- मुख्यमंत्री ने जनपद बांदा में बबेरू तथा बांदा सदर विधानसभाओं की 710 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
- प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार बुन्देलखण्ड सहित सम्पूर्ण प्रदेश की जनता के सपनों को साकार कर रही।
- बुन्देलखण्ड में बेहतरीन सड़क कनेक्टिविटी प्रदान की गई, पेयजल की व्यवस्था की जा रही, प्रत्येक खेत को पानी प्रदान करने की कार्यवाही आगे बढ़ रही।
- प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सरकारी नौकरियों में बांदा के युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी।
- जनपद बांदा सप्तऋषियों की महान भारतीय परम्परा में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में महर्षि वामदेव की पावन धरा, इस जनपद ने कालिंजर जैसे अजेय दुर्ग के साथ भगवान नीलकंठ महादेव की कृपा प्राप्त की।
- आज बुन्देलखण्ड में सब कुछ, यहां महारानी दुर्गावती के नाम पर मेडिकल कॉलेज संचालित, कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय चल रहा।
- आज राजकीय पॉलीटेक्निक बबेरू का उद्घाटन तथा राजकीय पॉलीटेक्निक बांदा का जीर्णोद्धार हो रहा, यह कार्य तभी सम्भव होते, जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते।
- वर्ष 2017 से पूर्व तथा पश्चात के बांदा जनपद में स्पष्ट अन्तर दिखायी दे रहा, यह परिवर्तन राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम।
- आज यहां वीरांगना अवन्तीबाई लोधी की भव्य व दिव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया, बांदा के चौराहे व सड़कें जनमानस को आकर्षित कर रही।
- आज जनपद चित्रकूट में भगवान कामदगिरी की परिक्रमा तथा बरहा के हनुमान मन्दिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जनपद चित्रकूट सहित बुन्देलखण्ड की स्मृतियों में प्रभु श्रीराम सदैव विराजमान।
- डबल इंजन सरकार विरासत के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए, विकास कार्यों को आगे बढ़ाकर भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित कर रही।
- ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जनपद के यूनीक प्रोडक्ट को आगे बढ़ाया गया, इसमें बांदा का शजर पत्थर सम्मिलित।
- प्रत्येक जनपद में एक्सप्रेस-वे पर इण्डस्ट्रियल क्लस्टर निर्माण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया, बुन्देलखण्ड को बीडा के रूप में प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर देने जा रहे।
बांदा/लखनऊ। आज जनपद बांदा में बबेरू तथा बांदा सदर विधानसभाओं की 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान व मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, चाभी, टूलकिट, प्रतीकात्मक चेक, नियुक्ति पत्र, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र तथा आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री जी ने वीरांगना अवन्तीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण, प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार बुन्देलखण्ड सहित सम्पूर्ण प्रदेश की जनता के सपनों को साकार कर रही है। बुन्देलखण्ड में बेहतरीन सड़क कनेक्टिविटी प्रदान की गई है। पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक खेत को पानी प्रदान करने की कार्यवाही आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सरकारी नौकरियों में बांदा के युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी होती है।
मुख्यमंत्री ने जनपद चित्रकूट में पावन कामदगिरी की परिक्रमा की तथा भगवान श्री कामतानाथ, बरहा के हनुमान मन्दिर, रघुवर किशोर मन्दिर, भरत मिलाप मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अन्तर्गत सर्किट हाउस, चित्रकूट में पौधरोपण भी किया। जनपद बांदा सप्तऋषियों की महान भारतीय परम्परा में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में महर्षि वामदेव की पावन धरा है। इस जनपद ने कालिंजर जैसे अजेय दुर्ग के साथ भगवान नीलकंठ महादेव की कृपा प्राप्त की है। यह जनपद केन जैसी सदानीरा नदियों के जल के माध्यम से अभिसिंचित है। यहां के जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के परिणामस्वरूप यहां आज 710 करोड़ रुपये लागत की 229 विकास परियोजनाओं का उपहार जनपदवासियों को प्राप्त हो रहा है।

बुन्देलखण्ड की वर्तमान प्रगति को देखकर प्रसन्नता की अनुभूति होती है। वर्ष 2017 से पूर्व, पलायन और प्यास बुन्देलखण्ड की पहचान बन चुकी थी। यहां का पिछड़ापन लोगों के पलायन का कारण बन रहा था। भू व खनन माफिया तथा डकैतों के आतंक से लोग घर से बाहर निकलने में डरते थे। पाठा क्षेत्र डकैतों की फिरौती और वसूली का अड्डा बन चुका था। कनेक्टिविटी, पेयजल, सिंचाई, नौकरी-रोजगार तथा चिकित्सा आदि सुविधाओं का अभाव था। अन्नदाता किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। बेटी व व्यापारी असुरक्षित थे। बुन्देलखण्ड अपने अस्तित्व के लिए जूझ रहा था।
READ ALSO : बुलंदशहर जेल में थम नहीं रही अवैध वसूली और उत्पीड़न!
