Saturday, May 30, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी ‘प्रगति पथ यात्रा’

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी ‘प्रगति पथ यात्रा’

24
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी ‘प्रगति पथ यात्रा’
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी ‘प्रगति पथ यात्रा’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उ0प्र0 में आगामी 05 जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को समर्पित व्यापक जनसम्पर्क अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास की परिवर्तनकारी यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाए जाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त की। अभियान के माध्यम से इन उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। आगामी 05 जून से 21 जून के मध्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘प्रगति पथ यात्रा’ आयोजित की जाएगी। 05 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अन्तर्गत प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम, 08 जून से 14 जून तक जनसम्पर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च तथा 11 एवं 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे।

13 एवं 14 जून को सांसद एवं विधायकगण मीडिया संवाद के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। 14 से 16 जून के बीच सभी विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण मेलों, 16 एवं 17 जून को जनपद स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 18 एवं 19 जून को विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों को प्रबुद्ध जनों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ वन-टू-वन संवाद स्थापित करने के निर्देश। सभी कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। यह अभियान जनता से सीधे संवाद स्थापित करने, लाभार्थियों तक पहुंचने, उनकी अपेक्षाओं को समझने तथा विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को सशक्त जनआंदोलन में परिवर्तित करने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने आज यहां मंत्रिमण्डल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित एक बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में आगामी 05 जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को समर्पित व्यापक जनसम्पर्क अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास की परिवर्तनकारी यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। केन्द्र और राज्य सरकारों ने समन्वित प्रयासों से समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। अभियान के माध्यम से इन उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।


केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, किसान कल्याण, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, गरीब कल्याण, रोजगार सृजन, निवेश, आधारभूत संरचना विकास, कानून-व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं तथा सुशासन के क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तनों, उपलब्धियों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। सभी मंत्रिगण अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में पर्याप्त समय व्यतीत करें तथा अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। समाज के विभिन्न वर्गों, प्रबुद्ध जनों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और व्यापारिक संगठनों के साथ व्यापक संवाद स्थापित किया जाए।


यह निर्णय लिया गया कि आगामी 05 जून से 21 जून के मध्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर की ‘प्रगति पथ यात्रा’ आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधिगण गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे तथा ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। ग्राम्य विकास विभाग इस कार्यक्रम का समन्वय करेगा तथा सांसद एवं विधायकगण सक्रिय रूप से इसमें सहभागिता करेंगे।सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को प्रबुद्ध जनों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ वन-टू-वन संवाद स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर व्यापक जनसंवाद स्थापित किया जाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अन्तर्गत प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। प्रत्येक विकास खण्ड एवं नगरीय निकाय में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से सम्बन्धित गोष्ठियों का आयोजन किया जाए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों तथा आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि इसे जनआन्दोलन का स्वरूप दिया जा सके। प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। सभी कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।


08 जून से 14 जून तक जनसम्पर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च आयोजित किए जाएंगे। 11 एवं 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे, जबकि इसके उपरान्त मंत्रिगण जनपद स्तर पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। 13 एवं 14 जून को सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में मीडिया संवाद के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून के बीच प्रदेश के सभी विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण मेलों का आयोजन किया जाए। इन मेलों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। साथ ही, आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य मेले और अन्य जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि 16 एवं 17 जून को जनपद स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएं। इनमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करें तथा प्रबुद्ध वर्ग, युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठनों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्थानों पर ऑन द स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गोष्ठियां आयोजित कर किसानों, कृषि विशेषज्ञों तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को अभियान से जोड़ा जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार की योजनाओं और विकास यात्रा से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया जाए। 18 एवं 19 जून को केन्द्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं। आकर्षक माध्यमों से उपलब्धियों का प्रभावी प्रदर्शन किया जाए। आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 825 विकास खण्डों एवं 700 से अधिक नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार तक सीमित न रहकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करने, लाभार्थियों तक पहुंचने, उनकी अपेक्षाओं को समझने तथा विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को सशक्त जनआंदोलन में परिवर्तित करने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए।