हिमांशु दुबे
लखनऊ। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज रविवार को उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन लखनऊ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने की अपील की। नितिन नबीन ने विपक्ष पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बाँटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम से पूर्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित होटल ताज में एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक की। इसके पश्चात उन्होंने लखनऊ सदर के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी दौरा किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक और प्रदेश महानमंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
नवीन ने कहा कि जिस प्रकार की ऊर्जा मुझे चारों ओर दिखाई दे रही है, वह इस बात का परिचायक है कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शक्ति केंद्रों की ताकत, उनके संयोजकों के परिश्रम और मेहनत के बल पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने का संकल्प लेकर तैयार बैठा है। जब कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा साथ होती है, तब विपक्ष चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उसे धूल चटाने का काम करेगा। उत्तर प्रदेश जैसा विशाल भौगोलिक राज्य, जहाँ भारत की आत्मा बसती है और जहाँ प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ, वह सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम केवल आदर्श ही नहीं, बल्कि सभी को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी देते हैं। जब व्यक्ति आस्था के साथ स्वयं को उनसे जोड़ता है तो उसे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यह भूमि ऋषियों, संतों और महापुरुषों की भूमि है, जिसने केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को संदेश देने वाले महान व्यक्तित्व दिए हैं। उत्तर प्रदेश की इस पवित्र भूमि और मिट्टी ने भारत की आत्मा और संस्कृति को नई दिशा दी है। हम आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी स्मरण करते हैं, यह उनकी कर्मभूमि रही है, जहाँ से कार्यकर्ताओं ने प्रेरणा लेकर देश को नेतृत्व देने का कार्य किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भ्रमण करते समय मुझे गर्व की अनुभूति हुई। उत्तर प्रदेश ने विकास और विरासत के क्षेत्र में अनेक कार्य किए हैं, लेकिन राष्ट्र प्रथम के उद्घोष को साकार करने के लिए जिस प्रकार श्रद्धेय डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमाओं के साथ इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया है, वह आने वाले वर्षों तक केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रेरणा देता रहेगा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व विकास और विरासत को साथ लेकर चलता है। इस प्रेरणा स्थल से शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। इस प्रेरणा स्थल का उद्घाटन आदरणीय प्रधानमंत्री ने किया है। मुझे कॉफी टेबल बुक देखने का अवसर भी मिला और जिस सोच और विचार के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, उसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार विकास और विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
भीषण गर्मी के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में कमल खिलाने के लिए तैयार रहता है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और क्षेत्रीय दबंगों का राज देखा था। उस समय प्रत्येक जिले में अलग-अलग दादा, गुंडे और माफिया का प्रभाव था, जबकि लखनऊ में बैठी सरकार अलग ढंग से चलती थी। आज जहाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट का विजन है, वहीं पहले प्रत्येक जिले में अलग-अलग दबंगों का मॉडल चलता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गुंडाराज और माफियाराज को केवल जिलों से ही नहीं, बल्कि गाँवों और कस्बों से भी समाप्त करने का कार्य किया है।