आज बुन्देलखण्ड में सब कुछ है। यहां महारानी दुर्गावती के नाम पर मेडिकल कॉलेज संचालित है। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय चल रहा है। राजकीय पॉलीटेक्निक बबेरू का उद्घाटन तथा राजकीय पॉलीटेक्निक बांदा का जीर्णोद्धार हो रहा है। सड़क कनेक्टिविटी की अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास हो रहा है। यह कार्य तभी सम्भव होते हैं, जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं। जनपद में प्रत्येक गरीब, किसान, युवा, महिला तथा जरूरतमंद को बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार भेदभाव व तुष्टीकरण की नीति पर नहीं चलती है। उपद्रव, अराजकता तथ गुण्डागर्दी पसन्द नहीं करती है। बेटियां और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाता है। वर्ष 2017 से पूर्व तथा पश्चात के बांदा जनपद में स्पष्ट अन्तर दिखायी दे रहा है। यह परिवर्तन राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है। आज यहां वीरांगना अवन्तीबाई लोधी की भव्य व दिव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया है। बांदा के चौराहे व सड़कें जनमानस को आकर्षित कर रही हैं। यहां के जनप्रतिनिधियों ने जनता के सहयोग से बांदा को व्यवस्थित शहर विकास योजना का मॉडल बनाने का प्रयास किया है। यह जनपद वीरों तथा वीरांगनाओं का सम्मान कर रहा है। यहां के पार्कों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर किया गया है। कालिंजर का अजेय दुर्ग हम सभी को सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें जनपद चित्रकूट में भगवान कामदगिरी की परिक्रमा तथा बरहा के हनुमान मन्दिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जनपद चित्रकूट सहित बुन्देलखण्ड की स्मृतियों में प्रभु श्रीराम सदैव विराजमान है। यहां की जनता के मन में उपस्थित प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का भाव हम सभी को प्रेरणा प्रदान करता है। प्रदेश का विकास तथा विरासत का संरक्षण, दोनों ही कार्य आवश्यक हैं। हम विरासत के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए, विकास कार्यों को आगे बढ़ाकर भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। डबल इंजन सरकार विरासत तथा विकास के समन्वय से कार्य कर रही है।
आज यहां बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर बन रहा है। इस कॉरीडोर के माध्यम से निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मनों के दांत खट्टे कर देती है। यह मिसाइल भारत के शौर्य व पराक्रम में वृद्धि करते हुए विजय का शंखनाद कर रही है। विकास की यह प्रक्रिया निरन्तर आगे बढ़नी चाहिए। प्रदेश सरकार द्वारा 64 हजार एकड़ भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस भूमि पर निवेश के माध्यम से युवाओं को नौकरी व रोजगार से जोड़ा जा रहा है।

बुन्देलखण्ड का युवा स्थानीय रूप से रोजगार प्राप्त कर रहा है। ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जनपद के यूनीक प्रोडक्ट को आगे बढ़ाया गया है। इसमें बांदा का शजर पत्थर भी सम्मिलित है। बड़ी-बड़ी कम्पनियां इस पत्थर को नग की जगह उपयोग कर रही हैं। अब इस पत्थर की गिनती कीमती पत्थरों में हो रही है। देश-विदेश में इसकी पहचान स्थापित हो रही है। प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 को सम्मान प्राप्त हुआ है। राज्य में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण निर्मित हुआ है। व्यापक निवेश के माध्यम से रोजगार सृजित हो रहे हैं। प्रत्येक जनपद में एक्सप्रेस-वे पर इण्डस्ट्रियल क्लस्टर निर्माण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। हम बुन्देलखण्ड को बीडा के रूप में प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर देने जा रहे हैं। आने वाले समय में देश-दुनिया के लोग बुन्देलखण्ड में नौकरी व रोजगार की तलाश में आएंगे। बुन्देलखण्ड के विकास तथा विरासत के संरक्षण के लिए यहां के जनप्रतिनिधियों द्वारा जो प्रस्ताव भेजे जाएंगे, प्रदेश सरकार उन प्रस्तावों को आगे बढ़ाकर बुन्देलखण्ड को धरती का स्वर्ग बनाने का काम करेगी।
