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिसका केन्द्र बिन्दु जनपद अम्बेडकरनगर बनने जा रहा है। अम्बेडकरनगर के मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट के माध्यम से यहां के लोगों को ट्रॉमा व इमरजेन्सी सेवाएं देने का कार्य किया जा रहा है।
आज जनपद अम्बेडकरनगर में जलालपुर, आलापुर एवं टाण्डा विधान सभा क्षेत्रों की 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाभी तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री जी ने बाबा गोविन्द साहब धाम में पवित्र समाधि तथा श्रीरामजानकी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन व गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की। कार्यक्रम के दौरान जनपद अम्बेडकरनगर की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि आज उन्हें माँ सरयू और माँ तमसा के मध्य अवस्थित बाबा गोविन्द साहब धाम, श्रवण धाम और शिव बाबा धाम को नमन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। आज राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर वह प्रदेश के उन लाखों कारीगरों और हस्तशिल्पियों को नमन करते हैं, जिन्होंने अपनी हस्तकला और कारीगरी से भारत की विरासत व भारत के स्वदेशी ब्राण्ड के साथ देश के हथकरघा उद्योग को नई ऊँचाईयों तक पहुंचाया है। आज की तिथि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज के ही दिन 07 अगस्त, 1905 को भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वाधीनता संग्राम सेनानियों ने स्वदेशी को भारत की आजादी का मंत्र बनाया था। स्वदेशी का मंत्र आज हमारे सम्मुख हथकरघा व खादी के रूप में एक प्रेरणा बना हुआ है।
बाबा गोविन्द साहब धाम अत्यन्त पवित्र धाम है। यह सैकड़ों वर्षां से आध्यात्मिक चेतना का केन्द्र है, जो हमें अपनी विरासत से जुड़ने की प्रेरणा दे रहा है। आज बाबा गोविन्द साहब धाम में पवित्र समाधि तथा नवनिर्मित श्रीरामजानकी मन्दिर के दर्शन कर उन्हें एक आध्यात्मिक अनुभूति हुई। यहां विशाल माघ मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। सर्दी की ठिठुरन के बावजूद लोगों के मन में श्रद्धा तथा अपनी विरासत के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का भाव रहता है। अब इस मेले को राजकीय मेले के रूप में मान्यता प्राप्त होगी। इस मेले को राजकीय परम्परा व सुविधाओं के साथ जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम एक लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े हैं। लोकतंत्र की तीन आधारशिला विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका हैं। तीनों के क्षेत्र व सीमाएं निर्धारित हैं। यह बेहतर समन्वय के साथ विकास के कार्यां को गति देते हैं। हाल ही में विधान सभा सत्र के दौरान 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक धनराशि के अनुपूरक बजट को प्रस्तुत किया गया है। इसके अन्तर्गत युवाओं के लिए रोजगार, अन्नदाता किसानों के उन्नयन तथा आधी आबादी के स्वावलम्बन की योजनाओं को प्रदेश सरकार ने शामिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट में गरीबों के लिए नये कार्यक्रमों का प्राविधान तथा सामाजिक न्याय से जुड़ी विभूतियों, महापुरुषों, संतों व ऋषियों का सम्मान करने के लिए भी व्यवस्था की गयी है। महर्षि वाल्मीकि, सद्गुरू रविदास जी महाराज, बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर, छत्रपति शाहू जी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले आदि महापुरुषों के स्मारकों व मूर्तियों पर छाजन लगाने, सुरक्षा के लिए बाउण्ड्रीवॉल व गेट का निर्माण करने का प्राविधान किया गया। अनुपूरक बजट में आंगनबाड़ी, आशावर्कर व ग्राम चौकीदार के मानदेय को बढ़ाने की व्यवस्था की गयी। कोटेदारों के इन्सेन्टिव को बढ़ाने का प्राविधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में नौजवानों के समक्ष पहचान का संकट था। हस्तशिल्पी और कारीगर पलायन करने के लिए मजबूर थे। व्यापारी त्रस्त था। अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर था। आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुण्डा एवं कर्फ्यू मुक्त है। नौजवान के समक्ष अब पहचान का संकट नहीं है। नौजवानों को प्रदेश में नौकरी मिल रही है। 09 लाख से अधिक नौजवानों को प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी दी है। आज छात्रों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। कोई छात्रों की छात्रवृत्ति में हेराफेरी नहीं कर सकता। आज कोई बेटी के साथ छेड़खानी तथा व्यापारी को धमकाने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया के स्थान पर आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन के अन्तर्गत प्रत्येक जनपद के व्यंजन को प्रदेश सरकार ने महत्व देकर आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
प्रदेश सरकार द्वारा अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने तथा प्रत्येक गरीब को उसका अधिकार दिलाने का कार्य किया जा रहा है। आज प्रदेश में 16 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा कवर का लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में जो बच्चे जन्म से मूक बधिर थे, उनकी सर्जरी में 06 लाख रुपये का व्यय सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। प्रदेश में क्षेत्र, जाति, मत और मजहब के भेदभाव के बिना गरीब परिवारों के बीमार व्यक्तियों का इलाज कराया जा रहा है। अगर उनके पास आयुष्मान का कार्ड नहीं है, तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है। ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के तहत कोविड कालखण्ड में अपने माता-पिता को खोने वाले निराश्रित बच्चों की देखभाल के लिए 4,000 रुपये प्रति माह उपलब्ध कराये जा रहे हैं।