नवीन ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से प्रदेश की नई तस्वीर पूरे देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत हो रही है। विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का जो मॉडल अपनाया गया है, उसे राज्य का नेतृत्व प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। एक समय इस देश में यह कहा जाता था कि दिल्ली से भेजा गया एक रुपया गरीब तक पहुँचते-पहुँचते केवल 15 पैसे रह जाता है। लेकिन आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनधन खातों के माध्यम से ऐसी व्यवस्था बनाई है कि चाहे केंद्र सरकार हो या योगी आदित्यनाथ सरकार, गरीब के लिए भेजा गया एक-एक रुपया सीधे उसके खाते तक पहुँचता है। यह बहुत बड़ा परिवर्तन है। पहले बिचौलियों का राज था और दिल्ली तथा लखनऊ में बैठी सरकारें उसका लाभ उठाती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश को उस बदहाली, तुष्टिकरण और अराजक नीतियों से बाहर निकालने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है।
जिस उत्तर प्रदेश और बिहार को कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के कारण दोनों राज्य विकास के अनेक पैमानों पर अग्रणी बनकर उभरे हैं। जिन राज्यों में कभी अपराधियों और जंगलराज का बोलबाला था, वहाँ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपराधियों के शासन का अंत किया है। एक समय ऐसा था जब महिलाएँ शाम के बाद घर से निकलने में डरती थीं और परिवार के सदस्य के सुरक्षित लौटने को लेकर संशय में रहती थीं, लेकिन आज महिलाएँ गर्व से कहती हैं कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाले शासन में सुरक्षित हैं। आज देश के प्रधानमंत्री युवा, महिला, गरीब और किसान की बात करते हैं। देश की आधी आबादी को सम्मान दिलाने के लिए 12 करोड़ शौचालय बनाए गए और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान दिया है तथा आगे भी उन्हें अधिक अधिकार देने की दिशा में कार्य कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विरासत को सहेजने का कार्य भी अभूतपूर्व ढंग से किया गया है। पहले काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुँचने के लिए संकरी गलियों से गुजरना पड़ता था और उन्हें यह देखकर पीड़ा होती थी कि भोले बाबा का धाम सीमित हो गया है। आज काशी विश्वनाथ धाम का स्वरूप देखकर प्रत्येक भारतीय को गर्व होता है और गंगा तट पर स्थित इस भव्य धाम के दर्शन से श्रद्धा और गौरव की अनुभूति होती है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर को लेकर कुछ लोग आज भी प्रश्न उठाते हैं, जबकि यही वे लोग हैं जिन्होंने कभी प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाया था, सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर उन्हें काल्पनिक बताया था और रामसेतु के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए थे। यही वे लोग हैं जिन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियाँ चलवाई थीं। ऐसे लोग आज आस्था की बात करते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पाँच सौ वर्षों के संघर्ष और लंबे समर्पण के बाद प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कोई भी प्रभु श्री राम मंदिर की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता और आवश्यकता पड़ने पर भारतीय जनता पार्टी हर स्तर पर कार्रवाई भी करेगी तथा आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित करेगी।

श्री नवीन ने कहा कि हिंदू विरोधी ताकतों ने हमेशा हिंदू धर्म, हिंदू देवी-देवताओं और देश की आस्था का अपमान किया है। यदि राहुल गांधी, अखिलेश यादव या अरविंद केजरीवाल जैसे नेता आज राजनीति के लिए हिंदू आस्था का सहारा लेना चाहते हैं, तो वे यह न समझें कि हिंदू समाज उनके झाँसे में आ जाएगा। जब-जब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान हुआ, तब ये लोग मौन रहे। तमिलनाडु में हिंदू पूजा पद्धति पर सवाल उठे, बिहार में रामचरितमानस का अपमान हुआ और हिंदू आस्था को ठेस पहुँचाई गई, तब भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने चुप्पी साधे रखी। कारसेवा आंदोलन के दौरान मेरे पिता भी पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे और उन्हें दो महीने तक जेल में रहना पड़ा था। उस समय मैं स्वयं छोटा था और परिवार को यह चिंता रहती थी कि मेरे पिताजी कब लौटेंगे। भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने अपनी आस्था के लिए संघर्ष और बलिदान दिया है। विपक्ष की विरासत हिंदुओं पर गोलियाँ चलाने की रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की विरासत अपनी आस्था और देवी-देवताओं के लिए बलिदान देने की रही है। भारतीय जनता पार्टी ने विरासत को संजोया है, उसे आगे भी सुरक्षित रखेगी और प्रत्येक हिंदू को उस पर गर्व करने के लिए प्रेरित करेगी।