आज यहां लोकार्पित परियोजनाओं में झांसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के उपरिगामी सेतु, बबेरू-तिन्दवारी-सुमेरपुर मार्ग तथा मौनी बाबा आश्रम जमुआ के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य, राजकीय पॉलीटेक्निक बांदा-बबेरू, श्री डाबर देवता मन्दिर तथा अरोड़ीदाई मन्दिर ग्राम अनथुवा का पर्यटन विकास एवं नवाब टैंक में म्यूजिकल फाउण्टेन, बोटिंग फैसिलिटी एवं ईको-पर्यटन विकास कार्य सम्मिलित है। अन्य लोकार्पित परियोजनाओं में खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला एवं मण्डलीय कार्यालय भवन, क्योटरा तिराहे से कलवारा ब्रह्मा डेरा मार्ग का 02 कि0मी0 लम्बाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, राजकीय हाईस्कूल इंगुआ एवं मऊ का निर्माण तथा राजकीय हाईस्कूल अमलीकौर का उच्चीकरण, राजकीय आई0टी0आई0 बाँदा में क्लास रूम, कार्यशाला, स्मार्ट क्लास व अन्य निर्माण कार्य, अपर निदेशक स्वास्थ्य चित्रकूट धाम मण्डल का कार्यालय भवन, भूरागढ़ किले पर पार्किंग एवं यात्री सुविधाओं तथा रिवर फ्रण्ट का विकास, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय हरदौली में ट्रांजिट हॉस्टल तथा कान्हा गौशाला मौजा हटेटीपुरवा आदि सम्मिलित हैं।
यहां जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है, उनमें बांदा विकास प्राधिकरण की मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना (ग्राम महोखर), बांदा-बबेरू-कमासिन-राजापुर मार्ग का 3.10 कि0मी0 लम्बाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, बाँदा-बहराइच मार्ग से बाँदा-बबेरू मार्ग से पुराने बाईपास मार्ग तक कि0मी0 01 से 04 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, राजकीय पॉलीटेक्निक, बाँदा का जीर्णोद्धार, सिंचाई (यांत्रिक संवर्ग) का कार्यालय भवन एवं आवासीय भवनों की निर्माण परियोजना, केन नहर प्रखण्ड बाँदा के विभिन्न श्रेणी के आवास, कबीर आश्रम, ग्राम पंचायत भरखरी का पर्यटन विकास, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के मुख्य भवन की मरम्मत एवं नवीनीकरण सम्मिलित हैं।
शिलान्यास की गई अन्य परियोजनाओं में बांदा-बबेरू-कमासिन-राजापुर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर सामान्य मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य, बबेरू-तिन्दवारी-सुमेरपुर मार्ग स्थित गड़रा नाले पर लघु सेतु का निर्माण, सांडा-राजवाहा के कि0मी0 0.00 से 23.900 तक पुनर्स्थापना एवं सीमांकन कार्य, पल्हरी-मिलाथू सम्पर्क मार्ग के अवशेष भाग का निर्माण कार्य, 132 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र बबेरू एवं सम्बन्धित पारेषण लाइन का निर्माण, वृहद गौ-संरक्षण केन्द्र, ग्राम जलालपुर आदि निर्माण कार्य सम्मिलित हैं। कार्यक्रम के दौरान जनपद बांदा के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बांदा सहित सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। वर्ष 2017 से पूर्व बुन्देलखण्ड दस्यु प्रभावित क्षेत्र था। मुख्यमंत्री जी ने बुन्देलखण्ड सहित सम्पूर्ण प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ की है। सुरक्षा के बेहतरीन वातावरण में विकास परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। इस अवसर पर जनपद बांदा के प्रभारी मंत्री तथा उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी, जितेन्द्र सिंह सेंगर, विधायक प्रकाश द्विवेदी तथा ओममणि वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



