
मुलायम सिंह यादव परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस।अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव महज 38 साल के थे। तबीयत खराब होने पर प्रतीक को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बीच उनका निधन हो गया।
उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े यादव परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का मंगलवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे मात्र 38 वर्ष के थे।
जानकारी के मुताबिक, देर रात से ही उनकी तबीयत खराब होने लगी थी। हालत ज्यादा बिगड़ने पर सुबह करीब 6 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। अभी तक अस्पताल की ओर से आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, इसलिए बीमारी की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फिटनेस और सामाजिक सेवा से जुड़ा था जीवन
प्रतीक यादव लखनऊ स्थित “फिटनेस प्लैनेट” जिम के मालिक थे और फिटनेस को लेकर काफी सजग माने जाते थे। इसके अलावा वे “जीव आश्रय” नामक संस्था भी चलाते थे, जहां स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, रेस्क्यू और देखभाल का कार्य किया जाता था। उनके करीबी लोगों का कहना है कि प्रतीक यादव पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन बीमारी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी। फिटनेस को लेकर सजग रहने वाले प्रतीक के अचानक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
राजनीति से दूर लेकिन चर्चाओं में रहते थे
प्रतीक यादव यादव परिवार के सदस्य होने के बावजूद सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी और अपना अधिकांश समय व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में बिताते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। लखनऊ के सिविल अस्पताल में नेताओं, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का पहुंचना लगातार जारी है। प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। यादव परिवार के लिए यह एक बेहद भावुक और कठिन समय माना जा रहा है।