श्री नवीन ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए आया हूं और लखनऊ के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर मुझे विश्वास हुआ है कि प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता विपक्ष को करारा जवाब देगा तथा जनता के बीच प्रत्येक विषय पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगा। वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देशवासियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी। भारत ने अपनी कूटनीतिक और राजनीतिक नीति के माध्यम से सभी देशों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखे और इसी कारण वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रही। राष्ट्र प्रेरणा स्थल मुझे भी प्रेरित करता है। यहां बैंठे शक्ति केंद्र के सभी संयोजक उस दल के कार्यकर्ता हैं, जिसके नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी रहे हैं। एक ने एक भारत श्रेष्ठ भारत, दूसरे ने अंत्योदय और तीसरे ने सुशासन का मंत्र दिया। आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी इन तीनों विचारों को एक साथ लेकर जनता की सेवा कर रहे हैं। कल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती है और मुझे उस स्थान पर जाने का अवसर मिलेगा जहाँ उन्होंने अनुच्छेद 370 को समाप्त कराने के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया था। जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष ने राष्ट्रहित के लिए अपने प्राण न्योछावर किए और भारतीय जनता पार्टी की परंपरा राष्ट्र तथा आस्था के विषयों पर हर प्रकार का बलिदान देने की रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अनुच्छेद 370 समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को नई दिशा देने का कार्य किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2011 की राष्ट्रीय एकता यात्रा के समय मैं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री था। उस समय जब हम श्रीनगर के लाल चौक पर 26 जनवरी को तिरंगा फहराने की अनुमति लेने गए, तब प्रशासन ने कहा था कि तिरंगा फहराने से घाटी में अशांति फैल जाएगी। यह उस समय का भारत था, जब राष्ट्रध्वज के सम्मान को लेकर भी संकोच का वातावरण था। उस समय राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव जैसे नेता मौन थे। लाल चौक पर पाकिस्तान का झंडा लहराता था और केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर की सरकारें चुप रहती थीं। बाद में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में परिस्थितियाँ पूरी तरह बदल गईं। आज लाल चौक पर गर्व के साथ तिरंगा लहराता है और प्रत्येक भारतीय को यह देखकर गर्व होता है कि नया भारत अपने राष्ट्रध्वज के सम्मान के लिए दृढ़ता से खड़ा है। वर्ष 2012 में जब हम तवांग यात्रा पर गए, तो उस समय चीन की सीमा तक उत्कृष्ट सड़कें थीं, जबकि भारत की ओर सड़कें कच्ची थीं। सैनिकों और स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि 1962 के बाद तत्कालीन सरकारों की सोच यह थी कि यदि सीमा तक सड़कें बना दी गईं तो विदेशी ताकतों को लाभ मिलेगा। आज आदरणीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सीमा तक चार लेन सड़कें बन रही हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि नया भारत राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देता है।
श्री नवीन ने कहा कि आज भारत के सैनिक गर्व के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं, क्योंकि सीमाओं पर सड़कें भी बन रही हैं और आधुनिक एयरबेस भी तैयार किए जा रहे हैं। यह स्पष्ट करता है कि देश को ऐसा निर्णायक नेतृत्व मिला है जिसकी नीयत स्पष्ट है, नीतियाँ स्पष्ट हैं और जिसमें निर्णय लेने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि ऐसा नेतृत्व यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश से जो जनादेश निकलेगा, वह केवल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की हैट्रिक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्ष 2029 में दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त करेगा। पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ बूथ जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। हमें विश्वास है कि यदि शक्ति केंद्र का प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्प लेकर अपने बूथ को मजबूत करने