भाजपा अन्त्योदय के संकल्प को पूर्ण करेगी-स्वतंत्र देव सिंह

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्षों व क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि आपको जनता ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है इसके लिए आप सभी का अभिनंदन। आप सभी को भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास के अनुरूप गरीब, वंचित, उपेक्षित वर्ग की सेवा करना हैं। उन्होंने कहा कि डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीनदयाल उपाध्याय एवं देश के गौरव अटल बिहारी बाजपेयी के बताये मार्ग पर चलकर अन्त्योदय के संकल्प को पूर्ण करना है। आप सभी गांव की सरकार का नेतृत्व कर रहे है। आपको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की योजनाओं से गांव को खुशहाल बनाने की बड़ी जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विजय संकल्प के साथ आपको चुनाव अभियान में जुटना है और 2022 में फिर से कमल खिलाना है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमखों के सम्मेलन में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा0 दिनेश शर्मा उपस्थित रहे। पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने किया।


स्वतंत्र देव सिंह ने इदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित जिला पंचायत एवं ब्लाक प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में राजनैतिक कार्यकर्ता की परिभाषा को बदलने का काम किया है। कोरोना जैसी महामारी के समय पार्टी के कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यो के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सभी चुनावों में सफल रही है।उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमकों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी जैसा गरीबों के लिए समर्पित नेतृत्व मिला। मोदी जी के अदम्य राजनीतिक साहस से अनुच्छेद 370 को समाप्ति, राम मंदिर निर्माण का प्रशस्त मार्ग और गरीबों की खुशहाली की योजनाओं जैसे बड़े निर्णय संभव हो सके। उन्होंने कहा कि जब कमल खिलता है तो राष्ट्र की समस्या का समाधान होता है। भाजपा ही एक मात्र दल है जिसमें कोई भी साधारण कार्यकर्ता अपने परिश्रम से प्रधानमंत्री या राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित किसी भी दायित्व पर पहुंच सकता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुखों का आहवान किया कि वे गांव, गरीब, किसान, नौजवान सहित समाज के सभी वर्ग के लोगों के कल्याण के संकल्प के साथ जन-जन तक मोदी-योगी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुचाने के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य करे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लाक प्रमुख सम्मेलन में विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विपक्ष के सभी नेता जनता को उसके हाल पर छोड़ घरों में बैठ गये थे। खुद को स्वघोषित क्वॉरेंटाइन कर लिया था। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और प्रदेश की सरकार ने कोरोना पर सफल नियंत्रण तो किया ही साथ ही गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से समाज के निचले पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति की चिंता भी की।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सफलतापूर्वक सबको खाद्यान्न वितरण कराना रहा हो या सब को अन्न का वितरण करना हो, जनधन के खातों में पेंशन समेत अन्य धन राशियां उपलब्ध कराई गईं। 80 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। नवंबर 2020 तक और फिर दूसरी लहर में मई 2021 से नवंबर 2021 तक सभी गरीबों को निशुल्क खाद्यान्न वितरण कराने का कार्य किया गया। सीएम योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के 9 महीने के अंदर ही सबको वैक्सीन मुफ्त में प्रदान की गई। 5 करोड़ 33 लाख वैक्सीन हमने उत्तर प्रदेश में लगाई हैं। जिनमें से 02 करोड़ 28 लाख से अधिक वैक्सीन 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को लगाई गई हैं। फ्री वैक्सीन का सुरक्षा कवच प्रधानमंत्री की ओर से देश के नागरिकों को उनके जीवन और उनकी जीविका को बचाने की कोशिश के रूप में दिया गया। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सम्बोधित किया। नड्डा ने योगी सरकार के कार्यों की जमकर सराहना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप सब कार्य योजना बनाकर कार्य करेंगे तो आप की एक नई छवि विकास की उभरेगी। उन्होंने सम्मेलन में शामिल हुए समस्त कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको मिला दायित्व सिर्फ सम्मान नहीं है बल्कि आपके आगे की प्रोग्रेस भी इसी पर निर्भर करेगी। इसलिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आप सबको कार्य करना है। सीएम योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और पुरुषार्थ से आज हम प्रदेश में त्रिस्तरीय चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में जीत प्राप्त कर इस स्थिति में पहुंचे हैं। संगठन के सम्मान की रक्षा आपको करना है।
मुख्यमंत्री श्री योगी जी ने कहा कि ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आपस में बेहतरीन समन्वय हो। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के भाव की धुरी आप सबको बनना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ है। हमें सतर्क रहना होगा। अपने-अपने क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन के अभियान पर ध्यान देना होगा। कैसे हम अपने पंचायत को एक आदर्श ग्राम पंचायत बना सकते हैं इस पर कार्य करना होगा। सरकार ने अपनी कुछ प्राथमिकताएं तय की हैं, आप सब सरकार की प्राथमिकता में सहयोग करें। एक साथ टीम वर्क करके रिजल्ट दें। हर एक व्यक्ति को पार्टी के साथ जोड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button