प्रदेश में विकास की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। 01 करोड़ 10 लाख लाभार्थियों को निराश्रित महिला, वृद्धावस्था तथा दिव्यांगजन पेंशन का लाभ प्रदान किया जा रहा है। आज प्रत्येक गांव में कनेक्टिविटी तथा बिजली की व्यवस्था दी जा रही है। हर खेत को पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2017 के पूर्व, प्रदेश जापानी इन्सेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया, कालाजार और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के लिए जाना जाता था। बच्चे इन बीमारियों से सहमे रहते थे। आज बच्चों का भविष्य सुरक्षित है। डबल इंजन सरकार उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रही है तथा उनके बचपन को बचा रही है।
आज यू0पी0 में नो कर्फ्यू नो दंगा, यू0पी0 में अब सब चंगा। हमने किसी विदेशी आक्रान्ता के नाम होने वाले आयोजन पर रोक लगायी। बहराइच में मेडिकल कॉलेज का नामकरण महाराजा सुहेलदेव के नाम पर किया गया है। उनकी 56 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा व विशेष स्मारक भारत को गौरव की अनुभूति कराता है। उसी स्थान पर महाराजा सुहेलदेव ने सालार मसूद गाजी को मारा था। महाराजा सुहेलदेव के नाम पर जनपद आजमगढ़ में विश्वविद्यालय संचालित है। हमारी सरकार ने वीरांगना ऊदा देवी, वीरांगना झलकारी बाई और वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर महिला पी0ए0सी0 की तीन बटालियनों का गठन किया है। इन बटालियनों में प्रदेश की बेटियों का प्रशिक्षण होगा और वह प्रदेश की सुरक्षा के लिए गुण्डों और अपराधियों का काम तमाम करने का काम भी करेंगी।
आज के नए उत्तर प्रदेश के लोग जहां कहीं भी जाते हैं, वहाँ सम्मान पाते हैं। आज से 09 वर्ष पहले यह नहीं होता था। उस समय उत्तर प्रदेश के नाम से लोग डरते थे। हमने उत्तर प्रदेश की इस पहचान को बदला है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली पर भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर का निर्माण, प्रयागराज के विकास, माँ विन्ध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य तथा मथुरा-वृन्दावन में हुए कार्यों से प्रदेश को नयी पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने श्रीराम के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिन्ह खड़ा करने का प्रयास किया था। लेकिन अब कोई श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता। भगवान श्रीराम का दुनिया का सबसे बड़ा मन्दिर आज अयोध्या धाम में बन गया है। लाखों श्रद्धालु अयोध्या धाम आकर प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं। पहली बार निषादराज गुह्य को सम्मान मिला है। श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज गुह्य की गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है, जो त्रेता युग का स्मरण कराती है। यह हमारी विरासत है। विकास और विरासत की यह यात्रा हम सबके गौरव को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में आज उन्हें अम्बेडकरनगर जनपद आने का अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं की स्किलिंग, रोजगार, अच्छी शिक्षा तथा सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश के युवाओं को मॉडर्न टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग जैसी व्यवस्थाएँ आगे बढ़ायी गई हैं।
शीघ्र ही प्रदेश सरकार ‘युवा नीति’ लाने जा रही है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग और रोजगार पर फोकस होगा। युवा ही नेतृत्व करेगा और इन क्षेत्रों में आगे बढ़कर कार्य करेगा। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर हर जनपद में इण्डस्ट्रियल एण्ड एम्प्लायमेण्ट ज़ोन बनाए जाएंगे, इनमें युवाओं की स्किलिंग के साथ-साथ उनके रोजगार की भी व्यवस्था होगी। सरकार लगातार इसके लिए कार्य कर रही है। सरकार जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए मुद्दों पर कार्य करेगी। बस स्टैण्ड, हॉस्पिटल, इन्फ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी, टेक्सटाइल पार्क आदि के लिए जो भी कार्य करना होगा, वह किया जाएगा।
सरकार गुण्डों के साथ सख्ती से निपट रही है। हमनें हर बच्चे के भविष्य को उज्ज्वल करने की दिशा में कार्य किया है। हर बहन और बेटी को सम्मान दिया जा रहा है। हर व्यापारी को सुरक्षा प्रदान की जा रही है। हर अन्नदाता किसान के चेहरे पर खुशहाली लाई गई है। हमारे कारीगर और हस्तशिल्पी सम्मान के साथ अपनी कारीगरी और हस्तशिल्प के वैभव को वैश्विक पटल पर ले जा रहे हैं।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षों में प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण एक भी दंगा नहीं हुआ। अम्बेडकरनगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। यह तभी सम्भव है, जब उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर होगा। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।