में जुट जाएगा, तो वह बूथ, जिला, प्रदेश और राष्ट्र, सभी को शक्ति प्रदान करेगा। विपक्ष चाहे कितना भी एकजुट हो जाए, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को उससे डरने की आवश्यकता नहीं है। भारतीय जनता पार्टी नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट के सिद्धांत पर कार्य करती है। देश की मिट्टी के लिए प्राण न्योछावर किए जा सकते हैं, लेकिन देश की मिट्टी के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं का आह्वान किया था कि एक लाख से अधिक युवा राजनीति में आएँ और देश का नेतृत्व करें। भारतीय जनता पार्टी ऐसा संगठन है जहाँ बूथ और शक्ति केंद्र पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का अवसर प्राप्त कर सकता है। यही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है। विपक्षी दलों में केवल परिवार विशेष में जन्म लेने वाला व्यक्ति ही शीर्ष पद तक पहुँच सकता है। जब-जब देशहित का विषय आया, तब राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों से समझौते किए और देश के सम्मान का उपहास उड़ाया। उन्हें भारत के इतिहास, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर नहीं, बल्कि केवल अपने परिवार पर गर्व है। कांग्रेस आज समाप्तप्राय स्थिति में पहुँच चुकी है। इस बार भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी की राजनीति को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरेगा। इस बार साइकिल पंचर नहीं, खराब ही हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर कार्य करती है, जिसे आदरणीय प्रधानमंत्री ने देश को दिया है। भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और उसके विकास तथा सुरक्षा के लिए कार्य करने में विश्वास रखती है। पार्टी किसी व्यक्ति की जाति या समाज नहीं देखती, बल्कि यह देखती है कि वह भारत माता का पुत्र है और उसके विकास तथा सम्मान के लिए कार्य किया जाना चाहिए।

श्री नवीन ने कहा कि आने वाले समय में विपक्षी दल समाज को बाँटने का प्रयास करेंगे। जिस प्रकार अंग्रेजों ने डिवाइड एंड रूल की नीति अपनाई थी, उसी प्रकार कांग्रेस और अखिलेश यादव की राजनीति भी समाज को विभाजित करने का प्रयास करती है। अब समय बदल चुका है। यह यशस्वी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का समय है और अब देश तथा समाज को कोई बाँट नहीं सकता। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प शक्ति केंद्र का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरा करेगा। यदि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार करना है, तो भारतीय जनता पार्टी को लगातार प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना होगा। पूर्वजों और वरिष्ठ नेताओं ने संघर्ष और समर्पण से संगठन को इस ऊँचाई तक पहुँचाया है, अब वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह उसी समर्पण के साथ नए भारत की नई इबारत लिखे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि भीषण गर्मी में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन के पात्र हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही नेतृत्व की सबसे बड़ी शक्ति होती है। यदि कार्यकर्ता इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो भारतीय जनता पार्टी ऐसी ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी जिसकी विपक्ष ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी को परम वैभव तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नबीन की मौजूदगी में रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी समेत सभी अतिथियों ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई, फिर कहा कि शक्ति केंद्र भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्रबिंदु है, जहां एक-एक मतदाता से हमारा संवाद शुरू होता है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमेशा कहा है कि चुनाव विधानसभा, लोकसभा, जनपद या प्रदेश स्तर पर नहीं लड़ा जाता है। चुनाव का केंद्र बिंदु बूथ और शक्ति केंद्र होता है, यह दोनों मजबूत हैं तो चुनाव हमारे पाले में आएगा ही और उसके रखवाले के रूप में शक्ति केंद्र संयोजकों की बड़ी भूमिका है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा, कहा कि लैंड जेहाद-लव जेहाद व थूक जेहाद का समर्थन करने वालों को आस्था की नहीं, बल्कि वोटबैंक की चिंता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब