वृक्ष धरा के आभूषण, संरक्षण हम सबका संकल्प। वृक्ष धरा के आभूषण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ रहा जन-जन। मुरादाबाद में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया वृक्षारोपण।
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को ‘पीतल नगरी’ मुरादाबाद में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण को मातृ वंदना से जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी जनआंदोलन बन चुका है। यह अभियान हमारी संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा करना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण देने का संकल्प भी है। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शुद्ध वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी माताओं के सम्मान और स्मृति में एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हरित उत्तर प्रदेश और स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।



