छात्रों ने बताई अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता

सातवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न। छात्रों ने बताई अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता।

प्रतापगढ़। आयुष विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा सातवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर ‘‘हर दिन हर घर आयुर्वेद’’ अभियान के अन्तर्गत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी के सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने दीप प्रज्जवलन कर किया। विधायक सदर ने आयुष प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होने औषधीय पौधों, किचन मसालों, जड़ी बूटी, होम्योपैथ आयुर्वेद, योग एवं यूनानी स्टाल का अवलोकन किया। प्रतियोगिता में जिले के 105 विद्यालयों के 105 बच्चों ने प्रतिभाग किया।

भाषय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सेन्ट एन्थोनी इण्टर कालेज की इवा पाण्डेय, दूसरे स्थान पर भारत सिंह इण्टर कालेज पट्टी की कीर्ति तिवारी एवं तीसरे स्थान पर सुखराजी देवी इण्टर कालेज उड़ैयाडीह की निकी तिवारी रही। स्प्रिंग डेल्स एकेडमी की अनन्या खरे तथा संगम इण्टरनेशनल स्कूल के आदित्य शुक्ला को सांत्वना पुरस्कार मिला। पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किया। इवा तिवारी एवं निकी 17 अक्टूबर को मण्डल स्तर पर होने वाली भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। सभी छात्रों ने आयुर्वेद में बताये गये स्वास्थ्य के सूत्रों दिनचर्या, ऋतु चर्या, आहार विहार, स्वस्थ जीवन शैली, योग प्राणायाम के विषय में रोचक जानकारियां दी।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा0 सरोज शंकर राम के संयोजन में जिले मे बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का यह एक भव्य आयोजन था। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा0 आनन्द सिह कुशवाहा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, डायट प्रवक्ता अमरेन्द्र मिश्र ने निर्णायक मण्डल में छात्रों का मूल्यांकन किया। धन्यवाद डा0 रंगनाथ शुक्ल ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डा0 आशीष कुमार त्रिपाठी एवं डा0 आकांक्षा पाण्डेय ने किया। यह जानकारी डा0 अवनीश पाण्डेय नोडल अधिकारी राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस द्वारा दी गयी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button