शक्ति केंद्र मजबूत होगा तो पश्चिम बंगाल जैसी जीत प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की जीत है। कभी घुसपैठ, अराजकता का अड्डा बने पश्चिम बंगाल में भाजपा के अनगिनत कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया, वहां बहुमत से भाजपा सरकार बनना यह दर्शाता है कि शक्ति केंद्र मजबूत है तो सब कुछ हमारे हाथ में है। प्रदेश अध्यक्ष ने शक्ति केंद्र को कार्ययोजना दी है। हर माह के अंतिम रविवार को हर बूथ-शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता ‘मन की बात’ सुनें और प्रधानमंत्री के कहे गए बिंदुओं को नोट करें। अपने प्रदेश से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा करें। आवश्यक कार्यों को नोट कर उसे लागू करेंगे तो हम लंबे समय तक भाजपा व देश के लिए कार्यकर्ताओं की ऐसी फौज खड़ी करा देंगे, जो राष्ट्र के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण टीम के रूप में दिखाई देगी।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी में आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर सम-विषम परिस्थिति में कार्य करने में सक्षम है। इस भीषण गर्मी में राष्ट्रीय अध्य़क्ष भी दौरे कर रहे हैं। कल सुबह 11 बजे से वे अनवरत कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार आपकी है। कोई भी आपके हितों, मूल्यों व सम्मान के विपरीत आचरण नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष पर 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देशवासियों को समर्पित किया था। यहां तीन महान विभूतियों (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी) के जीवन दर्शन पर आधारित 65-65 फुट ऊंची प्रतिमाएं लगी हैं। यहां संग्रहालय के माध्यम से देश व वर्तमान पीढ़ी को नई प्रेरणा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने शासन की स्थिरता पर जोर देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थिरता के बिना शासन स्थिर नहीं हो सकता। भारत के अंदर राजनीतिक अस्थिरता समाप्त हो और शासन में स्थिरता आए, अटल बिहारी वाजपेयी इसकी प्रेरणा हैं। 1996 में अटल जी ने 13 दिन की सरकार से इस्तीफा देकर कहा था कि हम चुनाव का मुकाबला करेंगे। 1998 से 2004 तक स्थिर सरकार देकर भारत में राजनीतिक स्थिरता लाकर सुशासन का मॉडल दिया। मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले की सरकारें माफिया पालती थीं। लूटपाट के लिए हर जनपद में अपने गुर्गों से कट्टा और बम बनवाती थीं। हम देश की सुरक्षा के लिए लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। हमारे लिए राष्ट्र सुरक्षा और उनके लिए लूटतंत्र मजबूत करना महत्वपूर्ण था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वे लोग हैं, जिनकी अपनी विचारधारा नहीं है। भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करना उनके दैनिक दिनचर्या का हिस्सा है। उनकी आस्था तब आहत नहीं होती है, जब वे बाबरी ढांचे का समर्थन करते हैं। लैंड जेहाद, लव जेहाद व थूक जेहाद का समर्थन करने वालों को भारत व उत्तर प्रदेश की आस्था की नहीं, बल्कि वोटबैंक की चिंता होती है। भारत की आस्था को आहत करने के लिए यह लोग प्रहार करने से भी नहीं चूकते। विकास, सुरक्षा, सुशासन के मॉडल के साथ डबल इंजन सरकार युवा, आधी आबादी, किसान, गरीब तक शासन की योजनाओं का लाभ बिना रुके, डिगे, झुके पहुंचा रही है। विपक्षियों (सपा-कांग्रेस) की यही चिंता है कि जिन्हें यह जाति, धर्म के नाम पर बांटते थे, उस गरीब, महिला, किसान, नौजवान को डबल इंजन सरकार अपने साथ जोड़ रही है। विपक्षी दल विभाजन की सारी मेहनत का ठीकरा फोड़कर भारत की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जी ने कहा कि ये प्रेरणा स्थल हमारे देश के तीन महान विभूतियों, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को समर्पित है। इन तीनों ने ही हमारी पार्टी को सींचा है और वह वैचारिक आधारशिला दी है। इस प्रेरणा स्थल का लोकार्पण पिछले वर्ष 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किया गया था। जिन्होंने इन तीनों महान विभूतियों की विचारधारा को पिछले बारह वर्षों में जमीन पर उतारने का काम किया। ये हमारा परम सौभाग्य है कि इस प्रेरणा स्थल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय नितिन नवीन जी का हमें मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का मार्गदर्शन हमें आने वाले समय में दिशा भी देगा और ऊर्जा भी देगा। उन्होंने कहा कि मुझे अत्यंत गर्व है कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी का, जो मार्गदर्शन मिल रहा है, उससे भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रगति के पथ पर है और हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बने हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में, देश में जो जनकल्याणकारी काम हुए हैं, अंतिम व्यक्ति तक जो सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा जिस तरीके से देश को वैश्विक पटल पर एक नया सम्मान दिलाने वाले काम हुए हैं, गुलामी की मानसिकता से बाहर लाने वाले काम हुए हैं, हमें इन सब को धरातल पर जन-जन तक ले जाना है। उन्होने कहा कि नौ वर्षों में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का रंग-रूप बदला है, कानून व्यवस्था बदली है, उद्योग लगे हैं, बिजली का संकट दूर हुआ है, प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है। एक तरफ जहाँ हमारे पास विकास का विजन है वहीं विपक्ष परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टीकरण को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि 2012-17 के दौरान उत्तर प्रदेश में माफिया राज था, गुंडागर्दी थी, वन डिस्ट्रिक वन माफिया का नारा था, धर्म विशेष को हर तरह की छूट थी, खस्ताहाल सड़कें थी, खस्ताहाल कानून व्यवस्था थी, विकास के नाम पर सिर्फ कुछ परिवारों का विकास था। इन्ही सब समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए प्रदेश की जनता ने 2017 में दंगा करने वालों को छोड़कर गंगा वालों को चुना और इस बार भी चुनेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वाेपरि है और शक्ति केंद्र हमारे संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा और राजनीतिक लड़ाई के असली सेनापति शक्ति केन्द्र संयोजक हैं। 2027 के चुनाव में शक्ति केंद्र संयोजकों की अग्रणी भूमिका रहेगी। आज इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल की पावन ऊर्जा को अपने भीतर समेटकर, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के मार्गदर्शन में, हम सब संकल्प लें कि हम अपने केंद्रीय नेतृत्त्व के मार्गदर्शन में काम करते हुए, अथक परिश्रम करते हुए 2027 में न केवल 2017 और 2022 के इतिहास को दोहराएंगे, बल्कि एक नया इतिहास भी बनाएंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने शक्ति केन्द्र संयोजको से संवाद करते हुए कहा कि 2027 में साईकिल पंचर करके सैफई भेजने का काम करना है। श्री मौर्य ने कहा कि शक्ति केन्द्र संयोजको का यह सम्मेलन साधारण नहीं है। 2027 में 2017 से बड़ी विजय का गणेश राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर गोमती के तट से होने जा रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस तरह माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया, विकास की गंगा बहाने का काम किया, गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाने का काम किया, बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का काम किया, उसी तरह योगी जी के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने का काम करना है। उन्होंनेे कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 तक जाइए सब भूल, याद रखिए नरेन्द्र मोदी और कमल का फूल।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा था कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं। गरीब, महिला, किसान व युवा ही वह चार जातियां है, जिनकी सामाजिक व आर्थिक उन्नति के लिए मोदी जी लगातार काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन जी का सम्मान देश के युवाओं का सम्मान है। नितिन नबीन जी के नेतृत्व में युवा पूरे देश में इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेगें कि भाजपा 2027 में फिर एक बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ आएगी और 2029 में फिर एक बार मोदी जी के नेतृत्व में देश में भाजपा की सरकार बनेगी। महिला आरक्षण बिल का विरोध करके सपा व कांग्रेस ने महिलाओं के हक पर डाका डालने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं सपा व कांग्रेस को सबक सिखाने का काम करेंगी। उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले गुंडाराज व माफियाराज था, लेकिन योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश गुंडा, बदमाश, माफियाओं से मुक्त हुआ और कानून का राज स्थापित हुआ।



